अट्ठारह वर्ष की उम्र को बालपन से वयस्कता की ओर बढ़ने की दहलीज माना जाता है। मगर बालगृह या बाल देख-रेख संस्था में पले-बढ़े किसी युवा के लिए यह दहलीज अक्सर स्वायत्त जीवन की शुरुआत नहीं, बल्कि सहारे की डोर के अचानक टूट जाने से उपजी जटिलता होती है। जिस दिन वह अठारह वर्ष का होता है, उसी दिन उसके सिर से संस्थागत छत हट जाती है।

रहने की जगह बदल जाती है, नियमित भोजन एवं दूसरी बुनियादी सुविधाएं समाप्त हो जाती हैं और सामने ऐसी दुनिया खड़ी हो जाती है, जिसके तौर-तरीकों से वह पूरी तरह परिचित नहीं होता। उसके पास न तो परिवार का सहारा होता है, न कोई संपत्ति या स्थायी आमदनी होती है। कई बार उसके पास जरूरी पहचान के दस्तावेज तक नहीं होते। ऐसे में सिर्फ यह कह देना कि अब वह वयस्क है और अपना जीवन खुद संभाले, व्यवस्था का जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने जैसा है।

राजस्थान हाई कोर्ट के हालिया निर्देशों ने इसी अनदेखे संक्रमणकाल की ओर ध्यान खींचा है। अदालत ने बाल देख-रेख संस्थाओं से निकलने वाले युवाओं, जिन्हें आमतौर पर ‘केयर लीवर्स’ कहा जाता है, उनके पुनर्वास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्था करने पर जोर दिया है।

अदालत ने केंद्र और राज्य सरकारों को सरकारी नौकरियों, सार्वजनिक रोजगार, अनुबंध कार्यों और शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे युवाओं के लिए एक फीसद आरक्षण की नीति बनाने और उसे अधिसूचित करने का निर्देश दिया है। स्थायी नीति बनने तक आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट और सरकारी चयन प्रक्रियाओं में आवेदन तथा परीक्षा शुल्क से छूट देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह पहल महत्त्वपूर्ण है, लेकिन इसका असली अर्थ तभी निकलेगा, जब आरक्षण के साथ उस तक पहुंचने की राह भी तैयार की जाए। जिस युवा के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साधन, डिजिटल सुविधा और सिर छिपाने की स्थायी जगह नहीं, उसके लिए आरक्षण कागज पर दर्ज एक अवसर भर रह सकता है।

अदालत ने ऐसे युवाओं के लिए छात्रवृत्ति कोष बनाने, उच्च शिक्षा के लिए कम से कम चार हजार और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए छह हजार रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति देने तथा छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने जैसे निर्देश दिए हैं। इसका संदेश स्पष्ट है कि बाल संरक्षण की जिम्मेदारी अठारहवें जन्मदिन पर समाप्त नहीं हो सकती। युवाओं के सामने दस्तावेजों का संकट भी कम गंभीर नहीं है।

आधार, पैन और बैंक खाते जैसे सामान्य दिखाई देने वाले दस्तावेज उनके लिए शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगार, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सेवाओं तक पहुंच की पहली सीढ़ी हैं। मगर संस्था से बाहर निकलते समय यदि यही दस्तावेज उपलब्ध न हों, तो वयस्क जीवन की शुरुआत ही प्रशासनिक बाधाओं से होती है। अदालत ने संस्था छोड़ने से करीब छह महीने पहले, यानी साढ़े सत्रह वर्ष की उम्र से आवश्यक पहचान दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने और ‘आफ्टरकेयर आइडी कार्ड’ के बिना किसी युवा को संस्था से बाहर न भेजने जैसी व्यवस्था पर जोर दिया है। यह महज कागजी सुधार नहीं है, दरअसल पहचान का दस्तावेज स्वायत्त नागरिक जीवन में प्रवेश का पासपोर्ट है।

इसी क्रम में बालगृह से निकलने वाले प्रत्येक युवा का केंद्रीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार करने का विचार भी उपयोगी है। संस्था से निकलने के बाद कोई युवा कहां है, पढ़ रहा है या काम कर रहा है, कौशल प्रशिक्षण ले रहा है या स्वरोजगार से जुड़ा है- इसकी जानकारी के बिना सरकारी योजनाओं की निगरानी और सहायता दोनों अधूरी रहेंगी।

मगर इस कार्य में सावधानी और संवेदनशीलता भी जरूरी है। यह ध्यान रखना होगा कि ऐसा डेटाबेस युवाओं की सहायता का माध्यम बने, उनकी निजता और गरिमा पर निगरानी का औजार नहीं। संस्था से बाहर निकलने से पहले युवाओं को जीवन की उन व्यावहारिक चुनौतियों के लिए तैयार करना जरूरी है, जिनका सामना परिवार के साथ रहने वाला बच्चा धीरे-धीरे सीखता है। बैंक खाता चलाना, डिजिटल भुगतान करना, किराए का मकान लेना, नौकरी के लिए आवेदन करना, साक्षात्कार देना, सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करना, कानूनी अधिकार समझना और अपनी आय-व्यय का प्रबंधन करना- इन बातों का ज्ञान होना जीवन के लिए अनिवार्य है।

हर युवा का सपना एक जैसा नहीं होता। किसी की रुचि इंजीनियरिंग में हो सकती है, कोई नर्सिंग या पैरामेडिकल क्षेत्र में जाना चाहता हो, किसी को सूचना-प्रौद्योगिकी, होटल प्रबंधन, डिजाइन, कृषि या हस्तशिल्प में अपना भविष्य दिखाई दे सकता है। व्यवस्था का काम सबको एक ही रास्ते पर धकेलना नहीं, बल्कि उनकी रुचि, क्षमता और परिस्थितियों के अनुरूप रास्ते खोलना होना चाहिए। अदालत ने नवउद्यम, स्वरोजगार और आवास के लिए पांच लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता या ब्याज-मुक्त ऋण जैसी व्यवस्था करने की बात कही है। ऐसे हर युवा को सरकारी नौकरी मिलना संभव नहीं और न ही हर कोई उच्च शिक्षा लेना चाहेगा। कोई छोटी दुकान खोल सकता है, कोई खाद्य व्यवसाय शुरू कर सकता है। किसी के लिए हस्तशिल्प आजीविका का साधन बन सकता है।

मगर सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस व्यवस्था को केवल राजस्थान तक सीमित रखा जाना चाहिए? बाल देख-रेख संस्थाओं से बाहर आने वाले युवाओं की चुनौतियां राज्यों की सीमाओं से बड़ी हैं। शिक्षा, रोजगार, आवास, पहचान, सामाजिक सुरक्षा और अकेलेपन की समस्या लगभग हर जगह अलग-अलग रूपों में सामने आती है। इसलिए केंद्र सरकार को राज्यों के साथ मिलकर एक राष्ट्रीय ढांचे पर विचार करना चाहिए। राष्ट्रीय स्तर पर ‘पोर्टेबल आफ्टरकेयर’ पहचान-पत्र, छात्रवृत्ति, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के विशेष अवसर, आवास सहायता और डिजिटल सहायता तंत्र जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं। प्रत्येक जिले में ‘केयर लीवर्स सचिवालय’ और राज्य स्तर पर निगरानी व्यवस्था तभी कारगर होगी, जब इसे किसी एक विभाग की जिम्मेदारी मानकर छोड़ न दिया जाए।

यह पहल सामाजिक कल्याण से कहीं आगे की है। परिवार और सुरक्षित सामाजिक परिवेश से वंचित युवा जब अकेला पड़ता है, तो शोषण और आपराधिक गतिविधियों के संजाल में फंसने का जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए समय पर शिक्षा, रोजगार, आवास और सामाजिक सहारा उपलब्ध कराना सुरक्षा और अपराध की रोकथाम का भी उपाय है। एक युवा को आत्मनिर्भर बनने में मदद करना उसके पूरे जीवन की दिशा बदल सकता है। अब असली परीक्षा निर्देश की नहीं, उसे जमीन पर उतारने की है। न्यायालय दिशा दिखा सकता है, लेकिन स्थायी व्यवस्था सरकारों को ही बनानी होगी।

बालगृह से निकलने वाले किसी युवा को हमेशा सहायता पाने वाले व्यक्ति के रूप में देखना भी उचित नहीं होगा। असली उद्देश्य उसे सहायता का स्थायी उपभोक्ता बनाना नहीं, आत्मनिर्भर नागरिक बनाना है। जिसने बचपन में परिवार का सहारा खोया, उसे वयस्क होते ही अकेला छोड़ देना न्यायपूर्ण नहीं है। उसे इतनी मजबूत जमीन देना जरूरी है कि वह अपने पैरों पर खड़ा हो सके और फिर किसी और के लिए सहारा बन सके। आखिर किसी भी कल्याणकारी व्यवस्था की सबसे बड़ी सफलता यही होनी चाहिए कि उसका सहारा लेकर नागरिक एक दिन बिना सहारे के खड़ा हो सके।