यातायात नियमों के उल्लंघन को डिजिटल निगरानी ने पकड़ना आसान बनाया है, लेकिन जुर्माने की वसूली में मिली नाकामी ने पूरी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े किए हैं। अब इस पर हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने जिस तरह की सख्ती का निर्देश दिया है, उससे बकाया ई-चालान की अनदेखी करना वाहन मालिकों के लिए महंगा पड़ सकता है। अदालत ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को बकाया जुर्माने की वसूली के लिए सख्त कदम उठाने, वाहनों की औचक जांच करने और भुगतान नहीं होने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
साथ ही, बकाया राशि चुकाने तक संबंधित वाहनों की पंजीकरण और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं पर रोक लगाने को कहा है। मगर, इस सख्ती की असली परीक्षा केवल जुर्माना वसूलने में नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने में होगी कि कार्रवाई निष्पक्ष हो और तकनीकी खामियों के कारण किसी निर्दोष को परेशानी न उठानी पड़े। वर्ष 2012 से लंबित सड़क सुरक्षा मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि हजारों-लाखों ई-चालान जारी करना पर्याप्त नहीं है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि जुर्माने की वसूली हो।
साफ है कि अदालत की चिंता केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर भी है। दरअसल, अदालत को बताया गया कि देशभर में जारी ई-चालान के मद में लगभग 49,194.05 करोड़ रुपए वसूल किए जाने थे, जिनमें से करीब 26,175.05 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी थी। इस हिसाब से लगभग 23,019 करोड़ रुपए की राशि अब भी वसूली के लिए शेष थी। ये आंकड़े उस व्यवस्था की एक बुनियादी कमजोरी उजागर करते हैं, जिसमें उल्लंघन दर्ज करने की तकनीकी क्षमता तो बढ़ी, लेकिन उसके बाद दंडात्मक कार्रवाई और वसूली की प्रक्रिया अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी। सवाल यह है कि जब यातायात नियमों का उल्लंघन कैमरों और डिजिटल प्रणालियों से दर्ज हो रहा है, तो इतनी बड़ी राशि लंबे समय तक बकाया क्यों बनी हुई है?
घोषित तौर पर ई-चालान का उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कैमरों तथा दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निगरानी होने पर हर जगह पुलिसकर्मी की मौजूदगी जरूरी नहीं रह जाती। वहीं इससे नियम तोड़ने वालों की पहचान और कार्रवाई की संभावना बढ़ती है। मगर चालान जारी होने के बाद भुगतान नहीं होता और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आगे कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तो पूरी व्यवस्था का प्रभाव कमजोर पड़ जाता है। जुर्माने का भय तभी सार्थक है, जब नियम तोड़ने वाले को यह भरोसा हो कि कानून का पालन करना अनिवार्य है और उल्लंघन करके बच निकलना आसान नहीं होगा।
इसी संदर्भ में अदालत ने बकाया राशि वाले वाहनों की ऑनलाइन सेवाएं रोकने, पंजीकरण प्रमाणपत्र के नवीनीकरण या उसकी दूसरी प्रति जारी करने पर रोक लगाने, स्वामित्व हस्तांतरण और पते में बदलाव संबंधी अनुरोधों पर कार्रवाई रोकने तथा फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं देने जैसे कई अन्य कदम उठाने को कहा है। इन निर्देशों से साफ है कि जुर्माना नहीं भरने की आदत को सामान्य व्यवहार न बनने दिया जाए। एक बुनियादी सवाल यह भी है कि जिस व्यवस्था के जरिए वाहन मालिकों को जवाबदेह बनाया जा रहा है, क्या वह व्यवस्था खुद भी उतनी ही विश्वसनीय है?
औचक जांच तभी कारगर होगी, जब सड़क पर रोके गए वाहन के बारे में पुलिस को तत्काल और सही जानकारी मिले। यह स्पष्ट होना चाहिए कि उस वाहन पर कितने चालान लंबित हैं, उनका भुगतान हुआ है या नहीं और भुगतान होने के बाद संबंधित अभिलेख अद्यतन किए गए हैं या नहीं। अगर अलग-अलग विभागों के आंकड़ों में तालमेल नहीं होगा, तो सख्त कार्रवाई भी विवाद का कारण बन सकती है।
अगर किन्हीं स्थितियों में किसी वाहन मालिक ने चालान का भुगतान कर दिया, लेकिन डिजिटल अभिलेख में उसका अद्यतन नहीं हुआ। फिर जांच में वही वाहन बकाएदार दिखाई देता है, तो ऐसी स्थिति में वाहन जब्त करने से पहले भुगतान की पुष्टि और शिकायत के त्वरित निपटारे की व्यवस्था होनी चाहिए। इसी तरह वाहन बिकने के बाद यदि स्वामित्व हस्तांतरण दर्ज नहीं हुआ है, तो पुराने मालिक और नए खरीदार के बीच जिम्मेदारी को लेकर विवाद पैदा हो सकता है। पंजीकरण संख्या पढ़ने में तकनीकी गलती या गलत वाहन की पहचान भी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए डिजिटल व्यवस्था की विश्वसनीयता केवल चालान जारी करने से नहीं, बल्कि उसके पूरे जीवनचक्र में सटीक अभिलेख बनाए रखने से तय होगी।
यह मान लेना भी उचित नहीं कि हर बकाएदार जानबूझकर नियम तोड़ता है। महानगरों में गति सीमा का उल्लंघन आम शिकायतों में शामिल है। अलग-अलग सड़कों पर गति सीमा अलग हो सकती है और वाहन चालक अनजाने में भी उसका उल्लंघन कर सकता है। हालांकि, इससे नियम तोड़ने को उचित नहीं ठहराया जा सकता। जरूरत ऐसी व्यवस्था की है जिसमें वैध चालान का भुगतान आसान हो, गलत चालान के विरुद्ध आपत्ति दर्ज करने का रास्ता उपलब्ध हो और शिकायत का निपटारा समयबद्ध ढंग से किया जाए। अगर किसी व्यक्ति को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ें, तो तकनीक से मिलने वाली सुविधा का उद्देश्य ही अधूरा रह जाएगा।
वाहन जब्त करने की कार्रवाई का प्रभाव भी केवल मालिक तक सीमित नहीं रहता। टैक्सी, मालवाहक वाहन या दूसरे व्यावसायिक साधनों से आजीविका चलाने वालों के लिए वाहन का रुकना सीधे आय पर असर डाल सकता है। इसलिए कार्रवाई कानून के अनुरूप, दर्ज बकाया के आधार पर और स्पष्ट प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। इसका अर्थ यह नहीं कि आर्थिक कठिनाई का हवाला देकर जुर्माना टालने की छूट मिले। बल्कि यह कि दंड और प्रक्रिया, दोनों में न्यायसंगत संतुलन बना रहे।
अब राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की जिम्मेदारी है कि वे इन निर्देशों को जमीन पर लागू करने के लिए ठोस व्यवस्था बनाएं। उन्हें बताना होगा कि कितने चालान लंबित हैं, कितनी राशि वसूल हुई, कितने मामलों में कार्रवाई की गई और कितने विवाद तकनीकी त्रुटियों या अभिलेखों में गड़बड़ी के कारण सामने आए। राज्यवार और समयबद्ध आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं, तो नागरिकों को व्यवस्था की प्रगति समझने और प्रशासन की जवाबदेही तय करने में मदद मिलेगी। इसके लिए यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, अदालतों और डिजिटल भुगतान प्रणालियों के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है।
सर्वोच्च न्यायालय की सख्ती का उद्देश्य केवल सरकारी खजाने में जुर्माने की रकम बढ़ाना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के नियमों को प्रभावी बनाना है। यह भी देखना होगा कि क्या उल्लंघन घटे, क्या बार-बार नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई हुई और क्या गलत चालान के विरुद्ध नागरिकों को समय पर राहत मिली। तकनीक ने निगरानी का दायरा बढ़ाया है, लेकिन उसे सटीक, न्यायपूर्ण और जवाबदेह बनाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है।
ई-चालान व्यवस्था की असली कसौटी यही है कि नियम तोड़ने वाला जवाबदेही से बच न सके और व्यवस्था की गलती से कोई निर्दोष दंडित न हो। अदालत ने वसूली के सवाल पर राज्यों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस चुनौती को केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित रखता है या डिजिटल निगरानी के साथ डिजिटल जवाबदेही की भी ऐसी व्यवस्था बनाता है, जिस पर नागरिक भरोसा कर सकें।
