कथाकारों और प्रवचनकर्ताओं की भूमिका देश के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में राजनेताओं, शिक्षाविदों, बौद्धिकों के सम्मिलित योगदानों से अधिक है। यह और बात है कि भारत के सामाजिक अध्ययन केंद्रों या विश्वविद्यालयों ने कथाकारों और प्रवचनकर्ताओं की भूमिका और प्रभाव पर शोध की आवश्यकता नहीं समझी है। यह अपने आप में भारत के समाजशास्त्र का एक आकलन भी है। अगर हुआ भी है तो बहुत ही विशिष्ट संदर्भों में। कथाकारों या प्रवचनकर्ताओं की बोली सुनने सैकड़ों लोग बिना किसी प्रचार-प्रसार के एकत्रित होते हैं।
श्रोताओं में अनुशासन और ग्रहणशीलता दोनों होती हैं। वे धार्मिक ग्रंथों, रामायण, महाभारत, पुराणों, उपनिषदों, भगवद्गीता आदि की कथाओं और संदेशों को रोचक बनाकर परोसते हैं। उसमें प्रासंगिकता का भी बोध होता है। वर्तमान संकट, चाहे वह नवउदारवाद से प्रताड़ित होता हमारा जीवन है, जिसे न छोड़ते बनता है, न उसमें चैन का अनुभव होता है, या नशीले पदार्थों का तेजी से हो रहा संक्रमण- इन सब बातों पर सरस और प्रभावी आख्यान लोग सुनते हैं। जिन्होंने कभी नहीं सुना या सिर्फ सोशल मीडिया पर कुछ पंक्तियों या उनके कथनों को सुना, वे उस प्रवचन के वातावरण और प्रभाव के दायरे की कल्पना नहीं कर सकते हैं। उन्हें तो वे आध्यात्म का सिर्फ ‘मौखिक साक्षर’ मानेंगे।
जेएल ऑस्टिन की 1955 में एक महत्त्वपूर्ण पुस्तक प्रकाशित हुई थी, जिसका नाम था ‘हाउ टू डू थिंग्स विद वर्ड्स’। यह पुस्तक उनके विलियम जेम्स व्याख्यान पर आधारित थी। उन्होंने इसमें कहा है- ‘किसी कथन का उच्चारण करना ही एक क्रिया है।’ यानी बोले गए शब्दों में कर्म कराने के प्रभाव की एक छिपी हुई ताकत होती है।
बौद्धिकता का संकट: हम अपनी विरासत पर कब तक इठलाते रहेंगे?
प्रश्न उठता है हम शब्दों को कैसे, कब, कहां और क्यों उपयोग करते हैं। भारत के राजनीतिकों को प्रवचन पंडाल के उद्घाटन से अधिक का वक्त नहीं होता है। एकाध प्रवचन सुनना उनकी जिह्वा और मानस, दोनों के लिए स्वास्थ्यवर्धक रहेगा।
भारत की यह एक आध्यात्मिक-बौद्धिक परंपरा हजारों वर्ष पुरानी है। सबसे सुखद बात है कि युग बदलते गए, लेकिन परंपरा जीवित रही। अनेक लोग जो उच्च शिक्षा में पारंगत रहे, इस प्रवचन-कथा की विद्या से जुड़ रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार इनकी संख्या देश में एक लाख के आसपास है। इसकी एक विशेषता है। यह एक केंद्र से संचालित नहीं है। बहुकेंद्रित और बहुआयामी है। विकेंद्रीकरण किसी समाज या व्यवस्था की कमजोरी नहीं, ताकत होती है। वह उसकी आयु को बढ़ाती है और उसमें नयापन लाती है। यही विकेंद्रीकरण अध्यात्म में है। इसमें संपर्क का दायरा बढ़ाना और शक्तिशाली बनाने के नाम पर एकत्रित करना इस परंपरा के साथ विश्वासघात है।
वे जंगल के पेड़-पौधों की तरह हैं। ये स्वयं विकसित, प्रस्फुटित और पोषित होते हैं। उन्हें बगीचा बनाना उन पर दासत्व थोपना है। फिर उसका स्वाभाविक सुगंध समाप्त हो जाता है। इनकी एक और विशेषता है। वे आलोचनात्मक दृष्टि से कथाओं की व्याख्या करते हैं। भारतीय अध्यात्म की यह अद्भुत ताकत है। आलोचनात्मक चिंतन ही इसे अप्रासंगिक या अप्रभावी नहीं होने देता है। यह विशिष्टता भारत के अकादमिक और सामाजिक-राजनीतिक जीवन में न्यूनता बन जाने के कारण न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। इसलिए प्रवचनकर्ताओं एवं कथाकारों को सिर्फ धर्मग्रंथों का ‘प्रेस वक्तव्य’ समझना भूल होगी।
विचार | संसद में बौद्धिकता क्यों हुई कमजोर, क्या किताबें फिर जगा सकती हैं लोकतंत्र की चेतना?
समय-समय पर उनकी भूमिका भी बदलती रहती है। समर्थ रामदास भजन-कीर्तन-प्रवचन से लोगों में स्वदेश के प्रति सम्मान और त्याग को जगा रहे थे, तो कबीर अपने समय में सामाजिक संकीर्णताओं से समाज को बाहर करने, मीरा व्यक्तिगत स्वतंत्रता के लिए हठी होने का संदेश दे रही थीं। इनमें स्वतंत्रता, समानता और न्याय तीनों पक्षों का साक्षात्कार होता है। कथाकार/प्रवचनकर्ता जिस स्थान पर बैठते हैं, उसे ‘व्यास पीठ’ कहते हैं। यह वेद व्यास द्वारा ज्ञान को बचाकर रखने, उपयोगी बनाकर परोसने और उसमें वृद्धि करने के भाव का सूचक है।
ग्रामीण अंचलों में महीने-महीने भर यह क्रम चलता रहता है। उन्हें देखकर-सुनकर प्रश्न उठता है कि जितना स्वाध्याय, चिंतन-मनन और अभ्यास वे करते हैं, उसका कितना अंश शिक्षा से प्रत्यक्ष जुड़े लोग कर रहे हैं। अगर ऑस्टिन इन लोगों के बीच आते, तो उनकी पुस्तक और भी धारदार बन जाती। केरल में जुलाई-अगस्त के महीने को कर्क किदम (रामायण मास) के नाम से जानते हैं, तो असम में भाओना और मणिपुर में लाय हाराओबा।
राजनीति में वामपंथ-दक्षिणपंथ का एक विभाजन रहा है। पर दो-चार नाम भी नहीं हैं, जो विचार की प्रभावी परंपरा छोड़ गए हों। कथाकार और प्रवचनकर्ता में सूक्ष्म अंतर है। कथाकार कथाओं को रोचक बनाकर सुनाते हैं, पर प्रवचनकर्ता अपनी व्याख्या, अपने शब्दों, मूल्यों और वर्तमान के संकटों का समाधान भी उसमें पिरो देते हैं।
हाइडेगर और हाना आरेंट: जब प्रेम के साथ चलता रहा विचार और मतभेद | विचार
इस परंपरा ने विविधता के बीच पुल का ही काम किया। साथ ही इसने सामाजिक-सांस्कृतिक संतुलन को बनाए रखने और लोगों में विपदा को सहने की क्षमता भी देने का काम किया। मगर सामाजिक विरोधाभासों, जातीय और अस्पृश्यता की बीमारी के सामने एकनाथ, नामदेव, तुकाराम, चोखामेला की तरह की भूमिका उपेक्षित है।
भारत में सामाजिक सुधार का रास्ता अध्यात्म की सुरंग से गुजरता है। अमेरिकी शोध संस्था ‘पीयू’ ने हाल में भारत में किए गए अध्ययन में 29,999 युवाओं का सर्वेक्षण किया, जिनमें 84 फीसद ने धर्म से जुड़ा होने की बात कही। ऐसी परिस्थिति में कथाकारों और प्रवचनकर्ताओं के सामने सामाजिक यथास्थितिवाद से जूझने की चुनौती है।
