दुनिया भर में मौसम इन दिनों क्रांति और विरोध का चल रहा है। कारण हर जगह एक ही है- लोग तंग आ चुके हैं अपने राजनेताओं की नाकामियों से और उनके झूठे वादों से। तो क्या अपने देश में भी कुछ यही हो रहा है या कुछ अलग? मेरा मानना है कि अपने भारत महान में कुछ अलग हो रहा है। ऐसा नहीं है कि हमारे युवा परिवर्तन की मांग नहीं कर रहे हैं। मगर पिछले सप्ताह, जब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर मांग की लोकतंत्र को बहाल रखने की और अराजकता को समाप्त करने की, तो मामला बदल-सा गया।
ऐसा लगने लगा है अब, जैसे भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच एक स्पर्धा शुरू हो गई है जिसका मकसद एक ही है, और वह है एक-दूसरे को नीचा दिखाना। ऐसा भी लगने लगा है कि भाजपाई इस स्पर्धा में भाग लेने लगे हैं इसलिए कि उनको शक है कि बेजान विपक्ष में एक नई ऊर्जा पैदा हुई है जबसे राहुल गांधी ने सर्वोच्च न्यायालय तक शक्ति प्रदर्शन किया और इसके समर्थन में हजारों लोग दिल्ली की सड़कों पर उतर आए थे। तो क्या इंडिया गठबंधन के दलों को आम लोग पहले से ज्यादा पसंद करने लगे हैं?
हो सकता है कि रामलीला मैदान में सभा करने का फैसला कांग्रेस ने पहले से लिया हो, लेकिन लगता है कि उम्मीद से ज्यादा समर्थन देखने के बाद ही राहुल गांधी ने तय किया बहुत बड़ी सभा करने का, ताकि बौखलाई हुई मोदी सरकार थोड़ी और बौखलाए। यह जलसा आज होने वाला है। इसको रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता निकल आए दिल्ली की सड़कों पर हाथ में तिरंगा लहराते हुए। समझना मुश्किल है कि जब सरकार अपनी है, तो विरोध प्रदर्शन करने का मतलब क्या है। लोकतंत्र को बचाने का विपक्षी दलों का नारा भाजपाइयों ने क्यों उठाया उसको अराजकता समाप्त करने के नारे के साथ जोड़कर? क्या यह सिर्फ शक्ति प्रदर्शन था कांग्रेस को याद दिलाने के लिए कि भीड़ जितनी भी जुटा लो, भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकते?
इस बीच आए विधान परिषदों के चुनाव नतीजे, जिनसे स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस अभी भी चुनावी मामलों में इतनी कमजोर है कि एक सीट नहीं हासिल कर पाई उत्तर प्रदेश और बिहार में। और न ही कर्नाटक में जहां सरकार कांग्रेस की है। नतीजों के आने के बाद भाजपाई प्रवक्ताओं ने टीवी पर छाती चौड़ी करके कहना शुरू किया कि चाहे ईवीएम से चुनाव कराए जाएं या मतपत्रों से, कांग्रेस हारती ही रहेगी। नतीजे आ ही रहे थे कि राहुल गांधी दिखे सोशल मीडिया पर कहते हुए कि रामलीला मैदान लोगों को जरूर आना चाहिए रविवार के दिन यह दिखाने कि मोदी सरकार से सारा देश तंग आ चुका है।
कुछ हद तक उनकी बात सही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का यह तीसरा वर्ष है, जो अक्सर बुरा गुजरता है राजनेताओं के लिए। इंदिरा गांधी के साथ भी ऐसा ही हुआ था और विरोध इतना फैलता गया उस समय इंदिरा गांधी के खिलाफ कि उन्हें आपातकाल लगाना पड़ा था, आम चुनावों को टालने के लिए। मगर ऐसा करके उन्होंने कांग्रेस की छवि इतनी खराब कर दी कि जब चुनाव हुए तो न वह अपनी रायबरेली की सीट बचा सकीं और न उनका बेटा संजय गांधी अपनी अमेठी वाली सीट बचा सके। माना कि जनता दल की सरकार सिर्फ दो साल टिक सकी थी, लेकिन कम से कम यह तय हुआ कि कांग्रेस के बिना भी केंद्र में सरकार बन सकती है।
फिर भी एक दशक और राज रहा कांग्रेस का और जब अटल बिहारी वाजपेयी पहली बार प्रधानमंत्री बने, तो उनकी सरकार तेरह दिन भी नहीं टिक सकी। दोबारा जब प्रधानमंत्री बने, तो उनकी सरकार को गिराया सोनिया गांधी ने ऐसी चाल चलकर जिसको राजनीति के जानकार उनकी सबसे बड़ी गलती मानते हैं आज भी। मुलायम सिंह पर भरोसा करके सोनिया गांधी गईं राष्ट्रपति भवन यह दावा करने कि उन्हें समर्थन मिल रहा है 272 सांसदों का, लेकिन ऐसा न हुआ और चुनाव फिर हुए अगले साल जिसमें वाजपेयी को बहुमत तो नहीं मिला, लेकिन इतनी सीटें जरूर मिलीं कि वे अपना कार्यकाल पूरा कर सकें।
इस इतिहास को ध्यान में रखकर वर्तमान को अगर आप देखेंगे, तो दिखेगा शायद कि नरेंद्र मोदी के भी अब बुरे दिन शुरू हो गए हैं, चाहे शक्ति प्रदर्शन जितने भी हों उनके समर्थन में। इसका मतलब यह नहीं है कि अब राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के आसार दिखने लग गए हैं, लेकिन इतना जरूर साबित हुआ है कि मोदी सरकार अब उन्हें एक काबिल प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखने लग गई है। ऐसा न होता तो इतनी बौखलाहट न दिखती सरकार में और इतनी अस्पष्टता न दिखती भारतीय जनता पार्टी की रणनीति में कि विरोध प्रदर्शन उनकी तरफ से भी होने लग जाएं जब सरकार उनकी ही है केंद्र में।
विरोध प्रदर्शनों की स्पर्धा चल ही रही थी कि राहुल गांधी ने एक बार फिर ऐसी गलती की, जिसका लाभ मोदी सरकार को मिला। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर ‘जनता का महाभियोग’ बुलाया, जिसने गंभीर राजनीतिक मुद्दे को बच्चों के खेल में तब्दील कर दिया। भूल गए शायद नेता प्रतिपक्ष कि लोकतंत्र कायम है लोकतांत्रिक संस्थाओं से जिनमें सबसे महत्त्वपूर्ण है चुनाव आयोग। ऐसा करके कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि उनको तकलीफ लोकतंत्र के कमजोर होने से नहीं है। तकलीफ है इससे कि बिना ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए वह समझा नहीं सकती है कि चुनाव क्यों नहीं जीत पाती है।
