जीवन में सबसे दुखद पल वह होता है, जब इंसान खुद से झूठ बोलने लगता है। कभी खुद को या दूसरों को खुश रखने के लिए, तो कभी किसी रिश्ते, परिस्थिति या सामाजिक दबाव को बनाए रखने के लिए वह अपने ही मन को झूठी तसल्ली देता रहता है। बाहर से सब ठीक दिखाई देता है, लेकिन भीतर कहीं कुछ लगातार कचोटता रहता है।

यह भीतर का सच कई बार उस सच से भी ज्यादा पीड़ादायक होता है, जिसे हम स्वीकार करने से बच रहे होते हैं। दरअसल दूसरों से छिपाया गया सच शायद कुछ समय बाद सामने आ जाए, लेकिन खुद से छिपाया गया सच हर पल हमारे भीतर मौजूद रहता है। जब बात ‘धोखे’ की आती है, तो हमारा ध्यान अक्सर दूसरों से मिले धोखे पर जाता है, लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि कई बार हम खुद से भी धोखा कर रहे होते हैं!

दुखी होते हुए भी चेहरे पर मुस्कान रखना, भीतर से परेशान होकर भी दूसरों से कहना कि ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं’, अपनी वास्तविक स्थिति को छिपाकर सोशल मीडिया पर खुशहाल जिंदगी की तस्वीर पेश करना- यह सब कहीं न कहीं खुद के साथ किया गया छल है। आज डिजिटल युग ने इस आत्म-छल को और आसान बना दिया है। सोशल मीडिया पर हम अपनी जिंदगी का वही हिस्सा दिखाते हैं, जिसे दुनिया देखना चाहती है।

खूबसूरत तस्वीरें, महंगे सामान, घूमने की जगहें, उपलब्धियां और खुशहाल रिश्ते- सब कुछ एक संपूर्ण जिंदगी की तस्वीर पेश करता है, लेकिन इस चमक के पीछे छिपे अकेलेपन, तनाव और असुरक्षा को कोई नहीं देख पाता। समस्या तब गंभीर होती है, जब हमारी बनाई हुई आभासी पहचान और वास्तविक व्यक्तित्व के बीच दूरी बढ़ने लगती है। व्यक्ति जैसा वास्तव में है और जैसा वह दूसरों को दिखाई देना चाहता है, दोनों के बीच का यह अंतर मानसिक दबाव पैदा कर सकता है। मनोविज्ञान में ऐसी स्थिति को समझने के लिए संज्ञानात्मक असंगति की अवधारणा महत्त्वपूर्ण है। लगातार अपनी वास्तविक भावनाओं को दबाकर एक अलग छवि बनाए रखना व्यक्ति को भीतर से असहज कर सकता है।

इसके साथ ही सोशल मीडिया ने तुलना की आदत को भी बढ़ाया है। कोई विदेश घूम रहा है, कोई नई कार खरीद रहा है, किसी का करिअर शानदार नजर आ रहा है, तो किसी का रिश्ता बेहद खुशहाल दिखाई देता है। सामाजिक तुलना सिद्धांत के अनुसार, लगातार दूसरों से अपनी तुलना करना आत्म-सम्मान और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। खासकर किशोरों और युवाओं में यह तुलना अधिक प्रभावशाली हो सकती है।

आज कुछ छूट जाने का डर भी युवाओं की मानसिकता को प्रभावित कर रहा है। हालत यह है कि सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और टिप्पणियां भी कई बार आत्म-मूल्य का पैमाना बन जाते हैं। लगातार मिलने वाली डिजिटल उत्तेजना व्यक्ति का ध्यान बांटती है और कुछ लोगों में सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग या निर्भरता की स्थिति पैदा कर सकती है।

‘फिल्टर’ और तस्वीरों के संपादन की सुविधा ने शरीर और चेहरे को लेकर असंतोष की समस्या को भी बढ़ाया है। खासकर किशोरियों और युवा महिलाओं में सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली ‘परफेक्ट’ त्वचा, चेहरा और शरीर उनकी वास्तविक उपस्थिति से तुलना का कारण बन सकता है। इससे शरीर की छवि को लेकर असंतोष और आत्मसम्मान में कमी की स्थितियां बढ़ सकती हैं और कुछ मामलों में अस्वस्थ खान-पान जैसी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है।

इंटरनेट पर आक्रामक टिप्पणियों के जरिए तंग करने के मामले इस समस्या को और गंभीर बना देते हैं। जिस सोशल मीडिया मंच पर व्यक्ति प्रशंसा पाने की उम्मीद से अपनी तस्वीर साझा करता है, वहीं अपमानजनक टिप्पणी या ‘ट्रोलिंग’ उसके आत्मविश्वास को चोट पहुंचा सकती है। लगातार नकारात्मक आनलाइन अनुभव सामाजिक चिंता, उदासी और भावनात्मक तनाव से जुड़े हो सकते हैं।

इसका असर केवल मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता। देर रात तक मोबाइल चलाना, स्क्रीन के कारण नींद का प्रभावित होना आदि थकान, चिड़चिड़ापन, सिरदर्द और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है। यानी जिस डिजिटल दुनिया को हमने सुविधा और मनोरंजन के लिए बनाया था, वही कई बार हमारे मानसिक और शारीरिक संतुलन को प्रभावित करने लगती है।

हालांकि इसका अर्थ यह नहीं कि सोशल मीडिया पूरी तरह नुकसानदायक है। यह शिक्षा, जानकारी, रचनात्मकता और सामाजिक जुड़ाव का प्रभावी माध्यम है। समस्या सोशल मीडिया नहीं, बल्कि उसके साथ हमारा असंतुलित रिश्ता है।

इसलिए जरूरत डिजिटल दुनिया छोड़ने की नहीं, बल्कि उसके साथ स्वस्थ सीमाएं तय करने की है। सप्ताह में कुछ घंटे या एक दिन कुछ समय के लिए डिजिटल माध्यम से दूरी के उपाय को अपनाया जा सकता है। भोजन और शरीर को आराम देने के लिए जिस तरह हम उपवास करते हैं, उसी तरह मन को भी लगातार डिजिटल उत्तेजना से विराम की जरूरत होती है।

परिवार के साथ बैठना, दोस्तों से आमने-सामने बात करना, किताब पढ़ना, संगीत, कला या अपनी पसंद के किसी काम में समय देना मानसिक संतुलन को मजबूत कर सकता है। सबसे जरूरी है कि माता-पिता बच्चों से केवल यह न पूछें कि उन्होंने मोबाइल कितने घंटे चलाया, बल्कि यह भी पूछें कि सोशल मीडिया उन्हें कैसा महसूस कराता है।

क्या वे दूसरों से अपनी तुलना करते हैं? क्या किसी टिप्पणी ने उन्हें दुख पहुंचाया? युवाओं को यह समझाना होगा कि आनलाइन दुनिया वास्तविक जीवन का पूरा आईना नहीं है। इंटरनेट नहीं, खुद से जुड़ाव ज्यादा जरूरी है। दूसरों को प्रभावित करने की कोशिश में कहीं हम खुद से दूर न हो जाएं- यही आज की सबसे बड़ी चुनौती है।