दिल्ली में पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया नारा देकर एक नया सपना बेचा। भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘करके दिखाएंगे’ कहा। बहुत बार इसे अंग्रेजी में भी दोहराया ‘वी विल डू इट’। जोशीले अंदाज में इतनी बार इस नारे को दोहराए प्रधानमंत्री कि मुझे ऐसा लगने लगा कि वह अपने आप को ही तसल्ली दे रहे हैं कि उनका सपना पूरा हो जाएगा कभी न कभी।
सपना है कि 2047 तक भारत हर क्षेत्र में विकसित यानी विश्वगुरु बन जाएगा। खेल में ओलंपिक की मेजबानी करेगा, स्वास्थ्य में ‘वेलनेस’ गुरु बन जाएगा, अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा, शिक्षा में बेहतरीन स्कूल और कॉलेज बनाएगा और पर्यटन पर ध्यान देगा, ताकि दुनिया भर से लोग आएं हमारी प्राचीन संस्कृति को सलाम करने।
‘वी विल डू इट’ क्यों अभी तक सिर्फ भविष्य का सुनहरा सपना है
प्रधानमंत्री का भाषण सुनते हुए याद आया मुझे कि इस किस्म की बातें उन्होंने पहले भी बहुत बार की हैं। सवाल यह है कि पिछले बारह वर्षों में उन्होंने अभी तक इन लक्ष्यों की तरफ कदम क्यों नहीं बढ़ाए हैं। ‘वी विल डू इट’ क्यों अभी तक सिर्फ भविष्य का सुनहरा सपना है? मैं मोदी भक्त बन गई थी 2014 में बिल्कुल इसी सपने को देखकर। जानती थी कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में ‘समाजवाद’ के नाम पर देश बेहाल ही रहा इस बहाने कि हम गरीबी हटाने को प्राथमिकता दे रहे थे।
न गरीबी हटी और न ही भारत आगे उस रफ्तार से बढ़ा जिस रफ्तार से हमसे ज्यादा गरीब देश पूर्वी एशिया में बढ़े थे। थाइलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया और अब वियतनाम हमसे कहीं ज्यादा सफल रहे हैं इन सारे क्षेत्रों में। यहां याद दिलाना चाहती हूं कि 1980 में चीन और भारत बराबर थे और अब चीन हमसे करीब पचास साल आगे निकल गया है। चीन की प्रगति देखकर अमेरिका और यूरोप भी कांपते हैं।
ऐसी बातें मुझे बहुत सताती रही हैं दशकों से, इसलिए जब मोदी ने 2014 में इसी सपने को दिखाया था, जो पिछले सप्ताह दिखाया उन्होंने, मैं उनकी भक्त बन गई। कांग्रेस के दौर में भारत में असली प्रगति एक ही बार देखी थी और वह तब जब समाजवादी आर्थिक नीतियों को कूड़ेदान में फेंककर पीवी नरसिंह राव और मनमोहन सिंह ने 1991 में लाइसेंस राज समाप्त किया था और विदेशी निवेशकों का स्वागत किया था।
साथ में भारतीय उद्योगपतियों को समझाया था कि अब उनको हर दूसरे दिन दिल्ली के सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे लाइसेंस और सरकारी इजाजतों की खोज में। याद दिला दूं यहां कि सोनिया गांधी ने वापस समाजवादी नीतियों की तरफ ध्यान खींचा। शायद इसलिए कि इन नीतियों से सबसे ज्यादा फायदा होता है राजनेताओं और अधिकारियों का। इस वापसी का नुकसान कांग्रेस को भुगतना पड़ा और मोदी उभरकर आए राष्ट्रीय राजनीति की बिसात पर।
मोदी से आर्थिक बदलाव की उम्मीद थी, लेकिन रास्ता वही पुराना निकला
इसका एहसास शायद मोदी को भी था। जब पहली बार प्रधानमंत्री बनकर वाशिंगटन गए थे, तो वहां अमेरिका के सबसे बड़े उद्योगपतियों के सामने उन्होंने कहा था कि उनकी राय में ‘सरकार का बिजनेस नहीं है बिजनेस करना।’ मैं इस सभा में मौजूद थी और मुझे यकीन था कि मोदी सरकारी कारखानों या पब्लिक सेक्टर को बेचकर उस पैसे से जनता के भले के लिए योजनाएं बनाएंगे। यकीन यह भी था कि जो करोड़ों रुपए खैरात में बांटे जाते थे ‘गरीबी हटाने’ के नाम पर उनका सही उपयोग करके मोदी ऐसी अर्थव्यवस्था बनाएंगे, जो रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। ऐसा नहीं किया उन्होंने। उसी रास्ते पर चल पड़े जिस पर कांग्रेस ने देश को रखा था।
आज निराश और उदास होकर स्वीकार करती हूं कि देश की आर्थिक दिशा बदलने का शायद मोदी का कोई इरादा नहीं था। आज भी हमारा पैसा लगता है सरकारी कारखानों पर जिनमें से मुट्ठी भर ही हैं जो मुनाफे में हैं। ज्यादातर ऐसी कंपनियां हैं जो हमेशा घाटे में रहती हैं। इनको बेचने की आजकल बात तक नहीं होती है। न ही मोदी के दौर में समाजवादी आर्थिक नीतियों को त्यागा गया है।
देश का आर्थिक ढांचा वही है, जो पहले था, इसलिए नहीं बन पाई हैं वे करोड़ों नौकरियां, जिनके न होने की वजह से देश के युवा आज सड़कों पर उतर आए हैं। गरीबों की आर्थिक परेशानियां कम करने के लिए चुनावों से पहले उनमें वही रेवड़ियां बांटी जाती हैं जिनकी मोदी कभी आलोचना करते थे।
आम लोगों के जीवन वैसे के वैसे हैं जैसे पहले हुआ करते थे
कहने का मतलब है कि मोदी और कांग्रेस के लंबे दौर के प्रधानमंत्रियों के बीच अंतर इतना नहीं है, जितना हम जैसों को उम्मीद कभी थी। मगर ऐसा भी नहीं है कि मोदी के दौर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। बड़ी-बड़ी सड़कें बनी हैं, हवाई अड्डे और बंदरगाह बने हैं, लेकिन आम लोगों के जीवन में निजी परिवर्तन पर बहुत कम खर्च किया गया है। आम लोगों के जीवन वैसे के वैसे हैं जैसे पहले हुआ करते थे, लेकिन इसके बावजूद मोदी आज भी देश के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। पिछले सप्ताह अगर आपने कांग्रेस के आला नेताओं के दिल्ली में प्रदर्शन देखे होंगे, तो समझ में आ गया होगा कि ऐसा क्यों है।
राहुल गांधी जब प्रियंका गांधी और सांसदों के साथ सड़कों पर आए ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने तो ऐसा लगा जैसे हम किसी बच्चों की गतिविधियां देख रहे हैं। काकरोच जनता पार्टी के गानों की धुन चुराकर प्रियंका और अन्य कांग्रेसी महिलाएं दिखीं ज्ञानेश कुमार को मोदी की गोदी में होने का गाना गाती हुईं। काकरोचों की नकल करके सड़कों में भी उनका नारा ‘ज्ञानु ब्रो इट्स टाइम टू गो’ सुनने को मिला। अगर कांग्रेस की तरफ से चुनाव आयोग में सुधार लाने का कोई असली मसौदा पेश होता तो शायद नेता प्रतिपक्ष को जनता अपने वोट भी देती।
