अजीब तरह से गुजरा दिल्ली में पिछला सप्ताह। जिस दिन काकरोच जनता पार्टी (काजपा) के तीन आला नेता मुंबई से दिल्ली आए, उस दिन मैं भी दिल्ली पहुंची मुंबई से। अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका सुबह पहुंचे और मैं दोपहर में। नाके के बावजूद शहर के अंदर आ सकी, लेकिन जंतर मंतर के हर रास्ते में इतने हंगामे थे कि वहां पहुंच नहीं पाई। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को सलाह दी थी कि मक्खी को मारने के लिए हथौड़ा न इस्तेमाल हो, लेकिन गृह मंत्रालय ने उल्टा किया। हर सड़क पर तैनात थीं पुलिस और सीआरपीएफ की टुकड़ियां। इतनी किलेबंदी यहां मैंने आपातकाल में भी नहीं देखी।
काजपा के नेता तो हिरासत में ले लिए गए थे विमान से उतरने के पहले ही, लेकिन उनके समर्थकों की भीड़ जगह-जगह दिखी। पुलिस ने इनको तितर-बितर किया इतनी शक्ति दिखाकर कि राजधानी ऐसे दिख रही थी जैसे युद्ध के समय सेना की छावनियां दिखती हैं। दिल्ली पुलिस पर गृह मंत्रालय का भरोसा शायद कम था, इसलिए सीआरपीएफ के दस्ते बुलाए गए थे। दिल्ली की सीमाओं पर बीएसएफ के जवान तैनात थे। समझ में नहीं आता कि सरकार सिर्फ शक्ति प्रदर्शन करना चाहती थी या वास्तव में खबर थी खुफिया एजेंसियों से कि बहुत बड़ी घटना हो सकती है, दंगे भी।
सरकार ने अगर थोड़ी भी पारदर्शिता दिखाई होती, तो शहर में तनाव कम होता। क्यों नहीं गृह मंत्रालय की ओर से सरकार की चिंताओं को साझा किया गया? किसी चीज का बहुत बड़ा डर ही रहा होगा सरकार को, वरना करीब पचास मेट्रो स्टेशन नहीं बंद किए जाते और न ही कई ट्रेनों को दिल्ली आने से रोका जाता। जहां-जहां युवा मिले अन्य शहरों में, उनको वहीं से घर भेज दिया गया, फिर भी प्रदर्शनकारी हजारों की तादाद में दिखे दिल्ली में। जिस दिन राहुल गांधी ने सर्वोच्च न्यायालय तक जुलूस निकाला, उस दिन बेहिसाब भीड़ दिखी। कांग्रेस प्रवक्ता कहते नहीं थके कि राहुल गांधी के लिए भीड़ आई थी, लेकिन सच किसी को नहीं मालूम। अभी तक समझना मुश्किल है कि सरकार चाहती क्या थी।
बाद में जब राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि उनका मकसद सरकार बदलने का है और नेहा बोरा ने कहा कि जो बांग्लादेश में हुआ, उससे उनको प्रेरणा मिली है, तो रक्षा मंत्री सामने आए यह बताने कि असली खेल ‘तख्तापलट’ का ही था। सच तो यह है कि जब से ये बातें चलने लगीं, तो प्रदर्शनकारियों को आम लोगों का समर्थन कम होने लगा। भारत में सरकार बदलने का एक ही तरीका है लोकसभा चुनाव जीतना।
सरकार बदलने की बात नेहा बोरा ने भी कही है, लेकिन इस बात को जब राहुल गांधी कहते हैं, तो सारा खेल बदल जाता है और सरकार को मौका मिलता है वही विदेशी पैसे और ‘टूलकिट’ पर दोष डालना। इसलिए लोग भूल गए कि असली मुद्दा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का था, लेकिन अपने जुलूस को विशाल भीड़ से घिरे देख जोश में आए नेता प्रतिपक्ष ने कह डाला किसी पत्रकार को जवाब देते हुए कि इन प्रदर्शनों का असली मकसद है सरकार को गिराना।
मोदी भी उसी रास्ते पर चल पड़े, जिस पर कांग्रेस देश को ले गई थी | तवलीन सिंह का विचार
इस बयान को जब मैंने सुना, तो सोशल मीडिया पर मजबूर होकर कहना पड़ा कि भारत न बांग्लादेश है, न नेपाल। उन देशों में लोकतंत्र का पौधा इतना कमजोर है कि सरकारें गिराई जा सकती हैं भीड़तंत्र द्वारा। अपने देश में सरकार गिरानी हो, तो लोकसभा चुनाव जीतना जरूरी है। इसके लिए चाहिए एक ताकतवर राजनीतिक दल। कांग्रेस की समस्या है कि पिछले बारह वर्षों में राहुल गांधी की छवि को चमकाने पर इतना ध्यान लगाया गया कि पार्टी के आलाकमान को ध्यान ही नहीं आया कि कांग्रेस को भी पुनर्जीवित करना होगा।
मेरे जैसे वरिष्ठ पत्रकारों को वह दिन याद है अच्छी तरह, जब हर गांव, हर कस्बे में मिलते थे कांग्रेस के कार्यकर्ता। जब कोई हादसा होता था, तो ये लोग अपनी सफेद गांधी टोपी पहनकर निकल पड़ते थे पीड़ितों की सहायता करने। आज इनकी जगह ले ली है हिंदुत्व के प्रचारकों ने, जिनमें कुछ ऐसे नौजवान हैं, जिन पर भगवा पटका पहनकर मुसलमानों को मारने का आरोप है गोरक्षा के नाम पर। भाजपा के इन कार्यकर्ताओं का जाल इतना फैला है कि मोदी को चुनौती देने की हिम्मत किसी को नहीं थी अभी तक। काकरोचों ने राजनीतिक माहौल बदला है कि लगता है कि सड़कों पर उतरने से कोई नहीं डरता है।
राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ से आगे क्यों पहुंची ‘काकरोच’ की आवाज, दीपके ने विपक्ष पर उठाए सवाल | विचार
तो सबक क्या ले सकते हैं हम प्रदर्शनों के इस मौसम से? एक यह कि मोदी सरकार को अपनी रणनीति बदलनी होगी। पुरानी वाली काम नहीं कर रही है। चाहे कितनी बार प्रधानमंत्री इंस्टाग्राम पर आकर जेन-जी की भाषा बोलने की कोशिश करें और चाहे कितनी बार नौजवानों से मिलते दिखें, कोई इन चीजों से प्रभावित नहीं होता। उल्टे मीम बनती है, मजाक किया जाता है। मगर काजपा को भी सोचना चाहिए कि उनकी आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए। बहुत हो गए प्रदर्शन अब। असली परिवर्तन सिर्फ राजनीतिक दल ला सकते हैं। आंदोलन नहीं। यहां एक और नसीहत देना चाहती हूं काजपा नेताओं को कि विपक्षी दलों से दूर रहो, यह सिर्फ आपके आंदोलन को नुकसान कर सकते हैं।
याद रखिए कि बारह साल बाद भी विपक्षी दल मोदी सरकार को कमजोर नहीं कर पाए हैं। स्पष्ट है कि उनकी आवाज आम मतदाताओं तक नहीं पहुंची है और इसका सारा दोष कथित वोट चोरी पर नहीं डाला जा सकता। अंत में कहना चाहती हूं कि जितने कमजोर मोदी अब दिख रहे हैं, पहले कभी नहीं दिखे। यानी कुछ-कुछ तो हो रहा है।
