जीवन केवल घटनाओं का क्रम नहीं, बल्कि अनुभवों का एक गहरा सरोवर है, जिसमें सुख की चमकती लहरें भी हैं और दुख की अथाह गहराइयां भी। हम इन गहराइयों में उतरते हैं, कभी टूटते हैं, तो कभी संभलते हैं। प्रश्न यह है कि क्या हर क्षति, हर वियोग, हर असफलता केवल शोक या दुख का कारण है? या उसके भीतर कोई ऐसी रोशनी भी छिपी है, जो हमें जीवन को नए अर्थों में देखने का साहस देती है?

‘शोक/दुख नहीं, शुक्रिया करें’ यह विचार केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि जीवन को समझने की एक परिपक्व, संतुलित और मानवीय दृष्टि है। जितनी बार भी टूटना होता है, वह सबक होता है, तो संभलना दरअसल जिंदगी के नए अध्यायों को सीखना। तो इसके प्रति कृतज्ञता और धन्यवाद का भाव मानवीय संवेदनाओं के लिहाज से एक सहज प्रतिक्रिया होनी चाहिए। मगर भावुकता में हम कई बार इन पहलुओं को नजरअंदाज कर देते हैं और इस तरह एक सुंदर संवेदना के जरूरी पक्ष के अहसास से दूर रह जाते हैं।

हमारे सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश में शोक की अपनी गरिमा और गहराई है। यह हमारे प्रेम, लगाव और संबंधों की सच्चाई को दर्शाता है। जब कोई अपना बिछड़ता है, तो आंसू आना स्वाभाविक हैं। जब कोई सपना अधूरा रह जाता है, तो पीड़ा भी स्वाभाविक है। मगर समस्या तब जन्म लेती है, जब यही दुख की स्थिति हमारे भीतर स्थायी निवास बना लेती है, जबकि वह हमें वर्तमान से काट देता है और जीवन की संभावनाओं को धुंधला कर देता है।

यहीं शुक्रिया का भाव एक प्रकाशस्तंभ की तरह उभरता है। शुक्रिया यानी कृतज्ञता। यह वह सूक्ष्म, लेकिन शक्तिशाली भाव है, जो हमें हर अनुभव के भीतर छिपे अर्थ को पहचानने की दृष्टि देता है। अगर कोई व्यक्ति हमारे जीवन से विदा हो गया, तो क्या केवल उसका जाना ही हमारे स्मरण का केंद्र होना चाहिए? या फिर यह भी हो सकता है कि उसने हमारे जीवन को अपनी उपस्थिति से समृद्ध किया, कुछ अनमोल क्षण दिए, कुछ सीखें दीं, कुछ स्मृतियां दीं, जो आज भी हमारे अस्तित्व में धड़कती हैं और इसके लिए उसके प्रति कृतज्ञता का भाव होना चाहिए।

जब समाज इस दृष्टि को अपनाता है, तो संबंधों की प्रकृति में एक गहरा परिवर्तन आता है। हम खोने के भय में जीने के बजाय, पाने के सौभाग्य को महसूस करने लगते हैं। हम शिकायतों के बोझ से मुक्त होकर, कृतज्ञता के उजाले में जीना सीखते हैं। शोक हमें अतीत में जकड़ता है, जबकि शुक्रिया हमें वर्तमान में जड़ें जमाने और भविष्य की ओर आशा से देखने की प्रेरणा देता है।

आज का समय जहां तेजी, प्रतिस्पर्धा और एकाकीपन का दबाव बढ़ता जा रहा है, वहां यह दृष्टिकोण और भी आवश्यक हो उठता है। हम अक्सर यह गिनते रहते हैं कि हमें क्या नहीं मिला- समय, समझ, साथ, अवसर। अगर हम ठहरकर यह देखने लगें कि हमें क्या मिला है, तो हमारी दृष्टि ही बदल जाती है। यही परिवर्तन हमें भीतर से समृद्ध करता है।

सामाजिक स्तर पर भी यह विचार अत्यंत सार्थक है। जब कोई आपदा आती है, चाहे वह प्राकृतिक हो या मानवीय, तो समाज शोक में डूब जाता है, जो स्वाभाविक है, लेकिन अगर उसी क्षण हम यह भी देखें कि उस संकट ने हमें क्या सिखाया- मानवता का हाथ थामना, एक-दूसरे के लिए खड़ा होना, संवेदनाओं को जीवित रखना, तो हम उस पीड़ा को केवल अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत के रूप में भी देख सकते हैं।

व्यक्तिगत जीवन में असफलताएं भी इसी दृष्टि की मांग करती हैं। हर बार की हार केवल हार नहीं होती। वह एक संकेत होती है रुककर सोचने का, दिशा बदलने का और स्वयं को नए सिरे से गढ़ने का। अगर हम अपनी असफलताओं के प्रति भी कृतज्ञ हो सकें, तो वे हमारे विकास की सीढ़ियां बन जाती हैं।

‘दुख नहीं मनाएं, शुक्रिया करें’ का आशय यह नहीं है कि हम अपने दुख को नकार दें या संवेदनहीन हो जाएं। बल्कि इसका अर्थ है दुख को पूरे मन से स्वीकार करना, पर उसमें स्थायी रूप से डूब नहीं जाना। यह एक संतुलन की साधना है जहां आंसू भी अपनी जगह पर हैं और मुस्कान भी अपना अर्थ नहीं खोती।

अगर यह भाव हमारे परिवारों और समाज में स्थान पा जाए, तो हमारी अगली पीढ़ियां जीवन को अधिक सकारात्मक और संतुलित दृष्टि से देख सकेंगी। वे विपरीत परिस्थितियों में टूटेंगी नहीं, बल्कि उनमें अवसर खोजेंगी। वे संबंधों को बोझ नहीं, बल्कि उपहार मानेंगी।

आखिर जीवन एक अनवरत यात्रा है, जहां हर मोड़ पर कुछ छूटता है, कुछ मिलता है। अगर हम हर छूटने पर केवल शोक मनाएंगे, तो इस यात्रा की सुंदरता से वंचित रह जाएंगे, लेकिन अगर हम हर मिलने और छूटने दोनों के लिए ‘शुक्रिया’ कहना सीख जाएं, तो जीवन केवल एक संघर्ष नहीं, बल्कि एक उत्सव बन सकता है।

इसलिए जब भी जीवन हमें किसी कठिन मोड़ पर लाकर खड़ा करे, तो एक पल ठहर कर, उसके बाद मुस्कुराकर हमें यह कहना चाहिए कि ‘शुक्रिया’, क्योंकि हर अनुभव, चाहे वह कैसा भी हो, हमें कुछ सिखाने, कुछ गढ़ने और कुछ नया बनाने ही आता है।