मैं क्या एक दिमागी नक्सल हूं? जब से प्रधानमंत्री ने लालकिले से पहली बार इस नए किस्म के इंसान के बारे में जिक्र किया, मुझे यह सवाल सताता रहा है। इस वास्ते कि मुझे लगने लगा है कि आगे मेरे जैसे कई लोगों के बारे में कहा जाएगा कि हम दिमागी नक्सल हैं सिर्फ इसलिए कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का विरोध करते हैं और सरकार की कई नीतियों को हम गलत मानते हैं। मिसाल के तौर पर अगर कहूं कि मैं काकरोच जनता पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ का समर्थन करती हूं, तो क्या मैं दिमागी नक्सल की श्रेणी में आ जाती हूं?

मुझे इस अभियान से बहुत हमदर्दी है, क्योंकि कई सालों से मैं लिखती आई हूं कि देश में सबसे बड़ा आर्थिक सुधार शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव लाकर होगा। भारत के सरकारी स्कूल इतने रद्दी हैं कि हमको शर्म आनी चाहिए कि इतने वर्षों से देश के सबसे गरीब, लाचार बच्चों को पढ़ाई के नाम पर ऐसे स्कूलों में भेजा जाता है जिसको किसी दूसरे देश में स्कूल भी न माना जाए। जब से यह अभियान शुरू किया है काकरोच जनता पार्टी ने, उनके सदस्य रोज सोशल मीडिया पर रील डालते हैं ऐसे स्कूलों की जो तस्वीरों ही तस्वीरों में बताती हैं सारी कहानी।

इन सभी रील में ऐसे स्कूल दिखाए गए हैं जिनमें छतें गिरने को हैं, जिनकी कक्षाओं में न बेंच हैं न मेज, न शिक्षक न किताबें और जिनके तथाकथित शौचालय इतने गंदे हैं कि कोई बहुत बेरहम शिक्षक ही होगा जो छोटे बच्चों को इनमें जाने पर मजबूर करता होगा। अभियान का समर्थन अब कई लोग करने लगे हैं, तो क्या इन सबको दिमागी नक्सल कहा जाएगा? भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ताओं की बातों से तो लगता ऐसा ही है।

मोदी के मंत्री तक कहते हैं कि काकरोच पार्टी का संस्थापक असल में छात्र नहीं, आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है और उसको छात्रों की इस मुहिम से जोड़ना ठीक नहीं है। क्यों ठीक नहीं है? शिक्षा का इतना बुरा हाल है अपने इस देश में कि अगर कोई उसको सुधारने के लिए अभियान शुरू करने को तैयार है, तो उसको देशभक्त कहना चाहिए। दिमागी नक्सल नहीं।

तो कौन हैं ये दिमागी नक्सल जिनको लेकर प्रधानमंत्री इतने परेशान हैं कि इनका जिक्र उन्होंने लालकिले के प्राचीर से करना ठीक समझा? मैंने जब एक दो भाजपाई दोस्तों से यह पूछा, तो उन्होंने कहा कि दिमागी नक्सल वे लोग हैं जो माओवादी विचारधारा से प्रेरित होकर देश का विरोध करते हैं। सवाल है कैसा विरोध? क्या सरकार की नाकामियों का विरोध करना गलत है? क्या यह देशभक्ति नहीं है जब मेरे जैसे लोग दशकों से कोशिश करते आए हैं शिक्षा में सुधार लाने की।

हमारी सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं भी इतनी रद्दी हैं कि इनमें भी क्रांतिकारी सुधार लाना जरूरी है। क्या आपने ऐसे अस्पताल नहीं देखे हैं जिनमें आवारा कुत्ते-बिल्लियां घूमते हैं और चूहे उन तारों को काटते दिखते हैं जिनसे ऑक्सीजन और दवाइयां दी जाती हैं मरीजों को? सच पूछिए तो मैं जब भी इन चीजों को देखती हूं, तो मुझे बहुत गुस्सा आता है। तो मैं देशभक्त हूं या दिमागी नक्सल?

यहां स्पष्ट करना चाहती हूं कि माओवादी विचारधारा से मुझे नफरत है। मेरा मानना है कि भारत अगर दक्षिण-पूर्वी देशों से पीछे रह गया है, तो इसलिए कि हमने सोवियत यूनियन की नकल करके ऐसा समाजवाद थोपा है देश पर कि हमारी अर्थव्यवस्था आज तक इतनी कमजोर है कि वह नौजवानों को नौकरियां नहीं दे सकती है। शर्मिंदा होना चाहिए हमारे राजनेताओं को कि आज भी हमारे नौजवानों का एक ही सपना है और वह है किसी न किसी तरह सरकारी नौकरी हासिल करना।

झारखंड में जो विरोध प्रदर्शन पिछले दिनों देखा उसमें आपने भी देखा होगा कि लोगों के हाथों में बड़े सारे पोस्टर थे जिनमें दाम लिखे थे सरकारी नौकरियों के। पुलिस में भर्ती के लिए कितने लाख रुपए, सरकारी स्कूल में शिक्षक बनने के लिए कितने लाख रुपए और सरकारी दफ्तरों में आला नौकरी लेने के लिए भी न जाने कितने लाख रुपए देने पड़ते हैं। मेरी नजर में जिन लोगों ने ये पोस्टर बनाए थे उनको देशभक्त कहना चाहिए दिमागी नक्सल नहीं? आपका क्या खयाल है?

ऐसा कहने के बाद फिर आता है मन में वही सवाल- दिमागी नक्सल है कौन? किसकी तरफ इशारा कर रहे थे प्रधानमंत्री, जब उन्होंने यह बात कही। असली नक्सलवादी वे लोग हैं, जिन्होंने हथियार उठा कर हिंसा और भय फैलाने का काम किया है, जिसकी वजह से देश के कई हिस्सों में विकास नाम की कोई चीज नहीं हो सकी है। स्कूल बनते तो उनको तबाह कर दिया जाता था।

सड़कें बनीं, तो उनको भी उड़ा दिया जाता था और जो सुरक्षाकर्मी जाते थे इन घिनौनी हरकतों को रोकने, तो उनको बेरहमी से मारा जाता था। वास्तव में ऐसा जो करते हैं, उनकी जगह जेलों में है, लेकिन वामपंथी सोच रखने वाले छात्र, अध्यापक और बुद्धिजीवियों को भी जेल भेजना चाहिए? ऐसा मैं नहीं मानती। मैं उनकी सोच से बिल्कुल सहमत नहीं हूं, लेकिन संविधान उनको हक देता है अपने विचारों के आधार पर जीने का, जब तक उस विचारधारा के सहारे हिंसा थोपने का काम न करें।

असली नक्सलियों के खिलाफ जो मोदी सरकार ने किया है, मैं दिल से समर्थन करती हूं, लेकिन दिमागी नक्सल अगर बिना कोई हिंसा किए अपने विचारों से लड़ रहे हैं उन नीतियों और नाकामियों के खिलाफ जिनका दोष सीधा सरकार पर डाला जा सकता है, तो ये देश के दुश्मन कैसे हो गए? जब से मोदी सरकार बनी है, वामपंथियों को देश के दुश्मनों की श्रेणी में रखा गया है। जैसे कांग्रेस के दौर में गलत था संघियों को देश का दुश्मन कहना, वैसे ही आज गलत है वामपंथियों को दिमागी नक्सल कहना।