सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील, आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक व इन दिनों सत्ता विरोधी सुरों को कानूनी रूप से मजबूत करने में जुटे प्रशांत भूषण का आरोप है कि मौजूदा सरकार में यूपीए-2 से दस गुना ज्यादा भ्रष्टाचार है। हाल में हुए प्रदर्शनों को लेकर उन्होंने कहा कि इनकी अगुआई योग्य व सुलझे हुए युवा कर रहे हैं। वे कहते हैं कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि आम आदमी पार्टी को अरविंद केजरीवाल के हाथ में क्यों जाने दिया। उन्होंने इस आरोप को खारिज किया कि काकरोच जनता पार्टी भाजपा की ‘ब’ टीम है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक परिपक्व नेता के रूप में उभरे हैं। प्रशांत भूषण से जनसत्ता के कार्यकारी संपादक मुकेश भारद्वाज की विस्तृत बातचीत के मुख्य अंश।
आपके एक शब्द ने वर्तमान राजनीतिक माहौल में भूचाल सा ला दिया। आपने कहा, ‘रिजीम चेंज…’। जब आपने यह शब्द कहा था तो क्या आपको अंदाजा था कि इससे एक राजनीतिक हंगामा खड़ा होगा?
प्रशांत भूषण: मुझे अंदाजा नहीं था कि ये लोग इसका इतना बतंगड़ बनाएंगे। मेरा संदर्भ था कि राजनाथ सिंह बार-बार कह रहे हैं कि ये लोग ‘रिजीम चेंज’ चाहते हैं। मैंने कहा, हां, हम लोग चाहते हैं। मतलब इस ‘रिजीम’ से निजात पाना चाहते हैं। इसका यह मतलब थोड़े ही है कि हम किसी हिंसक क्रांति के जरिए निजात पाएंगे। हम चाहते हैं कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से ‘रिजीम चेंज’ हो।
सत्ता पक्ष ने इस शब्द को तख्तापलट की तरह लिया और आरोप लगाया कि आप लोग इस सरकार को अस्थिर करना चाहते हैं। जब आपने बोला था तो आपके मन में ‘रिजीम चेंज’ को लेकर क्या था कि यह किस तरह से हो? यह ‘रिजीम चेंज’ क्यों होनी चाहिए?
प्रशांत भूषण: ‘रिजीम चेंज’ तो बहुत तरह से हो सकती है। मान लीजिए सहयोगी दल अपना समर्थन वापस ले लें तो सरकार गिर जाएगी। फिर या तो नई सरकार बनेगी या नए चुनाव होंगे। मान लीजिए भाजपा के ही कुछ सांसद छोड़ दें तब भी यह सरकार गिर जाएगी। इस तरह से सत्ता बदलेगी। हमने यह थोड़े ही कहा था कि यह बदलाव कोई हिंसक क्रांति से होगा, मार-काट या खून-खराबा होगा। हम तो इसके उल्टा बोल रहे हैं। ये लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने के लिए जो कर रहे हैं, इतनी बर्बरता कर रहे हैं, इसका एक दुष्परिणाम यह हो सकता है कि कुछ लोग इसकी प्रतिक्रिया में हिंसक हो जाएं। लेकिन यह तो सरकार के पक्ष में जाएगा। ये लोग तो चाहते हैं कि खून-खराबा, दंगे हो जाएं, सेना बुला ली जाए। हम चाहते हैं कि सारे बदलाव शांतिपूर्ण तरीके से हों।
अभी सत्ता-बदल की जरूरत क्यों? जब यह सरकार तीसरी बार चुन कर आई है तो क्या कारण है कि सरकार बदलने की मांग हो रही है?
प्रशांत भूषण: इतिहास में कभी कोई ऐसा समय नहीं हुआ कि किसी भी सरकार ने देश को इतना बर्बाद किया। इन्होंने सबसे पहले हमारी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया। मीडिया, न्यायिक व्यवस्था, चुनाव आयोग, पुलिस, सीबीआइ, ईडी, विश्वविद्यालय, शैक्षणिक नियामक संस्थाएं…इन्होंने सब पर कब्जा कर लिया। सभी स्वतंत्र नियामक संस्थाओं को खत्म कर दिया। इसके अलावा इन्होंने हमारे मौलिक अधिकारों पर इतना जबर्दस्त प्रहार किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन ही नहीं होने देते हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरी दिल्ली बंद कर देते हैं और फिर भी मान लीजिए कोई सिर्फ झंडा फहराने के लिए आता है तो पुलिस बर्बरता से मारपीट करती है और थाने ले जाती है। वहां भी मारपीट करते हैं। इसके अलावा जो लोग बोल रहे हैं उन्हें चुप कराने के लिए हर एक मिनट में एक इंस्टाग्राम खाता हटाने की दरख्वास्त सरकार द्वारा दी जा रही है। पहले मुख्यधारा के सभी मीडिया को अपने कब्जे में कर लिया उसके बाद सोशल मीडिया को बंद करना चाहते हैं। सत्ता के खिलाफ कोई भी बोल दे तो उसे हटाने लगते हैं। अभी एक उद्योगपति का वीडियो तो अदालत के आदेश से हटवाया है लेकिन उसके पहले भी ऐसा करवाया है। इसके अलावा इन्होंने हमारी सारी अर्थव्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है। इतनी लूट, इतना भ्रष्टाचार, इतनी बेईमानी हुई है। मैं तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ता रहा हूं। मैंने इतिहास में कभी इतना ज्यादा भ्रष्टाचार नहीं देखा, मतलब यूपीए-2 से दस गुना ज्यादा भ्रष्टाचार आज हो रहा है। ये इसलिए बाहर नहीं आ रहा है क्योंकि मीडिया से लेकर बाकी संस्थाएं ‘कंप्रोमाइज्ड’ हैं। अभी कारोबारी की ‘फाइल्स’ वाला जो वीडियो अपलोड किया गया उसमें सब कुछ सत्य है। सरकार ने कारोबारी को कितना फायदा पहुंचाया यह बताने वाले वीडियो को भी आप हटवा रहे हैं, अपनी सत्ता का दुरुपयोग करके। हर समय हिंदू-मुसलिम। इनकी सारी राजनीति यही है कि बस हिंदू-मुसलिम करके चुनाव जीत जाएं। ऐसी बर्बर सरकार आज तक हिंदुस्तान में नहीं हुई है। इंदिरा गांधी का दौर मैंने देखा है। उससे कहीं बदतर हालात हैं आज। आपातकाल में यह नहीं होता था कि हर समय आप हिंदू-मुसलिम को लड़ाने का काम करते रहें। आपातकाल में ऐसा नहीं होता था कि जो लोग सड़क पर निकले हैं उनको उठा कर उनके साथ बर्बर व्यवहार करें।
मौजूदा सरकार जब सत्ता में आई थी तो उसकी सबसे बड़ी ताकत सोशल मीडिया थी। सभी मंत्रियों को सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी मजबूत करनी पड़ती थी। तो क्या कल तक जो इनकी सबसे बड़ी ताकत थी, वही सोशल मीडिया आज इनके खिलाफ खड़ा हो गया है?
प्रशांत भूषण: आज पूरा सोशल मीडिया इनके खिलाफ है। क्योंकि सोशल मीडिया पर उस तरह से कब्जा नहीं किया जा सकता, जैसे मुख्यधारा के मीडिया के ऊपर किया जा सकता है। मुख्यधारा के मीडिया को चलाने के लिए बहुत पैसों की जरूरत होती है। सोशल मीडिया चलाने के लिए पैसों की जरूरत नहीं होती है। कोई भी व्यक्ति यू-ट्यूब चैनल खोल सकता है और उसके जरिए थोड़ा पैसा भी कमा सकता है। इसलिए कई पत्रकारों ने ‘गोदी मीडिया’ को छोड़ कर अपनी स्वतंत्र पत्रकारिता शुरू कर दी है। जब सरकार ने इतनी गंध मचाई है तो जाहिर है कि जो पत्रकार मुख्यधारा के मीडिया को छोड़ कर आए हैं, वे सरकार के खिलाफ बोलेंगे।
सोशल मीडिया पर दमदार मौजूदगी वाले लोग आरोप लगा रहे हैं कि सरकार उनकी पोस्ट को प्रतिबंधित कर रही है। रोज वैसी लाखों सामग्रियां इंटरनेट से हटाई जा रही हैं जो सत्ता विरोधी हैं। खबर है कि सोशल मीडिया के प्रभावशाली लोगों के समूह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से इस बाबत संपर्क किया है कि इंटरनेट पर उनकी मौजूदगी खत्म की जा रही है। क्या इस तरह के माहौल में किसी तरह के परिवर्तन की उम्मीद की जा सकती है?
प्रशांत भूषण: ध्रुव राठी को जितना दबाने की कोशिश की गई, वे उतना ही ज्यादा उभरे। जिसको जितना दबाने की कोशिश होती है वो उतना ही उभरता है। पिछले दिनों हुए प्रदर्शन को सरकार ने जितना ज्यादा दबाने की कोशिश की वह उतना ही ज्यादा उभरा। सबसे बड़ी बात है कि लोगों में डर खत्म हो गया है। लोग अब इस सरकार से डरते नहीं हैं।
पिछले दिनों प्रदर्शन के बाद एक माहौल बन गया था। लेकिन प्रदर्शन की अगुआई कर रहे कुछ युवाओं की गिरफ्तारी के बाद माहौल थम सा गया है। क्या सत्ता के खिलाफ वैसा ही माहौल फिर बन पाएगा?
प्रशांत भूषण: माहौल में कोई कमी नहीं है। तिरंगा फहराने का कार्यक्रम हुआ। देश भर में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। विपक्ष लगातार रैली कर रहा है। एक नवंबर को रैली होगी। सरकार के दमन से कुछ फर्क नहीं पड़ेगा। जो माहौल बना है अभी वह जारी रहेगा। लोगों की ऊर्जा में कोई कमी नहीं है।
कुछ प्रदर्शनकारी युवाओं ने शांति-अनुबंध भरा। इसे सत्ता पक्ष ने इस तरह प्रचारित किया कि इससे पहले वे शांति को भंग करने की प्रक्रिया में शामिल थे। क्या इससे उन युवाओं का जोश थोड़ा ठंडा नहीं हो जाएगा जो इन्हें नायक मान कर इनकी आवाज पर एकजुट हो रहे हैं?
प्रशांत भूषण: शांति-अनुबंध भरना एक साधारण प्रक्रिया है। पहले भी होती रही है। इसे भरने का कोई खास मतलब नहीं निकालना चाहिए। ये लोग तो शांतिपूर्ण प्रदर्शन ही कर रहे थे।
नेहा बोरा ने शांति-अनुबंध भरने के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर रखा है। क्या इससे युवाओं के बीच खास संदेश जाएगा?
प्रशांत भूषण: ठीक है, उनका अपना एक रुख है। वे अपनी राजनीति अपनी तरह से ही करेंगी।
काजपा पर भी वही आरोप लग रहे हैं जो कभी आम आदमी पार्टी पर लगे थे। काकरोच जनता पार्टी को भाजपा की ‘ब’ टीम बताया जा रहा है। आरोप है कि भाजपा कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा संगठन खड़ा कर लेती है। आप आम आदमी पार्टी के संस्थापकों में रहे हैं। क्या आपको लगता है कि वाकई यह भाजपा का खड़ा किया संगठन है?
प्रशांत भूषण: मुझे ऐसा बिल्कुल नहीं लगता है। यह जरूर है कि पहले अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका थोड़े दिनों के लिए आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे। इन्होंने जो काकरोच जनता पार्टी की मुहिम शुरू की है उसमें मुझे ऐसा कुछ भी नहीं दिख रहा है कि ये आम आदमी पार्टी के कहने पर कुछ कर रहे हैं। हो सकता है कि अभी भी इनके कुछ संपर्क ‘आप’ से हों। लेकिन ये आम आदमी पार्टी की इकाई की तरह नहीं काम कर रहे हैं। इन्होंने एक नवंबर की रैली को समर्थन दिया है।
आम आदमी पार्टी की स्थापना के पहले उस प्रदर्शन का नेतृत्व अन्ना हजारे ने किया था। काजपा ने पेपर लीक को लेकर जो प्रदर्शन किया उसका नेतृत्व सोनम वांगचुक करते दिखे। वांगचुक का आना, फिर सबको भरोसे में लिए बिना सत्ता पक्ष के नेता के हाथों से उपवास तोड़ना और उनका चले जाना। यह सब क्या था? क्या नेता विहीन संगठन होने के कारण अभी काजपा के प्रदर्शन को नुकसान पहुंच रहा है?
प्रशांत भूषण: ऐसा बिल्कुल नहीं है। ये तीनों जो युवा नेता हैं काजपा के काफी सुलझे हुए हैं। बाकी छात्रसंघ के लोग भी हैं जिसमें आइसा की नेहा बोरा बहुत योग्य नेता हैं। एसएफआइ की आइशी घोष भी हैं। ये सब बहुत योग्य हैं। सोनम वांगचुक का मुख्य काम लद्दाख में है। उसके लिए वो वापस चले गए। पेपर लीक के मुद्दे पर आए, भूख हड़ताल की लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे काजपा के नेता बनकर उन्हीं के साथ लगे रहें। लद्दाख में उनका अपना काम है।
काकरोच जनता पार्टी के भविष्य को आप कैसे देखते हैं? क्या यह आम आदमी पार्टी की तरह एक राजनीतिक इकाई में बदलेगी? या यह एक दबाव समूह के रूप में काम करती रहेगी जैसा कि अभिजीत दिपके व इसके अन्य संस्थापक सदस्य दावा कर रहे हैं?
प्रशांत भूषण: अभी ये कहना तो बहुत मुश्किल होगा कि आगे ये क्या रूप लेंगे। ये लोग तो यही कह रहे हैं कि अभी राजनीतिक दल नहीं बनाना चाहते हैं। लेकिन आगे चलकर क्या होगा, यह कहना बड़ा मुश्किल होता है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आगे किस तरह के हालात बनते हैं। राजनीतिक दल बनाना दूर की बात है क्योंकि इसके लिए आपको राष्ट्रीय स्तर पर पूरे देश में संगठन बनाना होता है। संगठन के बगैर कोई राजनीतिक दल आगे नहीं बढ़ सकता है। राष्ट्रीय स्तर पर सांगठनिक ढांचा खड़ा करना बहुत आसान काम भी नहीं है।
क्या काजपा और आम आदमी पार्टी की राजनीतिक शैली में कोई समानता है?
प्रशांत भूषण: मैं ऐसा नहीं समझता। ‘आप’ ने भ्रष्टाचार का एक मुद्दा उठाया था। ये लोग तो एक-एक करके कई मुद्दे उठाते जा रहे हैं। पहले पेपर लीक का, फिर भर्ती परीक्षा, फिर स्कूल अब एसआइआर का मुद्दा उठाया है। कुछ समानता हो सकती है लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। यह युवाओं की मुहिम है। आम आदमी पार्टी का दायरा बड़ा था। उसमें मेरे पिता शांतिभूषण जी भी थे।
आम आदमी पार्टी को छोड़ने को लेकर आपको कभी अफसोस हुआ?
प्रशांत भूषण: बिल्कुल नहीं। इस बात का अफसोस है कि हम लोगों ने इस पार्टी को अरविंद केजरीवाल के हाथ में क्यों जाने दिया। केजरीवाल ने बुनियादी सिद्धांतों को भुला दिया।
अरविंद केजरीवाल ने सफलता पाई। उनके पास राजनीतिक शक्ति है।
प्रशांत भूषण: इस तरह की सफलता का कोई फायदा नहीं है जो एक बेहतर सरकार नहीं दे पाई हो। जैसी सरकार कांग्रेस और अन्य ने दिया, ‘आप’ का भी वही ढर्रा रहा है।
आज जो आम आदमी पार्टी की हालत है उसका जिम्मेदार आप किसे मानते हैं? अरविंद केजरीवाल या वे लोग जो उन्हें छोड़ कर चले गए?
प्रशांत भूषण: केजरीवाल और उनकेलोग खुद हैं। ये मूल सिद्धांत और वादे पर टिके रहते कि हमें एक ऐसी पार्टी बनानी है जो पारदर्शिता और लोकतांत्रिक तरीके से काम करे तो शायद अब तक एक राष्ट्रीय विकल्प खड़ा कर चुके होते। लेकिन उन्होंने ‘शार्टकट’ अपनाया। इन्हें लगने लगा कि हमें भी वह सब करने की जरूरत है जो दूसरे राजनीतिक दल करते हैं।
एसआइआर अब अदालत के कठघरे में है। अदालती इंसाफ के संदर्भ में आप इसका कैसा भविष्य देखते हैं?
प्रशांत भूषण: एसआइआर को लेकर जितने खुलासे हुए हैं उससे सुप्रीम कोर्ट को थोड़ी समझ आ गई है कि इसमें हर तरह की धांधली हुई है। यह भी दिख रहा है कि किसी के कहने पर ज्ञानेश कुमार ही सारे फैसले लेते जा रहे थे। ये भी मान लिया गया है कि एक साल से इनकी कोई मीटिंग ही नहीं हुई थी।
किसके कहने पर फैसला लिया गया था?
प्रशांत भूषण: कोई शक नहीं कि सरकार के कहने पर ही लिया गया होगा। एसआइआर का सारा खेल ही भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए है, ऐसा लगता है।
कई मामलों में देखा गया है कि सुनवाई के दौरान अदालत से जनपक्षीय टिप्पणियां आती हैं। लेकिन जब फैसला आता है तो उलट स्थिति दिखती है।
प्रशांत भूषण: ऐसा हो रहा है। बहुत मामलों में खराब फैसले आए हैं। बिहार और खास कर बंगाल के संदर्भ में अब लग रहा है कि बहुत कुछ गलत हुआ।
न्यायिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आपकी छवि एक योद्धा की है। क्या आपको लगता है कि कुछ परिवर्तन ला पाए हैं?
प्रशांत भूषण: बहुत ज्यादा तो नहीं लेकिन अब चीजें दिखने लगी हैं।
सत्ता पक्ष के खिलाफ उभरे प्रदर्शनों के बाद भी एक शब्द आ जाता है ‘टीना’। क्या वाकई मौजूदा सत्ता के शीर्ष का कोई विकल्प नहीं है?
प्रशांत भूषण: यह बात ठीक है कि विपक्षी दल कमजोर हो गए हैं। इतने वर्षों में उनके पास पैसे भी नहीं रहे हैं। इतने वर्षों में उनके अंदर जो भ्रष्टाचार उभरा था उसका फायदा भाजपा ने उठाया। लेकिन इधर राहुल गांधी बहुत परिपक्व हुए हैं और बेहतरीन विकल्प के रूप में उभरे हैं।
मतलब राहुल गांधी ‘पप्पू’ नहीं हैं?
प्रशांत भूषण: वे एक अच्छे नेता के तौर पर काम कर रहे हैं। कोई पप्पू नहीं हैं…।
