समय के साथ खेती बदली और इस बदलाव के साथ बीज की कहानी भी बदलती चली गई। आज बीज सिर्फ खेत में बोया जाने वाला दाना नहीं रह गया। उसके साथ बाजार, तकनीक, पेटेंट और कंपनियां जुड़ गई हैं। जाहिर है, जब बीज की दुनिया इतनी बदल गई, तो उस पर बहस भी होनी थी। यह बहस सिर्फ बीज की किस्मों तक सीमित नहीं रही, बल्कि किसान की पसंद, उसके अधिकार और खेती के भविष्य तक पहुंच गई। इसे समझने के लिए थोड़ा पीछे लौटना होगा- वहीं, जहां से खेती शुरू होती है, बीज से।
पारंपरिक खेती में किसान अच्छी फसल से कुछ बीज अगली बुआई के लिए बचाकर रखता था। बेहतर किस्म के बीजों का आपस में आदान-प्रदान भी होता रहा। इससे अच्छे बीज एक किसान के खेत तक सीमित नहीं रहते थे। कौन-सा बीज किस मिट्टी में अच्छा फलेगा, कम पानी में कौन-सी किस्म टिकेगी और उसे वर्षों तक कैसे सुरक्षित रखना है, यह ज्ञान पीढ़ियों के अनुभव से बना था। यानी बीज सिर्फ फसल की शुरुआत नहीं, बल्कि किसान की अपनी तैयारी और आत्मनिर्भरता का हिस्सा था।
विकल्प बनाम निर्भरता
बीज जब खेत से निकलकर बाजार में पहुंचा, तो खेती के बदलते दौर के साथ बीजों की दुनिया भी बदली। हरित क्रांति में अधिक उत्पादन देने वाली हाइब्रिड किस्मों और उन्नत बीजों का इस्तेमाल बढ़ा, जिनमें अलग-अलग किस्मों के अच्छे गुणों को संकरण के जरिए एक साथ लाने की कोशिश की जाती है। इससे कई फसलों में बेहतर पैदावार मिली, लेकिन अगली पीढ़ी में वही गुण कायम रहें, यह जरूरी नहीं है। ऐसे में किसान को नया बीज खरीदना पड़ सकता है। फिर सवाल उठा कि बदलते बीज बाजार ने किसानों के लिए विकल्प बढ़ाए हैं या उनकी आत्मनिर्भरता को कमजोर किया है।
इसके बाद बहस जीएम यानी आनुवंशिक रूप से संशोधित बीजों तक पहुंचती है। इनमें पौधे के आनुवंशिक गुणों में वैज्ञानिक तरीके से बदलाव कर कोई खास गुण लाने की कोशिश की जाती है- जैसे कीट प्रतिरोध, रोग-सहनशीलता या पोषण संबंधी गुण।
भारत में जीएम बीजों की बहस मुख्यतः बीटी कपास के अनुभव से जुड़ी रही है, जिसके परिणामों को लेकर भी अलग-अलग मत हैं। जीएम फसलों के खुले में उत्पादन को लेकर चिंताएं कम नहीं हैं। आशंका है कि अगर ये फसलें खुले में उगाई गईं, तो पर-परागण के कारण भारत की मूल प्राकृतिक फसलें हमेशा के लिए खत्म हो सकती हैं। इसी बीच, एचटी-बीटी जैसे अनधिकृत जीएम बीजों की बिक्री और खेती की खबरें भी सामने आती रही हैं। इससे एक बुनियादी सवाल उठता है कि जब अनधिकृत बीज नियमन से बाहर बाजार तक पहुंच सकते हैं, तो नई बीज तकनीकों की निगरानी और किसानों तक सही जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था कितनी मजबूत है?
स्वायत्तता का सवाल
यहीं से बीज की बहस एक विवादित तकनीक तक पहुंचती है- ‘टर्मिनेटर सीड’। इसे ‘जेनेटिक यूज रेस्ट्रिक्शन टेक्नोलॉजी’ कहा जाता है। सरल शब्दों में कहें, तो इसमें पौधे की अगली पीढ़ी के बीजों को इस तरह तैयार किया जा सकता है कि वे दोबारा बोने लायक न रहें। यानी किसान फसल तो पैदा करे, लेकिन उसके बीज को संरक्षित कर अगली फसल के लिए इस्तेमाल न कर सके। इसी वजह से यह तकनीक किसान की बीज-स्वायत्तता और जैव विविधता को लेकर विवाद में है। देश में ऐसी तकनीक से तैयार बीज की किस्मों के पंजीकरण पर कानूनी रूप से रोक है।
जैव विविधता के संरक्षण से जुड़े अंतरराष्ट्रीय समझौते में भी सावधानी का रुख अपनाते हुए पर्याप्त वैज्ञानिक आकलन के बिना ऐसे बीजों की खेती के परीक्षण और व्यावसायिक इस्तेमाल को मंजूरी न देने की बात कही गई है। इसलिए ‘टर्मिनेटर सीड’ आज भारत में कोई सामान्य कृषि तकनीक नहीं है, लेकिन इसकी बहस एक बड़ा सवाल जरूर छोड़ती है कि खेती में बीज सिर्फ खरीदने-बेचने की वस्तु है या उस पर किसान का अपना अधिकार भी होना चाहिए?
सेहत की फिक्र
खेती और बीजों की बहस आखिरकार हमारी थाली और स्वास्थ्य से भी जुड़ती है। किसी फसल का हाइब्रिड और उन्नत या जीएम होना अकेले उसकी स्वास्थ्य-सुरक्षा तय नहीं करता। यह भी देखना जरूरी है कि उसे उगाने में क्या इस्तेमाल हुआ। भोजन में उसके अवशेष कितने बचे और स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ा। हर उत्पाद की अलग जांच जरूरी है। बहस डर की नहीं, जांच और पारदर्शिता की होनी चाहिए।
वर्ष 2023 में सूचना के अधिकार के तहत दी गई जानकारी में सामने आया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के पास आयातित फल-सब्जियों में जीएम उत्पादों की जांच का ठोस डेटा नहीं था। मई, 2025 में प्राधिकरण ने जीएम खाद्य पदार्थों के आयात पर परामर्श पत्र जारी किया, लेकिन निगरानी पर सवाल अभी भी बने हुए हैं। क्या लोगों को यह जानने का अधिकार है कि उनकी थाली में क्या पहुंच रहा है?
बीज का मसला खेत से अलग नहीं है। उसके साथ मिट्टी, पानी, खाद, कीटनाशक और खेती की पूरी लागत जुड़ी है। खेती अगर कुछ सीमित किस्मों पर निर्भर होती जाती है, तो स्थानीय जैव विविधता और फसलों की टिकाऊ क्षमता दोनों प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि मिट्टी की सेहत किसी एक तकनीक से तय नहीं होती। फसल चक्र, रासायनिक एवं जैविक पदार्थों का इस्तेमाल, पानी और पूरी खेती व्यवस्था इसमें अहम भूमिका निभाते हैं।
सवाल सिर्फ आज की पैदावार का नहीं, कल की जमीन का भी है। उत्पादन बढ़े, लेकिन मिट्टी की उर्वरता घटे और खेती की लागत किसान की पहुंच से बाहर होती जाए, तो इसे लंबे समय की खाद्य सुरक्षा कैसे माना जाए? आखिर सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की बुनियाद वही जमीन और किसान हैं, जो उसे पैदा करते हैं।
विविधता का संरक्षण
जलवायु परिवर्तन ने खेती की चुनौती बढ़ा दी है। तापमान बढ़ रहा है, बारिश का मिजाज बदल रहा है, कहीं सूखा तो कहीं अचानक बाढ़ है। नए कीट और रोग भी सामने हैं। ऐसे में बीज की नई किस्मों और तकनीकों की जरूरत बढ़ी है, लेकिन इसका मतलब स्थानीय बीजों की जरूरत खत्म होना नहीं है। किसी पुराने बीज में कम पानी में टिकने, ज्यादा गर्मी सहने या स्थानीय रोगों से बचने जैसे गुण हो सकते हैं। इसलिए भविष्य की खेती को प्रयोगशाला की नई तकनीक और स्थानीय अनुभव दोनों को साथ लेकर चलना होगा। इस पूरे विमर्श में एक जरूरी सवाल है कि इस विविधता और ज्ञान को बचाएगा कौन?
गांवों में बीज चुनने, सुखाने और अगली फसल के लिए उन्हें संरक्षित करने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। स्थानीय और आदिवासी समुदायों ने भी फसल, जंगल, मौसम और मिट्टी से जुड़ा ज्ञान पीढ़ियों तक संभाला है। हर ज्ञान किताबों में दर्ज नहीं होता, लेकिन बदलती परिस्थितियों में खेती के लिए उसकी अपनी उपयोगिता होती है। इसलिए बीज संरक्षण सिर्फ जीन बैंक में बीज बचाने तक सीमित नहीं हो सकता। बीज के साथ उससे जुड़ा ज्ञान और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने वाले लोग भी बचने चाहिए। नई तकनीक राह दिखा सकती है, लेकिन भविष्य के लिए बीजों की विविधता और विकल्प बचाए रखना जरूरी है।
