अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आइएलओ) की 2026 की रिपोर्ट के अनुसार भारत में सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़कर सौ करोड़ से अधिक नागरिकों तक पहुंच गया है और उन्हें किसी न किसी रूप में इसका लाभ मिल रहा है, लेकिन आम आदमी और असंगठित क्षेत्र के विशाल श्रमबल के लिए यह कवच अभी पर्याप्त मजबूत नहीं है। सामाजिक सुरक्षा का अर्थ केवल किसी योजना में पंजीकरण नहीं, बल्कि बीमारी, बेरोजगारी, वृद्धावस्था, दुर्घटना और आय में अचानक आई कमी के समय सम्मानजनक जीवन की गारंटी भी है। इस कसौटी पर भारत को अभी लंबी दूरी तय करनी है।
देश में सार्वजनिक स्वास्थ्य पर खर्च सकल घरेलू उत्पाद का करीब 1.9 फीसद है। नतीजतन, गंभीर बीमारी का इलाज परिवारों की बचत पर भारी पड़ता है और कई बार उन्हें कर्ज लेना पड़ता है। वृद्धावस्था और विधवा पेंशन जैसी नकद सहायता की राशि भी बढ़ती महंगाई के मुकाबले अपर्याप्त है। दूसरी ओर, श्रमबल का बड़ा हिस्सा असंगठित क्षेत्र में है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण 2025 के मुताबिक, देश में करीब 61.6 करोड़ का श्रमबल है, जिसमें लगभग 87 फीसद हिस्सा असंगठित क्षेत्र से जुड़ा है। दैनिक वेतनभोगी, निर्माण श्रमिक, घरेलू कामगार, रेहड़ी-पटरी वाले और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों के सामने रोजगार की अनिश्चितता के साथ पेंशन, भविष्य निधि और बीमा जैसी दीर्घकालिक सुरक्षा का अभाव है।
‘गिग और प्लेटफार्म अर्थव्यवस्था’ ने रोजगार के नए अवसर जरूर पैदा किए हैं, लेकिन यहां भी स्थायी आय, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सुरक्षा और पेंशन का ढांचा अभी कमजोर है। ठेका और आउटसोर्सिंग की बढ़ती प्रवृत्ति ने नौकरी की स्थिरता को और प्रभावित किया है। भारत सामाजिक सुरक्षा पर सकल घरेलू उत्पाद का करीब पांच फीसद खर्च करता है, जबकि वैश्विक औसत इससे कहीं अधिक है। सीमित सार्वजनिक व्यय का असर योजनाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों पर पड़ता है। बढ़ती जीवन प्रत्याशा के बीच वरिष्ठ नागरिकों की आर्थिक निर्भरता भी बढ़ रही है। डिजिटल विभाजन, दस्तावेजी जटिलता और विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण ई-श्रम जैसे पोर्टल के बावजूद अनेक पात्र लोग योजनाओं से पूरी तरह नहीं जुड़ पा रहे हैं।
इस परिदृश्य में संगठित क्षेत्र के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की वेतन सीमा बढ़ाना महत्त्वपूर्ण कदम है। 17 सितंबर 2026 से अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा के लिए मासिक वेतन सीमा 15,000 से बढ़ाकर 25,000 रुपए किए जाने से बड़ी संख्या में नए कर्मचारी ईपीएफओ के दायरे में आएंगे। सितंबर 2014 के बाद यह सीमा में पहला बड़ा संशोधन है। दरअसल, कई राज्यों में कुशल और अर्धकुशल श्रमिकों का वेतन पहले ही 15,000 रुपए से ऊपर पहुंच चुका था। ऐसे में पुरानी सीमा के कारण अनेक कर्मचारी औपचारिक सामाजिक सुरक्षा से बाहर रह जाते थे।
नई सीमा से करीब 51 लाख नए कर्मचारियों के अनिवार्य ईपीएफओ के दायरे में आने की उम्मीद है। इसका लाभ केवल भविष्य निधि में बचत तक सीमित नहीं है। कर्मचारी का अंशदान, नियोक्ता का योगदान और पेंशन तथा बीमा से जुड़े प्रावधान मिलकर एक व्यापक सुरक्षा तंत्र बनाते हैं। ईपीएफ में नियमित योगदान से सेवानिवृत्ति के लिए चक्रवृद्धि ब्याज वाला कोष तैयार होता है। कर्मचारी पेंशन योजना के तहत मिलने वाला लाभ वृद्धावस्था में आय का आधार बन सकता है, जबकि कर्मचारी जमा-संबद्ध बीमा योजना परिवार को कर्मचारी की असामयिक मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहारा देती है।
हालांकि, इस बदलाव के कुछ तात्कालिक असर भी हैं। पंद्रह हजार से पच्चीस हजार रुपए के वेतन वर्ग में आने वाले कर्मचारियों की हाथ में मिलने वाली आय पीएफ कटौती बढ़ने से कुछ कम हो सकती है। दूसरी ओर, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों तथा कपड़ा, खुदरा और लॉजिस्टिक्स जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों पर नियोक्ताओं का खर्च बढ़ेगा। सरकार पर भी पेंशन संबंधी दायित्व बढ़ सकते हैं। फिर भी श्रमिकों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत होने और घरेलू बचत में वृद्धि से इसके व्यापक आर्थिक लाभ हो सकते हैं। ईपीएफओ के बढ़े हुए कोष का निवेश सरकारी प्रतिभूतियों और विकास से जुड़े साधनों में होने से अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक पूंजी भी मिलती है।
इसके अलावा, अटल पेंशन योजना, पीएम-किसान, पीएम-पोषण और 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना जैसी पहल भी सुरक्षा कवच को विस्तार देती हैं। मगर योजनाओं की संख्या बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं। असली चुनौती यह है कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सही समय पर सही लाभ पहुंचे। इसके लिए ई-श्रम पोर्टल को सामाजिक सुरक्षा की एकीकृत खिड़की बनाना उपयोगी होगा, जहां पेंशन, बीमा और स्वास्थ्य जैसी योजनाओं की जानकारी तथा आवेदन की सुविधा एक जगह मिले। संयुक्त सेवा केंद्र और पंचायतों के जरिए आसान पंजीकरण की व्यवस्था होनी चाहिए। स्थानीय भाषाओं में प्रचार, श्रव्य-दृश्य सामग्री और जनजागरूकता अभियान चलाने होंगे। कागजी कार्रवाई न्यूनतम कर सीधे लाभ अंतरण को प्रभावी बनाना होगा। प्रवासी श्रमिकों के लिए ऐसी सामाजिक सुरक्षा जरूरी है, जो राज्य बदलने पर भी बाधित न हो।
यह भी जरूरी है कि सामाजिक सुरक्षा नीतियों में महिलाओं, वृद्धों, दिव्यांगों और मौसमी श्रमिकों की अलग जरूरतों को समझा जाए। महिला श्रमिकों के लिए मातृत्व लाभ, सुरक्षित कार्यस्थल और आय सुरक्षा के प्रावधान मजबूत हों। निर्माण श्रमिकों के कल्याण कोषों का उपयोग पारदर्शी बनाया जाए और पंजीकरण तथा लाभ लेने की प्रक्रिया सरल हो। छोटे शहरों और गांवों में बैंकिंग, इंटरनेट और पहचान संबंधी अड़चनों को दूर किए बिना डिजिटल व्यवस्था पूरी तरह कारगर नहीं हो सकती। सामाजिक सुरक्षा के आंकड़ों का नियमित सामाजिक अंकेक्षण भी होना चाहिए, ताकि यह पता चले कि योजनाओं का लाभ वास्तव में किस वर्ग तक पहुंच रहा है और कौन अब भी छूट गया है। यही असली परीक्षा है।
असंगठित श्रमिकों के लिए योगदान आधारित पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना सुरक्षा का लचीला स्वरूप बनाना समय की जरूरत है। नीति आयोग ने भी गिग अर्थव्यवस्था के विस्तार के बीच सामाजिक सुरक्षा के नए ढांचे की आवश्यकता रेखांकित की है। अगस्त 2021 में शुरू ई-श्रम पोर्टल पर अगस्त 2026 तक 31.89 करोड़ से अधिक श्रमिक पंजीकृत हो चुके हैं। अब प्राथमिकता पंजीकरण से आगे बढ़कर वास्तविक लाभ पहुंचाने की होनी चाहिए।
विकसित भारत का लक्ष्य केवल ऊंची जीडीपी या बड़े निवेश से हासिल नहीं होगा। उसकी असली कसौटी यह होगी कि बीमारी, दुर्घटना, बेरोजगारी और वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में कोई नागरिक आर्थिक असुरक्षा के कारण सम्मानजनक जीवन से वंचित न हो। इसलिए संगठित क्षेत्र के सुधारों के साथ असंगठित और गिग श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा संहिता का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। निजी क्षेत्र की पेंशन योजनाओं को आकर्षक बनाना, सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यय बढ़ाना और सामाजिक पेंशन को महंगाई से जोड़ना भी उतना ही आवश्यक है। सामाजिक सुरक्षा खर्च को बोझ नहीं, उत्पादक निवेश मानना होगा। तभी विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
