भारतीय क्रिकेट में किसी युवा खिलाड़ी की एंट्री अक्सर सिर्फ एक नई शुरुआत नहीं होती, बल्कि किसी स्थापित खिलाड़ी के लिए एक चुनौती भी लेकर आती है। वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में ट्राई नेशन ए वनडे सीरीज 2026 में जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने चयनकर्ताओं के सामने एक दिलचस्प सवाल खड़ा कर दिया है।
सवाल अब यह नहीं है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के भविष्य हैं या नहीं। बड़ा सवाल यह है कि अगर इस युवा बल्लेबाज को टी20 टीम में मौका मिलता है तो वह जगह किसकी होगी? मौजूदा विकल्पों में दो नाम अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। आंकड़े बताते हैं कि यह मुकाबला सिर्फ नामों का नहीं, बल्कि भूमिकाओं का भी है।
वैभव के आंकड़े दे रहे हैं बड़ा संकेत
जनवरी 2025 से टी20 क्रिकेट में रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में वैभव सूर्यवंशी पहले ही खुद को स्थापित कर चुके हैं। जनवरी 2025 से 21 जून 2026 तक टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में वैभव सूर्यवंशी दूसरे नंबर पर हैं।
अभिषेक शर्मा: 69 मैच, 68 पारियां, 2488 रन
वैभव सूर्यवंशी: 33 मैच, 33 पारियां, 1464 रन
संजू सैमसन: 43 मैच, 43 पारियां, 1389 रन
आंकड़े बताते हैं कि वैभव ने कम मैचों में ही संजू से ज्यादा रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी आधुनिक टी20 की जरूरत के अनुसार सबसे बड़ा हथियार है। IPL में भी उन्होंने रिकॉर्डतोड़ आक्रामक बल्लेबाजी से अपनी पहचान बनाई है, लेकिन सिर्फ रन देखकर फैसला करना आसान नहीं होगा।
अभिषेक शर्मा: वैभव सूर्यवंशी से सीधी टक्कर
अगर भूमिका की बात करें तो वैभव की सबसे सीधी टक्कर अभिषेक शर्मा से बनती है। दोनों बाएं हाथ के ओपनर हैं। दोनों पावरप्ले में मैच का रुख बदल सकते हैं। दोनों का खेल जोखिम लेने और गेंदबाजों पर दबाव बनाने वाला है। अभिषेक के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क उनका अनुभव है।
वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित कर चुके हैं और पिछले कुछ समय में भारत के आक्रामक टी20 बल्लेबाजी मॉडल का अहम हिस्सा रहे हैं, लेकिन चुनौती यह है कि वैभव उसी भूमिका के लिए दावा कर रहे हैं और उनके आंकड़े भी कमजोर नहीं हैं। अगर टीम मैनेजमेंट भविष्य को प्राथमिकता देता है तो ओपनिंग स्लॉट में सबसे बड़ा सवाल अभिषेक बनाम वैभव हो सकता है।
संजू सैमसन: अनुभव, विकेटकीपिंग और मध्यक्रम का विकल्प
संजू सैमसन की सबसे बड़ी चुनौती, टी20 क्रिकेट में प्रतिभा के बावजूद लंबे समय तक अपनी जगह को स्थायी बनाने के लिए निरंतर प्रदर्शन की जरूरत रही है। हालांकि, उनका मामला थोड़ा अलग है। संजू सैमसन ओपनिंग भी करते हैं, लेकिन वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। मतलब लेफ्ट-राइट कॉम्बीनेशन भी संजू के पक्ष में जाता है।
एक और सकारात्मक बात यह है कि वह विकेटकीपिंग भी करते हैं यानी स्पेशलिस्ट विकेटकीपर की भी भूमिका अदा करते हैं। इसके अलावा अनुभव भी उन्हें महत्वपूर्ण बनाता है। अगर भारत वैभव को ओपनिंग में लाता है तो संजू सैमसन को हटाने का मतलब सिर्फ एक बल्लेबाज को बाहर करना नहीं, बल्कि टीम के संतुलन में बदलाव करना होगा।
पिछले आंकड़ों में संजू के रन भले ही अभिषेक और वैभव से कम हैं, लेकिन उनकी भूमिका कई बार अलग रही है। मध्यक्रम, विकेटकीपिंग और मैच फिनिश करने की जिम्मेदारी उन्हें अलग तरह का खिलाड़ी बनाती है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव, अलग परिस्थितियों और बड़े मुकाबलों का अनुभव वैभव के पास अभी नहीं है। अगर भारत वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करता है तो संजू की जगह पर तभी असर पड़ेगा जब टीम विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका में बदलाव करने का फैसला करे।
तो किसकी जगह खतरे में ज्यादा है?
आंकड़ों और भूमिका को साथ रखकर देखें तो वैभव की एंट्री से सबसे ज्यादा सीधी चुनौती अभिषेक शर्मा को मिलती है, क्योंकि दोनों का स्लॉट लगभग एक है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं कि संजू सुरक्षित हैं। टी20 क्रिकेट में टीम हमेशा उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता देती है जो एक से ज्यादा भूमिका निभा पाए और लगातार प्रभाव डालें।
भारतीय क्रिकेट का इतिहास बताता है कि युवा प्रतिभाओं को सिर्फ मौका देना काफी नहीं होता, सही समय पर सही भूमिका देना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। भारतीय टीम के सामने असली चुनौती यह नहीं है कि वैभव को कैसे शामिल किया जाए। असली चुनौती यह है कि इतने सारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में संतुलन कैसे बनाया जाए, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ भविष्य की कहानी नहीं हैं।
वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन ने उन्हें वर्तमान की बहस में ला दिया है। जब 15 साल का खिलाड़ी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे स्थापित नामों के साथ चर्चा में आ जाए तो समझना होगा कि भारतीय क्रिकेट में बदलाव दस्तक दे चुका है। वैभव सूर्यवंशी ने दरवाजा जरूर खटखटा दिया है। अब देखना यह है कि भारतीय टीम उस दरवाजे को कितना जल्दी खोलती है और किसकी जगह।
मां बनने के बाद मैदान पर कैसे वापसी कर सकती हैं महिला क्रिकेटर? ICC ने बनाई दिशा निर्देश
महिला क्रिकेटरों के लिये ‘रिटर्न टू प्ले पोस्ट प्रेगनेंसी गाइडलाइंस’ में छह ‘आर’ढांचा बनाया गया है। इसमें जिसमें रेडी,रिव्यू, रेस्टोर, रिकंडीशन,रिटर्न और रिफाइन शामिल हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
