-
हिंदी सिनेमा में पिछले डेढ़ दशक में बायोपिक फिल्मों का चलन तेजी से बढ़ा है। कई बड़े सितारे अपने पूरे करियर में एक या दो बायोपिक ही कर पाते हैं, लेकिन राजकुमार राव ने इस मामले में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अब तक छह फिल्मों और वेब सीरीज में रियल-लाइफ के किरदार निभाए हैं। खास बात यह है कि आने वाले समय में उनकी झोली में दो और बड़ी बायोपिक फिल्में हैं। आइए जानते हैं उन फिल्मों और शोज के बारे में, जिन्होंने राजकुमार राव को बायोपिक का सबसे रिलायबल एक्टर बना दिया। (Stills From Films)
-
शाहिद (2012)
हंसल मेहता के निर्देशन में बनी ‘शाहिद’ राजकुमार राव के करियर की सबसे अहम फिल्मों में गिनी जाती है। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता और वकील शाहिद आजमी के जीवन पर आधारित थी। इस दमदार एक्टिंग के लिए राजकुमार राव को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) से सम्मानित किया गया। यह फिल्म आज भी उनकी बेहतरीन परफॉर्मेंस में शामिल मानी जाती है। (Still From Film) -
चिटगांव (2012)
हालांकि ‘चिटगांव’ पूरी तरह किसी एक व्यक्ति की बायोपिक नहीं है, लेकिन यह ब्रिटिश भारत के चिटगांव विद्रोह की ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित फिल्म है। इसमें मनोज बाजपेयी ने क्रांतिकारी सूर्य सेन की भूमिका निभाई, जबकि राजकुमार राव स्वतंत्रता सेनानी लोकेनाथ बल के किरदार में नजर आए। फिल्म ने इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को पर्दे पर जीवंत किया। (Still From Film) -
अलीगढ़ (2016)
हंसल मेहता की चर्चित फिल्म ‘अलीगढ़’ प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवास रामचंद्र सीरस के जीवन पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि राजकुमार राव ने वास्तविक जीवन के पत्रकार दीपू सेबेस्टियन एडमंड का किरदार निभाया। उनका अभिनय फिल्म की कहानी को मजबूती देता है। (Still From Film) -
बोस: डेड/अलाइव (2017)
एकता कपूर द्वारा निर्मित और पुलकित निर्देशित इस वेब सीरीज में राजकुमार राव ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का किरदार निभाया। नौ एपिसोड की यह सीरीज नेताजी की रहस्यमयी गुमशुदगी और उनके जीवन के कई अनछुए पहलुओं को सामने लाती है। यह सीरीज अनुज धर की किताब ‘इंडियाज बिगेस्ट कवर-अप’ पर आधारित है। (Still From Film) -
ओमेर्टा (2017)
हंसल मेहता के निर्देशन में बनी ‘ओमेर्टा’ एक बायोग्राफिकल क्राइम ड्रामा है। इसमें राजकुमार राव ने ब्रिटिश-पाकिस्तानी आतंकवादी अहमद उमर सईद शेख की भूमिका निभाई थी। यह किरदार बेहद चुनौतीपूर्ण था और राजकुमार ने अपने अभिनय से इसे प्रभावशाली बनाया। (Still From Film) -
श्रीकांत (2024)
‘श्रीकांत’ दृष्टिबाधित उद्योगपति श्रीकांत बोला, जो बोलैंट इंडस्ट्रीज के संस्थापक हैं, के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित फिल्म है। तुषार हीरानंदानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजकुमार राव ने मुख्य भूमिका निभाई और उनके प्रदर्शन को काफी सराहना मिली। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्टर का पुरस्कार भी मिला। (Still From Film) -
अब आएंगी दो और बड़ी बायोपिक फिल्में
प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी (2026)
राजकुमार राव जल्द ही वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण कर रहे हैं। यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में सरकारी वकील रहे उज्ज्वल निकम की पेशेवर यात्रा को दिखाएगी। फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। (Still From Film) -
दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी (2027)
इसके बाद राजकुमार राव भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा’ में दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं। क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी उत्साह है। यह फिल्म 1 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। (Still From Film)
(यह भी पढ़ें: दोस्ती, जुनून और जिंदगी को जीने का संदेश देती हैं ये 6 शानदार फिल्में, हर कहानी देगी नई सीख)