
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक और स्वतंत्रता सेनानी महामना मदन मोहन मालवीय के निधन के 68 साल बाद सोमवार को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने उन्हें देश के शीर्ष नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किया। (फोटो: रेणुका पुरी)

पिछले हफ्ते पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन दोनों को पिछले साल 24 दिसंबर को भारत रत्न देने की घोषणा हुई थी। (फोटो: रेणुका पुरी)

राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित समारोह में महामना की दो पौत्रियों हेम शर्मा और सरस्वती शर्मा व दो पौत्रों प्रेमधर मालवीय और गिरधर मालवीय सहित उनके परिजनों ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया। (फोटो: रेणुका पुरी)

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री अरुण जेटली सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद थे। समारोह में हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कांग्रेस के किसी नेता को नहीं देखा गया। (फोटो: रेणुका पुरी)

सूत्रों ने बताया कि प्रोटोकाल के अनुरूप पूर्व प्रधानमंत्री सिंह को समारोह के लिए निमंत्रण दिया गया था। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर पद्म पुरस्कार विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पंजाब के मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल और संस्कृत व्याकरण के विशेषज्ञ जगद्गुरू स्वामी रामभद्राचार्य को पद्म विभूषण से नवाजा गया। (फोटो: रेणुका पुरी)

हिंदू राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाने के लिए जाने जाने वाले मालवीय दूरदृष्टा शिक्षाविद थे जिन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की। वे हिंदू महासभा के प्रारंभिक संस्थापकों में शामिल हैं। नब्बे वर्षीय वाजपेयी की उम्र संबंधी अस्वस्थता के चलते मुखर्जी ने प्रोटोकोल से हट कर पूर्व प्रधानमंत्री के कृष्ण मेनन मार्ग स्थित निवास पर जाकर 27 मार्च को उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया था। (फोटो: रेणुका पुरी)

राष्ट्रपति की ओर से पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वालों में विख्यात वकील हरीश साल्वे, पत्रकार स्वप्न दासगुप्ता और रजत शर्मा व भारत-जापान मैत्री के पैरोकार 98 वर्षीय साइचिरो मिसुमी शामिल हैं। मिसुमी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का समर्थन किया था और जून 1943 में उनके जापान जाने पर उनकी देखभाल की थी। (फोटो: रेणुका पुरी)

इस साल 109 लोगों को पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की गई जिनमें से 43 को सम्मानित करने के लिए सोमवार को राष्ट्रपति भवन आमंत्रित किया गया, जबकि इनमें छह किन्हीं कारणों से समारोह में नहीं आए। बाकी 60 पद्म पुरस्कार विजेताओं को अगले महीने आयोजित कार्यक्रम में ये सम्मान प्रदान किए जाएंगे। (फोटो: रेणुका पुरी)