एक समय था जब होमवर्क का अर्थ होता था- कापी-किताब, पेंसिल और घंटों की मशक्कत। हर छात्र को एक ही प्रकार के सवाल, एक ही तरीके से हल करने होते थे- चाहे वह मेधावी हो या संघर्षरत। परंतु कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के आने से इस पूरी अवधारणा को चुनौती मिल रही है। आज AI न केवल होमवर्क को व्यक्तिगत बना रहा है, बल्कि सीखने की पूरी प्रक्रिया को पुनर्परिभाषित कर रहा है। जो एक यह परिवर्तन क्रांतिकारी है- और अपरिहार्य भी।

अगर हम पारंपरिक शिक्षा को देखे तो उसमें एकरूपता का बोलबाला रहा है- सबको एक ही पाठ, एक ही गति से सीखने का अवसर मिलता है। AI आधारित अनुकूलित शिक्षा इस ढाँचे को तोड़ती है। ख़ान अकादमी का AI सहायक Khanmigo इसका सबसे चर्चित उदाहरण है, यह AI सहायक छात्र की गलतियों का विश्लेषण करके अगला प्रश्न उसी स्तर का तैयार करता है जो न अधिक कठिन हो, न अनावश्यक सरल। भारत में NCERT ने ‘दीक्षा (DIKSHA)- PAL प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसी दिशा में पहला कदम रखा है। राजस्थान सरकार ने ‘स्माइल’ (SMILE) कार्यक्रम के तहत WhatsApp के जरिए व्यक्तिगत अध्ययन सामग्री भेज रही है। फिनलैंड की ‘Sisu’ पद्धति में AI छात्र की सीखने की शैली- दृश्य, श्रव्य या व्यावहारिक- के आधार पर होमवर्क तैयार करता है। कुछ इसी तरह का भविष्य है भारतीय कक्षाओं का भी।

पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था में छात्र गलती करता है और शिक्षक सप्ताह बाद कापी वापस करते हैं- तब तक वह अवधारणा मन से उतर चुकी होती है। AI आधारित त्वरित फीडबैक पद्धति इस खाई को पाटता है। गणित में Photomath और Mathway जैसे ऐप्स छात्रों को चरण-दर-चरण समाधान प्रस्तुत करते हैं, जिससे वे समझ पाते हैं कि ‘क्या गलत हुआ’? इस दिशा में आंध्र प्रदेश सरकार ने ‘Mana TV’ परियोजना में छात्रों के उत्तरों का तत्काल मूल्यांकन लागू किया है। एस्टोनिया- जिसे ‘डिजिटल रिपब्लिक’ भी कहते हैं; यहाँ AI आधारित e-schoolbag प्रणाली बच्चों को हर गलती पर त्वरित व्याख्यात्मक सुझाव देती है। यह फीडबैक सीखने को त्वरित और आत्मविश्वासपूर्ण बनाता है।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने परियोजना-आधारित शिक्षा को नई ऊर्जा दी है। अब छात्र केवल पाठ्यपुस्तक नहीं दोहराते, बल्कि AI टूल्स से वास्तविक समस्याएँ सुलझाते हैं। नई शिक्षा नीति 2020 में भी ‘प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग’ पर विशेष बाल देता है। केरल का ‘Little KITEs’ क्लब छात्रों को AI और कोडिंग प्रोजेक्ट्स से जोड़ रहा है। सिंगापुर में ‘AI for Kids’ कार्यक्रम के तहत 10-12 वर्ष के बच्चे पर्यावरण और शहरी योजना पर AI-आधारित प्रोजेक्ट्स बनाते हैं। यह पद्धति आलोचनात्मक चिंतन और समस्या-समाधान कौशल विकसित करती है- जो आज की 21वीं सदी की माँग है।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता के आने से सबसे बड़ा सवाल उठता है- क्या शिक्षक अप्रासंगिक हो जाएँगे? नहीं। उनकी भूमिका और अधिक मानवीय हो जाएगी। पहले शिक्षक का ज्यादातर समय कापियाँ जाँचने और पाठ दोहराने में जाता था। अब यह काम AI सँभालेगा- और शिक्षक छात्रों के भावनात्मक व नैतिक विकास पर ध्यान देंगे। गुजरात के ‘विद्याशक्ति’ कार्यक्रम में शिक्षकों को AI डैशबोर्ड दिए गए हैं जहाँ वे प्रत्येक छात्र की प्रगति रियल-टाइम में देख सकते हैं। दक्षिण कोरिया में ‘AI Teacher Assistant’ शिक्षक को विद्यार्थियों की रिपोर्ट देता है, जिससे वे उन बच्चों पर ऊर्जा और संसाधन लगाते हैं जिन्हें विशेष सहायता की आवश्यता है। जिससे शिक्षक की भूमिका ‘मंचीय ज्ञाता’ से ‘परामर्शदाता’ बन जाते हैं अर्थात्- यंत्र ज्ञान देगा, इंसान संस्कार।
ग्रामीण भारत के संदर्भ में अगर हम AI को देखे तो यह शिक्षा के क्षेत्र में एक दोधारी तलवार है- एक तरफ अभूतपूर्व अवसर, दूसरी तरफ गहरी चुनौतियाँ उत्पन्न करता है। अगर हम भारत के ग्रामीण क्षेत्रों को देखे तो भारत में 6 लाख से अधिक गाँवों में ऐसे लाखों बच्चे ऐसे हैं जहाँ न पर्याप्त शिक्षक हैं, न पाठ्यपुस्तकें, न प्रयोगशालाएँ। ऐसे में यदि AI को सही तरीके से पहुँचाया जाए तो यह समानता का सेतु बन सकता है।

इस दिशा में पहला और बड़ा अवसर यह है कि AI शिक्षक की अनुपस्थिति की भरपाई कर सकता है। भारत में सरकारी आँकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षक-छात्र अनुपात बेहद दयनीय है। कई स्कूलों में एक ही शिक्षक सभी कक्षाएँ चलाता है। इस दिशा में विद्यार्थी को दूसरा महत्त्वपूर्ण पहलू मातृभाषा में शिक्षा है। ग्रामीण बच्चे अक्सर हिंदी, उर्दू, तमिल, तेलुगु, बंगाली या भोजपुरी में सोचते हैं, लेकिन उनकी पाठ्यपुस्तकें अंग्रेजी में होती हैं। AI के माध्यम से अनुवाद और स्थानीय भाषा प्रसंस्करण की क्षमता से यह अन्तर ख़त्म सकता है। Microsoft का ‘Project Bhoomi’ और Google का ‘Bolo’ ऐप हिंदी में बच्चों को पढ़ना सिखाने के लिए AI का उपयोग करते हैं। ‘Bolo’ ने उत्तर प्रदेशऔर बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की पठन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।

इस दिशा में तीसरा अवसर है स्कूली शिक्षा में छात्रों का ड्रॉपआउट को कम करना। ग्रामीण भारत में, विशेषकर बालिकाओं में, स्कूल छोड़ने की दर अधिक है। AI आधारित स्व-गति शिक्षा (self-paced learning) से वे बच्चे भी पढ़ सकते हैं जिन्हें घर में काम करना पड़ता है। राजस्थान की ‘SMILE 2.0’ परियोजना ने यह दिखाया कि जब लड़कियों को WhatsApp पर व्यक्तिगत AI पाठ मिले तो उनकी उपस्थिति और परीक्षा परिणाम दोनों में व्यापक सुधार दिखाई पड़े।

लेकिन इन तमाम उज्ज्वल तस्वीर के पीछे कुछ अँधेरे कोने भी हैं जहाँ, सबसे बड़ी बाधा डिजिटल अवसंरचना का अभाव है। TRAI के अनुसार अभी भी भारत के हजारों गाँवों में मोबाइल इंटरनेट की पहुँच अनिश्चित है। AI उपकरणों को बिजली की अनियमित आपूर्ति निष्क्रिय कर देती है। इसके अलावा, अभिभावकों की डिजिटल अनभिज्ञता एक बड़ी रुकावट है- जब माता-पिता स्वयं स्मार्टफोन नहीं जानते तो बच्चे का AI आधारित होमवर्क घर में कैसे होगा? एक और गंभीर प्रश्न है- यदि AI अंग्रेजी या शहरी संदर्भों पर आधारित डेटा से प्रशिक्षित है तो वह ग्रामीण परिवेश, स्थानीय खेती, त्यौहार और सांस्कृतिक वास्तविकताओं को कितना समझेगा?

इस प्रकार की चुनौतियों के समाधान के लिए कुछ नवाचार भी हो रहे हैं। इस दिशा में IIT बॉम्बे का ‘eGyanKosh’ और IGNOU का ‘Swayam’ प्लेटफॉर्म ऑफलाइन मोड में भी उपलब्ध हैं। इस दिशा में कुछ और निजी संस्थाएं जैसे- ‘Gram Tarang’ ने ग्रामीण स्कूलों में सोलर-चालित टैबलेट लैब स्थापित कर रही हैं जहाँ AI टूल्स बिना इंटरनेट के काम करते हैं। यदि सरकार ‘PM e-Vidya’ योजना को व्यापक तौर पर AI से जोड़े और हर ग्राम पंचायत में एक ‘डिजिटल शिक्षा केंद्र’ बने- तो यह सपना साकार हो सकता है।

AI का यह उज्ज्वल चित्र कुछ गंभीर सवाल भी उठाता है। यदि बच्चे हर उत्तर AI से माँगने लगें तो स्वतंत्र चिंतन की क्षमता कुंद हो सकती है। डेटा गोपनीयता भी इस दिशा में एक बड़ी चुनौती है। बच्चों के व्यवहार और प्रगति का डेटा किसके हाथ में जाएगा, इसकी जवाबदेही अभी भी सुनिश्चित नहीं है। AI को शिक्षा का पूरक मानना चाहिए, प्रतिस्थापन नहीं। जब तक भारत के हर गाँव में बिजली, इंटरनेट और डिजिटल साक्षरता नहीं पहुँचती, AI की यह क्रांति अधूरी रहेगी।

AI आधारित शिक्षा का भविष्य न केवल संभव है, बल्कि आवश्यक भी है। जब NCERT की पाठ्यपुस्तकें AI के साथ ‘बातचीत’ कर सकेंगी इस दिशा में एनसीईआरटी ने दीक्षा प्लेटफार्म पर Ask DIKSHA चैटबॉट के माध्यम से बेहतरीन कार्य कर रहा है, जब बिहार के किसी सुदूर गाँव का बच्चा वही अनुकूलित शिक्षा पाएगा जो दिल्ली और मुंबई के बड़े विद्यालय में मिलती है तब शिक्षा वाक़ई में समतामूलक होगी। गृहकार्य का स्वरूप बदलेगा- कापी पर लिखे 20 सवालों से हटकर वह बनेगा: एक AI के साथ संवाद, एक परियोजना की रूपरेखा, एक समस्या का रचनात्मक हल। इस AI युग में शिक्षक और अधिक मानवीय भूमिका में होगा। AI युग में ‘यंत्र ज्ञान देगा, इंसान संस्कार’- यही AI युग की शिक्षा का सबसे बड़ा सत्य है।

नीरज पटेल केंद्रीय विश्वविद्यालय जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रिसर्च स्कॉलर हैं।

डिस्क्लेमर: इस लेख में लेखक के निजी विचार हैं। जनसत्ता का इनसे सहमत होना जरूरी नहीं है।