सद्गुरु: नवरात्रि का त्योहार दिव्यता की स्त्रैण प्रकृति को समर्पित है। कर्नाटक में नवरात्रि चामुंडी देवी से जुड़ी है, तो बंगाल में दुर्गा से। इसी तरह, अलग-अलग जगहों पर यह अलग-अलग देवियों से जुड़ी है, लेकिन मूल रूप से नवरात्रि स्त्री-देवी या स्त्रैण दिव्यता का उत्सव है।
स्त्री-रूप की पूजा दुनिया में पूजा का सबसे पुराना तरीका है। भारत, यूरोप, अरब और अफ्रीका के बड़े हिस्सों में देवी की पूजा की जाती थी। लेकिन आज, दुनिया भर में पौरुष गुण पर बहुत अधिक जोर दिए जाने के कारण, भारत ही एकमात्र ऐसी संस्कृति है जहाँ आज भी स्त्री-रूप की पूजा होती है।
भारतीय संस्कृति ने स्त्रैण को हमेशा जीवन के सबसे शक्तिशाली पहलू के रूप में दिखाया है। आपने कैलेंडर आर्ट में भी देखा होगा कि काली, शिव की छाती पर खड़ी हैं, जो वहाँ मृत अवस्था में लेटे हुए हैं। यह दिखाने के लिए है कि पौरुष तब तक बेजान होता है जब तक उसमें स्त्रैण से जान न फूँकी जाए। “शक्ति” का अर्थ है ऊर्जा। जो ऊर्जा परमाणु को काम करने लायक बनाती है, वही ऊर्जा पूरे ब्रह्मांड को भी चलाती है। और इस ऊर्जा को हमेशा स्त्री-रूप में ही पहचाना जाता है।
नारीत्व को बताने वाला मूल शब्द “री” (re) था। “री” शब्द का संबंध अस्तित्व की देवी-माँ से है और यही बाद में आए शब्द “स्त्री” का आधार है। “स्त्री” का शाब्दिक अर्थ महिला होता है। “री” शब्द का अर्थ है गति, संभावना या ऊर्जा।
जब हम स्त्रैण गुण की बात करते हैं, तो इसका मतलब महिला होना नहीं है। महिला होना शरीर से संबंध रखता है। स्त्रैण गुण का संबंध शरीर से नहीं है – यह उससे कहीं अधिक है।
समाज में नारीत्व
आज, समाज और खुद महिलाएं भी स्त्रैण-प्रकृति को कमजोरी समझने लगी हैं। महिलाएं पुरुषों जैसा बनने की कोशिश कर रही हैं क्योंकि दुनिया में आर्थिक ताकत ही मुख्य हो गई है। सब कुछ फिर से ‘जंगल के कानून’ – यानी ‘सबसे मजबूत का प्रभुत्व’ – पर आ गया है। ऐसा होने पर पौरुष हावी हो जाएगा। हमने प्रेम, करुणा और जीवन को गले लगाने जैसी सूक्ष्म और कोमल भावनाओं के बजाय, ताकत के दम पर जीत हासिल करने का रास्ता चुना है।
आप देखेंगे कि अगर आपके पास सिर्फ पौरुष है, तो आपके पास सब कुछ होते हुए भी असल में कुछ नहीं होगा। एक उदाहरण लें: अगर पेड़ की जड़ को पुरुष-तत्व माना जाए, तो फूल और फल स्त्री-तत्व हैं। जड़ का मकसद ही फूल और फल पैदा करना है। अगर ऐसा नहीं होता, तो जड़ बेकार हो जाएगी। जिन्दा रहना ही सब कुछ नहीं है। जीवन-संरक्षण की जरुरत पूरी होने के बाद, जीवन के गहरे और सूक्ष्म पहलुओं का अनुभव भी होना चाहिए।
इस धरती पर पुरुष-तत्व को स्त्री-तत्व से ज्यादा अहमियत इसलिए दी गई है, क्योंकि हजारों सालों से मनुष्य का मुख्य मकसद जिन्दा रहना ही रहा है। पिछले पचास से सौ सालों में ही जीवन जीने का हमारा तरीका व्यवस्थित हुआ है। पहली बार मानवता ऐसे मोड़ पर है जहाँ हम जिन्दा रहने की अपनी सोच में ढील दे सकते हैं। अगर आप की अपनी जीवन-संरक्षण प्रवृत्ति में ढील देते हैं, तो आप देखेंगे कि स्त्री-तत्व स्वाभाविक रूप से बहुत अहम हो जाएगा।
अगर इस धरती पर नारीत्व बेहतर अभिव्यक्ति पाता है, तो हो सकता है कि हमारा शेयर बाजार नई ऊँचाइयों को न छुए, लेकिन आम तौर पर लोग ज्यादा मुस्कुराएँगे, थोड़े ज्यादा खुश और ज्यादा प्रेमपूर्ण होंगे। जिंदगी थोड़ी और खूबसूरत हो जाएगी, और असल में हम यही चाहते हैं। आखिर, ये सब कुछ इंसान की खुशहाली के लिए ही तो किया जाता है। लेकिन यह बात पूरी तरह भुला दी गई है क्योंकि पौरुष का तरीका यही है – वह बस एक ही दिशा में आगे बढ़ता रहता है।
समाज में नारीत्व को सचेतन रूप से संवारना और उसका उत्सव मनाना बहुत महत्वपूर्ण है। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो दुनिया में नारीत्व के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। अगर स्त्रैण पक्ष खो जाता है, तो जीवन की हर सुंदर, कोमल, गैर-प्रतिस्पर्धी और पोषण देने वाली चीज खत्म हो जाएगी। जीवन की आग हमेशा के लिए बुझ जाएगी।
इस नवरात्रि पर, पूरे उत्साह, खुशी और प्रेम के साथ नारीत्व का उत्सव मनाएं। तभी आप जीवन की सुंदरता को जान सकते हैं।
भारत के पचास सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल सद्गुरु एक योगी, रहस्यवादी, दूरदर्शी और ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के बेस्टसेलिंग लेखक हैं। असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2017 में देश के सर्वोच्च वार्षिक नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया। वे दुनिया के सबसे बड़े जन-अभियान ‘कॉन्शियस प्लैनेट – सेव सॉइल’ (Conscious Planet – Save Soil) के संस्थापक भी हैं, जिससे 4 अरब से ज़्यादा लोग जुड़े हैं।
