पुरुषों ने दावा किया कि हमने स्त्रियों को ये अधिकार दिए। स्त्रियों ने कहा कि हमें अधिकार देने का जो तुम्हें अधिकार मिला है, वही राजनीति बदलनी है। स्त्रियों ने कहा, ऐतिहासिक गैरबराबरी को ध्यान में रखते हुए संसद में 33 फीसद आरक्षण दो। पुरुषों ने कहा, ठहरो जरा परिसीमन कर सीटें ज्यादा कर लेने दो। स्त्रियों ने सड़क पर अधिकार मांगे तो पुरुषों ने कहा पीछे देखो…गार्गी-मैत्रेयी…स्त्रियों ने कहा, तुम्हारा इतिहास असंख्य और हमारे हिस्से चंद नाम? नेहा बोरा जब राजनीतिक नारे लगाती हैं तो पितृसत्ता सोशल मीडिया की भीड़ का ध्यान उनके शरीर पर टिका देती है। नेहा सिंह राठौड़ की आवाज रोकने के लिए उनके खिलाफ ऐसी फर्जी खबर चलाई गई जो किसी माफी के लायक नहीं है। प्रदर्शन के दौरान नारे लगाती नेहा बोरा कीएक तस्वीर को इतने गंदे ‘कैप्शन’ के साथ जारी किया गया कि हम यह स्तंभ लिखने के लिए मजबूर हुए। क्या लड़कियों को लेकर हमारे घरों की मानसिकता ऐसी हो गई है? तोरा घर दर्पण कहलाए। इस दर्पण में जो हमारी स्त्री विरोधी छवि दिख रही उसे दिखाता बेबाक बोल।

हिजाब-ए-फित्ना-परवर अब उठा लेती तो अच्छा था
खुद अपने हुस्न को पर्दा बना लेती तो अच्छा था…
तिरे माथे पे ये आंचल बहुत ही खूब है लेकिन
तू इस आंचल से एक परचम बना लेती तो अच्छा था

मजाज लखनवी ने 1930 के दशक में ‘नौजवान खातून’ के नाम ये लिखा था तो उन्होंने सोचा न होगा कि इक्कीसवीं सदी में जब नौजवान खातूनें अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी मांगने के लिए सड़कों पर निकलेंगी, संसद तक पहुंचेंगी तो देश का मिजाज कितना बदल चुका होगा। इन नौजवान खातूनों को इसलिए धिक्कारा जाएगा कि तू आंचल को भूल कर राजनीति का परचम लहरा रही है। सड़क पर राजनीति करने निकलीं लड़कियों के साथ इतना दैहिक दुर्व्यवहार होगा कि उन्हें परचम को आंचल बनाने के लिए मजबूर किया जाएगा।

सोनिया गांधी, नेहा बोरा, नेहा सिंह राठौड़, कंगना रनौत, प्रियंका गांधी, प्रियंका भारती, कंचना यादव, स्वरा भास्कर और इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी। ये सभी स्त्रियों के नाम हैं और सभी अलग-अलग राजनीतिक विचाराधारा की अगुआई करती हैं। इन सभी में एक समानता है। जब भी ये संसद से लेकर सड़क तक अपनी आवाज बुलंद करती हैं तो हर राजनीतिक विचारधारा का मर्दवाद इन्हें एक शरीर मान कर खारिज करने की साजिश करता है। इस खारिज करने में आनलाइन माध्यमों पर बलात्कार करने की ‘इच्छा’ से लेकर ‘धमकी’ तक शामिल है।

इस ‘इच्छा’ और ‘धमकी’ से राजनीति के शीर्ष पर पैठे पितृ-पक्ष को कोई सांस्कृतिक झटका भी नहीं लगता है। नेहा बोरा और कंगना रनौत राजनीतिक स्तर पर दो विपरीत ध्रुव हैं। इनकी राजनीति पर सवाल उठाने वाले मर्दों की एकध्रुवीय भाषा है, इनके शरीर को लक्षित कर इन्हें ‘शर्मसार’ करने की। जिन शब्दों को लिखते हुए किसी की हाथ की अंगुलियों को ‘हृदयाघात’ हो जाना चाहिए था, वे शब्द स्त्री राजनीतिकों को शर्मसार करने की खुशफहमी में लिखे जाते हैं। इन्हें देख कर लगता है कि हर राजनीतिक दल की विचारधारा में स्त्रीद्वेष का पाठ्यक्रम अहम होता है। खास कक्षाएं लगा कर उनके अंदर स्त्रियों की राजनीतिक आवाज के खिलाफ विष का संचार किया जाता है।

तकनीक मनुष्य को सभ्य बनाती है…विज्ञान की इस खुशफहमी को भी पितृसत्ता ने धता बता दिया और एलान किया कि हम यहां असभ्यता का नया अध्याय लिखेंगे। पहले फेसबुक आया और बाद में ‘प्रोफाइल लाक’ करने का भी विकल्प आया। अक्सर फेसबुक पर उन स्त्रियों का मजाक उड़ाया जाता है जो अपने खाते की तालाबंदी करके रखती हैं। लेकिन जब राजनीतिक रूप से मुखर स्त्रियों की टीप-टोकरी का अध्ययन करेंगे तब पता चलेगा कि स्त्रियां अपने खाते की तालाबंदी क्यों कर लेती हैं। इंटरनेट माध्यमों की उपयोगिता ज्यादा से ज्यादा संचारित होने में है तो भला फेसबुक को खाते की तालाबंदी का विकल्प देना ही क्यों पड़ा? क्योंकि सोशल मीडिया पर महिलाएं मुखर होकर पितृसत्ता को चुनौती देने लगी थीं।

सोशल मीडिया ने वैचारिक अभिव्यक्ति के मामले में महिलाओं को खुद-मुख्तार बनाया। सोशल मीडिया पर स्त्रियों ने जब खुद को दर्ज करना शुरू किया तो वह पितृसत्ता का नया मर्ज बन गया। फिर निशाना बनी स्त्रियों के खातों की टीप-टोकरी और ‘इनबाक्स’। आज आप नेहा बोरा और नेहा सिंह राठौड़ की किसी पोस्ट की टिप्पणी वाले हिस्से को जाकर देखिए। वहां दर्ज टिप्पणियां स्त्रियों को लेकर बजबजाती मानसिकता का संग्रहालय हैं। स्वरा भास्कर की शादी से लेकर उनकी संतान और उनकी शारीरिक स्थिति पर ऐसी वीभत्स टिप्पणियां दर्ज हैं कि कोई आम स्त्री मानसिक अवसाद में चली जाए।

हालांकि यह इस बात को भी दर्ज करता है कि पुरुषों के एक बड़े वर्ग को मानसिक इलाज की कितनी सख्त जरूरत है।नेहा बोरा की सड़क पर आवाज बुलंद करतीं और पुलिसकर्मियों से शारीरिक मुठभेड़ की तस्वीरों को जिस तरह यौनिक कुक्रियायों से जोड़ा गया वह इंटरनेट पर सोशल मीडिया के ‘सामुदायिक स्तर’ को गर्वित कर रहा है। स्त्री के शरीर को गाली भी इंटरनेट के बाजार के लिए मुनाफे का सौदा है, वरना इन दिनों कुछ खास राजनीतिक तथ्य, नाम लिखते ही आपकी सोशल मीडिया की पहुंच को पाताल में पहुंचा दिया जाएगा, लेकिन नेहा बोरा की छेड़छाड़ की गई तस्वीरें, उनके शरीर पर भाषिक हिंसा वाली पोस्ट आपको इतनी बार दिखाई देगी कि एक आम आदमी के दिमाग में युवा नेता की वही छवि बस जाएगी। अपने राजनीतिक भाषणों के इतर नेहा भद्दे मीम्स के दायरे में सिमटा दी जाएंगी।

संसद, सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक स्त्रियों की मौजूदगी को उनके शरीर तक महदूद रखने का असर यह होता है कि आगे कोई आम लड़की नेहा बोरा की तरह सड़क पर जूझने से परहेज करेगी। उसे यह चिंता होगी कि कल सोशल मीडिया पर उसके शरीर को कैसे दिखाया जाएगा। वह राजनीतिक परचम उठाने से पहले अपने आंचल की दुरुस्तगी पर ध्यान देगी। एआइ के जरिए उसकी तस्वीरों के साथ क्या किया जाएगा, इसी खौफ से वह घर में महफूज रहना चुन लेगी।

मजाज कह गए कि तू अपने आंचल का परचम बना लेती…जून 2026 के जंतर मंतर के प्रदर्शन के बाद हालत यह हुई कि लड़कियां प्रदर्शन में ‘मास्क’ पहन कर आने लगीं ताकि उनकी राजनीतिक विचारधारा देख कर उनकी तस्वीरों के साथ किसी तरह की छेड़खानी नहीं की जाए।
राजनीतिक प्रतिबद्धता कितनी मर्दवादी होती है इसका सबूत ‘रचनात्मक कांग्रेस’ में दिखा था। इसमें इटली की प्रधानमंत्री के खिलाफ मर्दवादी तरीके से ‘रचनात्मक’ टिप्पणी की गई थी। जाहिर सी बात है कि वह सोशल मीडिया के वायरल बच्चे की तरह ‘मेरे मुंह ते नितल गई’ वाला मामला नहीं था। इंसान की जुबानका उसके दिमाग से राब्ता होता है।

अगर आपका दिमाग स्त्रियों को राजनीति में सिर्फ एक शरीर के तौर पर देखेगा तो आपके मुंह से यह सब निकलता ही रहेगा। इसके बाद बस यही तुलना रह जाती है कि देखो हमारे वक्त तुमने इतना गंदा बोला था, हमने तो कम गंदा बोला है। स्त्री राजनीतिकों को गंदा और कम गंदा में ही संतोष करना होगा। वाम विचारधारा की स्त्रियों के लिए दक्षिण की तरफ से और दक्षिण विचारधारा वाली के लिए वाम की तरफ से। बाकी ‘सेंट्रल’ के लिए चौतरफा।

संसद में 33 फीसद महिला आरक्षण लागू होने वाला है और सड़क पर निकली स्त्रियों की राजनीति को उनके शरीर से जोड़ दिया जाता है। उनके कपड़े, उनकी आवाजाही, उनके संबंध। सभी की चीड़फाड़ होने लगती है। बाकी पुरुष तो ‘मैं अविवाहित हूं कुंवारा नहीं’ कह कर भी राजनीति के शीर्षअटल पूज्य बने रह सकते हैं।

नेहा बोरा एक प्रतीक हैं। जनता का ध्यान उनके क्रांतिकारी नारे से हटा कर शरीर पर लगा दिया गया है। स्त्रियों के संदर्भ में राजनीतिक आलोचना को यौनिक अपमान के समकक्ष बनाने की कोशिश की जा रही है ताकि 33 फीसद आरक्षित होने के बाद भी संसद में वही स्त्रियां प्रवेश कर सकें जो पितृसत्ता को रक्षित करें। स्त्रियों को तो अभी यह लड़ाई लड़नी है कि राजनीति में 33 फीसद उनके लिए सौ फीसद शरीर में न बदले।