इंसान की अनेक प्रवृत्तियों में से एक प्रवृत्ति प्रतिशोध लेने की भी होती है। जब कोई उसके विश्वास को निर्दयता से तोड़ देता है या उसके आत्मसम्मान को चोट पहुंचाता है, उसकी भावनाओं का अनुचित लाभ उठाता है, उसके साथ अन्याय करता है या किसी कारण से पीड़ा पहुंचाता है, तब हमारे भीतर प्रतिशोध लेने की भावना जागृत हो जाती है। जो व्यक्ति हमें चोट पहुंचाता है, उसे भी वैसी ही चोट पहुंचाने की प्रबल इच्छा जागृत हो जाती है। हम अपने अपमान के बदले उसे दंडित करना चाहते हैं।

हमारा मन इसी प्रकार के न्याय की मांग पैदा करता है। कहीं न कहीं मन की ऐसी मांग करना पूरी तरह अनुचित भी नहीं है, क्योंकि हमें अपने साथ अन्याय की पीड़ा की अनुभूति होती है। हम अपना प्रतिशोध लेकर इसके पीछे के गहरे दुख, असुरक्षा और अपने सम्मान को फिर प्राप्त कर लेना चाहते हैं। जब किसी व्यक्ति के आत्मसम्मान को चोट लगती है, तो उसके घाव लंबे समय तक रहते हैं। सबसे ज्यादा अपनों के द्वारा किए गए अन्याय, छल और अपमान भुलाए नहीं भूलते हैं। मन व्यथित और आहत हो जाता है।

किसी व्यक्ति के द्वारा स्वयं को महत्त्वहीन, कमजोर और सम्मान के योग्य नहीं पाना हमें अपने आत्ममूल्य का अवलोकन करने को मजबूर कर देता है। एक व्यक्ति के भीतर प्रतिशोध लेने की भावना मात्र इसलिए नहीं होती है कि वह किसी व्यक्ति को दंड देना चाहता है। बल्कि वह यह भी साबित करना चाहता है कि वह कमजोर नहीं है।

वह अपने आप को साबित करना चाहता है, क्योंकि उसके मन में सवाल उठते हैं कि ‘क्या मैं इतना कमजोर हूं कि मुझे महत्त्वहीन समझा जाए’ और ‘मेरी अच्छाई का लाभ उठाया जाए’। ‘क्या मैं लोगों की नजरों में सम्मान के योग्य नहीं’ जैसे सवाल सहज रूप से उठते हैं। यही सब सवाल व्यक्ति को प्रतिशोध लेने के लिए उकसाते हैं। हालांकि प्रतिशोध लेने और मन में बैर पालने के अपने नुकसान अलग हैं।

जब कोई घटना हमें अपमानजनक, अन्यायपूर्ण या असंतोषजनक लगती है, तो हमारा मन उस घटना के भावनात्मक महत्त्व का आकलन करने लगता है। इसमें सहयोगी बनता है हमारा क्रोध, जिसके साथ तनाव सक्रिय हो सकता है। जब हम अत्यधिक अपमानजनक स्थिति में होते हैं, तो हमारे अंदर प्रबल रूप से क्रोध की भावनाएं उठने लगती हैं। कई बार हम अपने विवेक से पूरी तरह नियंत्रण खो देते हैं। हम सोचते हैं कि पीड़ा पहुंचाने वाले को पीड़ा पहुंचा देंगे, तो हमें मानसिक शांति की अनुभूति होगी। हमारा आत्मसम्मान संतुष्ट हो जाएगा। कभी-कभी ऐसा नहीं होता है। बल्कि इसके विपरीत प्रतिशोध का विचार क्षणिक रूप से हमें शांति का अनुभव करा सकता है, लेकिन इसके नकारात्मक प्रभाव भी कई हैं। मसलन, हमारी मानसिक शांति में कमी आ जाती है। हम हर वक्त उस घटना के बारे में सोचते रहते हैं और अपने मन में मंथन करते रहते हैं। और जब भी हम ऐसा करते हैं, तो क्रोध बार-बार सक्रिय हो जाता है, जिसके कारण हमारा ध्यान काम, पढ़ाई, संबंध और अन्य गतिविधियां प्रभावित होती हैं।

सबसे बड़ी बात है कि किसी व्यक्ति के द्वारा अगर हमें अविश्वास मिलता है, तो हम अपने दूसरे संबंधों पर भी बिना कारण संदेह करने लगते हैं और यह हमारे व्यवहार का हिस्सा बन जाता है। इसके कारण सभी रिश्ते-नाते प्रभावित होते हैं। मानसिक शांति में कमी और क्रोध का बार-बार आना हमारे निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करता है। हम किसी भी कार्य पर अपना ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते हैं। हमारे जीवन का केंद्र और ध्यान मात्र पीड़ा पहुंचाने वाले के ऊपर केंद्रित हो जाता है। इस तरह हम अपने मन को भले ही थोड़ा बहुत संतुष्ट कर लें, लेकिन हमारा भी नुकसान बहुत सारा होता है।

इसलिए बहुत जरूरी है कि अपने मन के अंदर के प्रतिशोध की भावना से मुक्ति पाई जाए। प्रतिशोध से मुक्ति का तात्पर्य यह नहीं है कि हम अपने साथ अन्याय को भूल जाएं और उसे सही मानकर हमेशा अन्याय सहते रहें। बल्कि इसे एक सबक की तरह याद रखना ही बेहतर है। और ऐसे लोगों से दूरी बनाकर चलना ही सही है। जब ऐसी घटनाओं और व्यक्तियों को हम महत्त्व नहीं देंगे, तब हम मानसिक रूप से खुशहाल रह पाएंगे। किसी से भी प्रतिशोध लेने का अर्थ है भविष्य और वर्तमान के बजाय अतीत में भटकना। अगर मानसिक रूप से खुशहाल रहना है, तो सबसे पहले हमें यह स्वीकार करने की आवश्यकता है कि हम सभी के अंदर क्रोध, अपमान, ईर्ष्या और प्रतिशोध की भावना मौजूद है। इसे हमें पहचानने की आवश्यकता है।

सबसे जरूरी है कि अपने प्रतिशोध के विचारों के चक्र को तोड़ा जाए, ताकि हम अपना ध्यान सकारात्मक और अपनी सार्थक गतिविधियों की तरफ कर सकें। अगर हम प्रतिशोध से मुक्ति पाना चाहते हैं, तो हमें क्षमा करने का भी प्रयास करना चाहिए, क्योंकि कई बार प्रतिशोध से ज्यादा असरकारी होता है क्षमा करना। ऐसा करना सामने वाले व्यक्ति को लज्जित करता है और उसे गलतियों की अनुभूति करवा देता है। बौद्ध दर्शन में द्वेष और मानसिक क्लेश को गहरा दुख माना गया है। हमें यह भी समझना चाहिए कि अगर कोई व्यक्ति गलत व्यवहार करता है, तो उसका व्यवहार उसकी जिम्मेदारी है। उसके कारण हमें अपने मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं होने देना चाहिए।