सही है कि आज का जीवन तकनीक के बिना अधूरा है। सुबह आंख खुलते ही मोबाइल सामने होता है और दिन का काम कंप्यूटर, इंटरनेट तथा दूसरे डिजिटल उपकरणों के सहारे आगे बढ़ता है। घर हो या कार्यालय, गांव हो या महानगर, विद्यार्थी हो या बुजुर्ग, तकनीक आधुनिक जीवन की सामान्य जरूरत बन चुकी है। विज्ञान ने हमारी दुनिया को केवल बदला नहीं, उसकी गति और जीवन-शैली दोनों को बदल दिया है। तकनीक अपने आप में न वरदान है, न अभिशाप। उसका स्वरूप उसके उपयोग से तय होता है। वही विस्फोटक शक्ति खनन में उपयोगी हो सकती है और विनाश का कारण भी। इसलिए सवाल तकनीक के होने का नहीं, उसके विवेकपूर्ण इस्तेमाल का है।

इस बदलाव का सबसे प्रभावशाली उदाहरण मोबाइल फोन है। कभी दूर बैठे व्यक्ति का हाल जानने के लिए चिट्ठी का इंतजार करना पड़ता था। फिर टेलीफोन आया और अब मोबाइल ने आवाज के साथ तस्वीर, समाचार, पुस्तक, बाजार, बैंक, शिक्षा और मनोरंजन सबको जेब में समेट लिया है। कुछ स्पर्शों में टिकट बुक हो जाता है, पैसे का लेन-देन हो जाता है, किसी रास्ते का पता मिल जाता है और दुनिया के किसी भी कोने में बैठे व्यक्ति से बातचीत संभव हो जाती है। शिक्षा और चिकित्सा में भी इसका उपयोग दूरियां घटाता है। विद्यार्थी घर बैठे ज्ञान के विविध स्रोतों तक पहुंच सकता है, विशेषज्ञों से जुड़ सकता है। इस अर्थ में आधुनिक तकनीक केवल सुविधा के उपकरण नहीं, मनुष्य की क्षमताओं के विस्तार के साधन हैं।

समस्या तब शुरू होती है, जब साधन धीरे-धीरे जीवन का संचालक बन जाए। मोबाइल हाथ में होना आवश्यकता है, हर क्षण उसे देखते रहना आदत। इंटरनेट ज्ञान का माध्यम है, पर लगातार स्क्रीन पर बने रहना निर्भरता। यही वह बिंदु है, जहां सुविधा हमारे व्यवहार को बदलने लगती है। आज घर का दृश्य इस बदलाव को साफ दिखाता है। परिवार साथ बैठा है, मगर हर व्यक्ति अपनी स्क्रीन में व्यस्त है। भोजन की मेज पर बातचीत के बीच मोबाइल है। बच्चे मैदान से अधिक स्क्रीन पर दिखाई देते हैं। पति-पत्नी, मित्र और परिवारजन एक-दूसरे के सामने होते हुए भी अपने-अपने आभासी संसार में मौजूद रहते हैं।

हमने संवाद के साधन बढ़ाए हैं, लेकिन संवाद के अवसर घटा दिए हैं। कभी घर की बैठक, मोहल्ले की चौपाल, चाय की दुकान या शाम की टहल सामाजिक जीवन के सहज स्थल थे। वहां खबर केवल सुनाई नहीं जाती थी, साझा की जाती थी। सुख-दुख केवल संदेश नहीं होते थे, उनमें लोग शरीक होते थे। आज संपर्क बहुत है, पर सहभागिता कम होती जा रही है। दुनिया के दूसरे छोर की खबर तुरंत मिल जाती है, लेकिन पास बैठे व्यक्ति के मन की खबर जानने के लिए समय नहीं। दरअसल, गैजेटों ने एक विशाल आभासी संसार रचा है। सोशल मीडिया ने संपर्क आसान किया, पर कई बार तुलना और प्रदर्शन की प्रवृत्ति भी बढ़ाई। दूसरों के जीवन की चमकदार तस्वीरें देखकर अपने जीवन को कमतर समझना, हर समय प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा करना और लगातार जुड़े रहने की बेचैनी मनुष्य को भीतर से थका सकती है। इसीलिए बहुत-से संपर्कों के बीच भी अकेलापन आधुनिक जीवन की एक बड़ी विडंबना बन गया है।

शरीर पर भी इसका असर दिखाई देता है। घर बैठे खरीदारी, बैंकिंग, भोजन और कार्यालय का काम संभव होने से श्रम और आवागमन घटा है। यह सुविधा उपयोगी है, मगर लंबे समय तक बैठे रहना और स्क्रीन के सामने जीवन बिताना शारीरिक सक्रियता को कम करता है। तकनीक ने शरीर का श्रम घटाया है, इसलिए अब सक्रिय रहने का चुनाव हमें अधिक सजग होकर करना होगा। फिर भी तकनीक को दोष देना आसान और अधूरा समाधान है। तकनीक ने विकल्प दिए हैं कि उनका उपयोग कैसे करना है, यह मनुष्य के हाथ में है। आज की दुनिया में तकनीक से पूरी तरह अलग रहना न संभव है, न जरूरी। आवश्यकता है तकनीकी अनुशासन की।

बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के बजाय उसके सही उपयोग की समझ देना अधिक जरूरी है। स्क्रीन के साथ किताब, ऑनलाइन सीखने के साथ प्रत्यक्ष अनुभव, वीडियो गेम के साथ मैदान और डिजिटल मित्रता के साथ वास्तविक मित्र भी हों। हमारी लोक-संस्कृति में जीवन को केवल उपयोगिता से नहीं, सहभागिता से देखने की परंपरा रही है। चाहे गांव की चौपाल हो या शहर की बैठक, परिवार का आंगन हो या पड़ोस की शाम, मनुष्य मनुष्य के पास बैठता था। आधुनिकता ने हमें बहुत कुछ दिया है। उसे अपनाते हुए इस आत्मीयता को खो देना उसकी अनिवार्य शर्त नहीं है।

आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोट और स्मार्ट उपकरण हमारे जीवन में और गहरे उतरेंगे। तकनीक की गति को रोकना संभव नहीं और न ही उसकी जरूरत है। असली चुनौती यह है कि तकनीक जितनी बुद्धिमान होती जाए, मनुष्य उतना ही संवेदनशील भी बना रहे। जीवन केवल सुविधा का नाम नहीं। उसमें किसी अपने की आवाज है, आमने-सामने बैठकर की गई बातचीत है, बच्चे की हंसी है, बुजुर्ग की कहानी है, मित्र का कंधा है और पड़ोसी के सुख-दुख में शामिल होने की सहजता है। इन अनुभवों का कोई डिजिटल विकल्प नहीं।

इसलिए तकनीक अपने आप में न तो पूरी तरह सुलझन है और न ही उलझन। वह केवल एक साधन है। उसकी सार्थकता और प्रभाव इस बात पर निर्भर करते हैं कि हम उसका संचालन किस विवेक और नियंत्रण के साथ करते हैं। तकनीक हमारी हथेली में पूरी दुनिया रख सकती है, लेकिन उस दुनिया में मनुष्य के लिए जगह हमें ही बचानी होगी। जरूरत तकनीक को त्यागने की नहीं, बल्कि उसके साथ एक ‘संतुलित दृष्टिकोण’ अपनाने की।