इस वर्ष बारिश में गिरावट की वजह से भावी संकट को लेकर बढ़ती फिक्र स्वाभाविक है। मगर फिलहाल चिंता का कारण केवल बारिश नहीं, बल्कि जमीन पर उपलब्ध पानी को संभालने की हमारी घटती क्षमता है। देश के प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से नीचे जाना और दूसरी ओर उन्हीं जलाशयों की भंडारण क्षमता का गाद के कारण लगातार कम होते जाना आने वाले समय के लिए गंभीर संकेत है। सवाल यह नहीं है कि मानसून इस बार कितना अच्छा रहा, बल्कि बड़ा सवाल यह है कि मानसून से मिलने वाले पानी को हम कितना बचा पाए।

गौरतलब है कि केंद्रीय जल आयोग 166 प्रमुख जलाशयों के जलस्तर की नियमित निगरानी करता है। इन जलाशयों की कुल क्षमता 183.565 अरब घन मीटर है। मध्य-मई की स्थिति के अनुसार इनमें करीब 63 बीसीएम पानी ही बचा था। यानी लगभग 34.45 फीसद। इससे स्पष्ट है कि गर्मी के चरम दौर में देश के प्रमुख जलाशयों का लगभग दो-तिहाई भंडारण खाली हो चुका था। कई राज्यों में स्थिति इससे भी अधिक चिंताजनक रही और अनेक बांधों में पानी काफी कम हो गया।

यह स्थिति इसलिए महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि जलाशय केवल पानी जमा करने की जगह नहीं हैं। उनसे खेतों की सिंचाई होती है, शहरों और गांवों को पेयजल मिलता है तथा बिजली का उत्पादन भी होता है। जलाशयों में पानी कम होने का अर्थ है कि कृषि, पेयजल और ऊर्जा पर एक साथ दबाव बढ़ना। गर्मी के दिनों में पानी की मांग स्वाभाविक रूप से बढ़ती है। अगर मानसून आने में देरी होती है या वर्षा सामान्य से कम या असमान रहती है, तो यह दबाव और अधिक बढ़ सकता है।

देश की जल समस्या का शायद सबसे गंभीर और अपेक्षाकृत कम चर्चित पहलू जलाशयों में लगातार बढ़ती गाद है। केंद्रीय जल आयोग द्वारा तैयार भारत में जलाशयों में गाद जमाव संबंधी संकलन-2024 में 548 जलाशयों के आंकड़ों का अध्ययन किया गया, जिनमें से 439 जलाशयों के आंकड़े विश्लेषण के लिए उपयुक्त पाए गए। एक अध्ययन के अनुसार, गाद जमने के कारण इन जलाशयों की सकल भंडारण क्षमता में औसतन 19.24 फीसद की कमी आ चुकी है। वहीं, जलाशयों की भंडारण क्षमता में प्रत्येक वर्ष औसतन 0.74 फीसद की कमी दर्ज की जा रही है।

यह आंकड़ा भविष्य की भयावह तस्वीर समझने के लिए पर्याप्त है। अगर जलाशय में पानी पहुंचाने वाली नदियां और बरसाती धाराएं अपने साथ मिट्टी एवं तलछट लाती रहें तथा जलाशयों में गाद जमा होती रहे, तो कुछ वर्षों बाद अच्छी बारिश होने पर भी हमारे पास पानी रखने की पर्याप्त क्षमता नहीं होगी। यानी एक तरफ वर्षा की अनिश्चितता और दूसरी तरफ घटती भंडारण क्षमता। यह दोहरी चुनौती है।

यह समस्या पुराने जलाशयों में अधिक गंभीर हो सकती है। नेशनल रजिस्टर ऑफ स्पेसिफाइड डैम्स-2025 के अनुसार देश में 6,628 बड़े बांध हैं। इनमें से 1,681 बांध 50 वर्ष से अधिक पुराने हैं और 291 बांध सौ वर्ष से भी अधिक पुराने हैं। यानी देश के लगभग 26 फीसद बांध आधी सदी से अधिक पुराने हैं। उम्र अपने आप में किसी बांध को असुरक्षित नहीं बनाती, लेकिन समय बीतने के साथ संरचनात्मक रखरखाव, जलाशय की क्षमता, गाद और जलग्रहण क्षेत्र में बदलाव की नियमित समीक्षा जरूरी है।

गाद की समस्या का समाधान केवल जलाशय से गाद निकालने तक सीमित नहीं हो सकता। दरअसल, गाद का बड़ा स्रोत जलग्रहण क्षेत्र में मिट्टी का कटाव है। इसलिए पहाड़ियों और नदी घाटियों में वनों की कटाई, भूमि क्षरण, अवैज्ञानिक खेती, निर्माण गतिविधियों और जलग्रहण क्षेत्रों के कमजोर प्रबंधन को रोकना भी उतना ही आवश्यक है। अगर ऊपर की मिट्टी को बहने से नहीं रोका गया, तो नीचे जलाशयों से गाद निकालने का काम लगातार चलता रहेगा और समस्या कभी खत्म नहीं होगी।

कृषि क्षेत्र में भी दृष्टिकोण बदलना होगा। भारत में पानी का सबसे बड़ा उपयोग कृषि में होता है। ऐसे में कम पानी में अधिक उत्पादन की दिशा में फसल विविधीकरण, सूक्ष्म सिंचाई, ‘ड्रिप’ और ‘स्प्रिंकलर’ जैसी तकनीकों का विस्तार जरूरी है। जिस क्षेत्र में पानी सीमित है, वहां अत्यधिक जल मांग वाली फसलों को बढ़ावा जल संकट को बढ़ाएगा।

वर्ष 2025 के दौरान देश में बांधों का मानसून पूर्व और उसके बाद निरीक्षण किया गया। इसमें तीन बांधों को सबसे गंभीर श्रेणी-एक तथा 216 बांधों को श्रेणी-दो में रखा गया। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि बांधों की सुरक्षा को केवल उनके निर्माण के समय ही नहीं, बल्कि उनकी पूरी समयावधि के दौरान प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। नियमित निरीक्षण, समयबद्ध रखरखाव और आवश्यकता अनुसार पुनर्वास से ही बांधों की सुरक्षा और उनकी उपयोगिता लंबे समय तक सुनिश्चित की जा सकती है।

भारत ने बांध सुरक्षा अधिनियम, 2021 और बांध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना जैसे कदमों से इस दिशा में संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया है। अब जरूरत इस बात की है कि इन व्यवस्थाओं का प्रभाव राज्यों और स्थानीय स्तर पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे। प्रत्येक बड़े बांध के लिए नियमित निरीक्षण, समयबद्ध रखरखाव, आपातकालीन कार्ययोजना, जलाशय की वास्तविक भंडारण क्षमता का आकलन तथा गाद प्रबंधन को अनिवार्य रूप से जल प्रबंधन व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

दरअसल, जल संकट का स्थायी समाधान केवल अच्छी बारिश नहीं है। मानसून अच्छा हो, तो भी यदि हम पानी को रोक नहीं पाए और जलाशयों की क्षमता घटती रही तथा भूजल का अत्यधिक दोहन जारी रहा, तो अगले कुछ वर्षों में समस्या गंभीर रूप से हमारे सामने खड़ी होगी। दूसरी ओर, अगर मानसून कमजोर रहा, तो मौजूदा जल भंडारण की सीमाएं और स्पष्ट हो जाएंगी। इसलिए मानसून का इंतजार अपनी जगह है, लेकिन जल प्रबंधन को मानसून से अलग एक निरंतर राष्ट्रीय अभियान बनाना होगा। जलाशयों की निगरानी केवल जलस्तर मापने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वास्तविक भंडारण क्षमता, गाद की मात्रा, जलग्रहण क्षेत्र और भविष्य की जल मांग का भी नियमित आकलन होना चाहिए।

इस समस्या पर सबसे बड़ी जरूरत सोच बदलने की है। पानी को असीमित प्राकृतिक संसाधन मानने के बजाय सीमित और मूल्यवान संपदा समझना होगा। जिस पानी को आज हम व्यर्थ बहने देते हैं, वही कल खेत, गांव, शहर और उद्योग के लिए जीवनरेखा बन सकता है।

देश के पास बांधों का विशाल नेटवर्क है। इसकी संग्रहण क्षमता 253.95 अरब घन मीटर है। यह क्षमता हमारी बड़ी ताकत है, लेकिन इसकी उपयोगिता तभी कायम रहेगी, जब हम जलाशयों की उम्र, गाद और घटती क्षमता को गंभीरता से लें। आज जरूरत नए जलाशय गिनने से अधिक मौजूदा जलाशयों की बची हुई क्षमता बचाने की है।

जल सुरक्षा केवल बारिश से नहीं आएगी। इसके लिए जलग्रहण क्षेत्रों का संरक्षण, गाद नियंत्रण, पुराने बांधों का पुनर्वास, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग को एक साझा राष्ट्रीय कार्यक्रम बनाना होगा। आखिरकार सवाल यह नहीं है कि आसमान से कितना पानी बरसेगा। सवाल यह है कि धरती पर गिरने वाली हर बूंद में से हम कितनी बूंदें आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेज पाएंगे।