यह व्यावहारिक तथ्य है कि लोकप्रियता अपने साथ जिम्मेदारी भी लाती है। फिल्मी दुनिया हो या खेल जगत, राजनीति का पटल हो, समाज सुधार से जुड़े चर्चित व्यक्तित्व- कमोबेश सभी क्षेत्रों से जुड़े सफल चेहरों की बातें और बर्ताव न केवल चर्चा का विषय बनते हैं, बल्कि उनका अनुसरण करने की मानसिकता भी खूब देखने को मिलती है। विशेषकर युवाओं पर उनकी हर गतिविधि का असर होता है। लोकप्रिय चेहरों की ओर से आमजन को प्रभावित करने के इस मोर्चे पर फिल्मी सितारे सबसे आगे होते हैं।

यहां तक कि परदे पर दिखती कोई भूमिका भी लोगों के मन में उतर जाती है। उनके व्यक्तिगत जीवन की बातों का भी आमजन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। वर्तमान में सोशल मीडिया की बढ़ती पहुंच के कारण फिल्मी सितारों के माध्यम से आभासी मंचों पर परोसी गई सामग्री भी युवाओं के मानस पर दस्तक देने लगी है। पल-पल सामने आते अपने पसंदीदा चेहरों द्वारा किए गए विज्ञापन बहुत सरलता से उन्हें किसी बुरी लत, नकारात्मक बर्ताव या जीवन को असहज करने वाली आदत का अनुसरण करने के मार्ग पर धकेल देते हैं।

सेहत से खिलवाड़ करने वाले उत्पादों का प्रचार करते ही क्यों हैं?

पिछले दिनों राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फिल्मी कलाकारों से आग्रह किया कि वे ऐसी चीजों का प्रचार न करें, जिनसे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। जाहिर है, लोकप्रिय चेहरों का हानिकारक उत्पादों का प्रचार करना पूरी सामाजिक व्यवस्था पर असर डालता है। यही कारण है कि सोच-समझकर पूरे योजनागत ढंग से चर्चित हस्तियों को ऐसे प्रचार का हिस्सा बनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से भी कहा जा चुका है कि दुनिया भर में हर साल तंबाकू उत्पादों के सेवन से लगभग अस्सी लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है। आम लोगों को बहकाने के लिए विज्ञापन रणनीतियों का सहारा लिया जाता है, जिन पर अरबों रुपये खर्च किए जाते हैं।

इसमें दोराय नहीं कि नामी-गिरामी हस्तियों की खास छवि की जनमानस में गहरी पैठ होती है। जन-कल्याण से जुड़ी सजगता का संदेश देने वाले विज्ञापन हों या विशुद्ध व्यावसायिक उत्पादों का प्रचार, लोकप्रिय चेहरों की पहुंच और प्रभाव दोनों असरकारी साबित होते हैं। यही वजह है कि कंपनियां मोटी धनराशि चुकाकर इन सितारों को अपने उत्पादों के प्रचार के लिए चुनती हैं। इससे मिलने वाली रकम के लालच में अधिकतर चर्चित चेहरे बिना किसी मापदंड के किसी भी उत्पाद या सेवा के उपयोग की सलाह देते दिखाई पड़ते हैं। ऐसे में किसी प्रचार के माध्यम से समाज को संदेश देने से पहले उसके असर को समझना लोकप्रिय चेहरों का दायित्व होना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट और डब्ल्यूएचओ ने भी पहले चेताया है

आज की बदलती जीवनशैली में स्थान बना चुके बहुत से उत्पादों-सेवाओं के नुकसान किसी से छिपे नहीं हैं। विशेषकर मादक पदार्थों, शीतल पेय और अन्य तरह की ऑनलाइन गतिविधियों के खतरे जग-जाहिर हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने भी कुछ समय पहले तंबाकू उत्पादों की खुलेआम बिक्री पर कड़ी नाराजगी जताई थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कई बार चेताया है कि धीमा जहर कहे जाने वाले तंबाकू उत्पाद कई जानलेवा बीमारियों की जड़ हैं।

शराब की आदत भी दुर्घटनाओं और अपराधों के आंकड़े बढ़ाने से लेकर स्वास्थ्य बिगाड़ने तक कई जोखिम साथ लाती है। ऐसे में लोकप्रिय सितारों को जनता से मिले प्रेम, सराहना और विश्वास के भाव की अनदेखी करने के बजाय अपने दायित्व को समझना चाहिए। उन्हें हानिकारक उत्पादों का प्रचार कर उनका बाजार बढ़ाने की वकालत करने का रास्ता चुनने से बचना चाहिए।

कलाकारों को अपने प्रभाव के साथ ही कानून का सम्मान करते हुए किसी उत्पाद, व्यवहार या आदत का प्रचार करते समय अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं कि प्रचार की मायावी दुनिया का खेल ही छलावे के दम पर चलता है। आमतौर पर इस छलावे का शिकार उपभोक्ता बनते हैं। गौर करने वाली बात है कि फिल्म और मनोरंजन जगत के जिन चर्चित चेहरों को लेकर उत्पाद या सेवा को प्रचारित किया जाता है, वे स्वयं इसका इस्तेमाल नहीं करते।

विशेषकर तब, जब कोई उत्पाद स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो। यह दुखद है कि उत्पादों-सेवाओं के प्रचार को लेकर किसी भी तरह की जिम्मेदारी की भावना कभी रही ही नहीं। यही वजह है कि हिंदी सिनेमा के कई सितारे पान मसाला और कई अन्य हानिकारक उत्पादों का प्रचार वर्षों से करते आ रहे हैं। कानूनी तौर पर भी ऐसे प्रचार को लेकर कार्रवाई बहुत कम देखने को मिलती है।

व्यावसायिक सोच वाली रणनीति के अंतर्गत चर्चित हस्तियों के करिश्माई व्यक्तित्व का इस्तेमाल एक बड़ी आबादी तक चीजों की पहुंच बनाने के लिए किया जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के विज्ञापनों में फिल्मी दुनिया के लोकप्रिय चेहरे छाए रहते हैं। हालांकि, इस सबकी वजह से देश में भ्रमित करने वाले विज्ञापनों को लेकर लंबे समय से बहस जारी है, लेकिन इस समस्या के जमीनी स्तर पर समाधान के लिए प्रभावी उपाय कहीं नजर नहीं आते हैं।

ऐसे में उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले भ्रामक प्रचार को लेकर जवाबदेही तय करना आवश्यक है। इसी बाबत खाद्य, उपभोक्ता मामलों और सार्वजनिक वितरण से जुड़ी संसदीय समिति ने चर्चित हस्तियों की जिम्मेदारी तय करने की वकालत की थी। समिति की ओर से सुझाव दिया गया था कि नए कानून में विज्ञापन की साफ-सुथरी परिभाषा दी जानी चाहिए। कानून में तंबाकू उत्पादों का प्रचार करने पर कड़े प्रावधान हैं, मगर इन्हें प्रभावी तरीके से लागू करने की जरूरत है। साथ ही आमजन को भी चाहिए कि लोकप्रिय चेहरों की बातों-बर्ताव को व्यावहारिक एवं व्यावसायिक धरातल पर जांच-परख कर ही वस्तुओं एवं सेवाओं का चयन करें।