राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल का कहना है कि भारत में हर अल्पसंख्यक समुदाय सुरक्षित है। इसका सबूत यह है कि सभी अल्पसंख्यक समुदायों की जनसंख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अलपसंख्यकों के मुद्दों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हित के लिए करते हैं। उन्होंने सांस्थानिक ढांचे का हवाला देते हुए कहा कि वोट चोरी कैसे हो सकती है? मदरसों के बारे में कहा कि उन्हें बंद हो जाना चाहिए, क्योंकि वे कट्टरता फैलाते हैं। ग्रेवाल ने समान नागरिक संहिता को मुसलिमों के पक्ष में बताया। उनका दावा है कि देश के असली युवा नरेंद्र मोदी के साथ हैं। हरजीत सिंह ग्रेवाल से जनसत्ता के कार्यकारी संपादक मुकेश भारद्वाज की बातचीत के मुख्य अंश।
आप राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हैं। देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए आपका विभाग अति संवेदनशील हो जाता है। ऐसे समय में जब अल्पसंख्यक समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, तो क्या आपको भी लगता है कि आपके कंधों पर एक मुश्किल काम की जिम्मेदारी है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: हमारे देश में अल्पसंख्यक जरा भी असुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। जिन देशों में असुरक्षित महसूस करते हैं वहां अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की जनसंख्या कम हो रही है। जब पाकिस्तान का निर्माण हुआ था तो वहां हिंदू 25 फीसद से भी ज्यादा थे जो अब 1.5 फीसद हैं। बांग्लादेश में भी यही हाल है। 1970 के दशक में अफगानिस्तान में हिंदू-सिख की संयुक्त आबादी लगभग सात लाख थी, जो अब लगभग सौ है। भारत में किसी भी समुदाय को देख लीजिए-मुसलिम, पारसी, ईसाई। सबकी जनसंख्या बढ़ रही है। यहां सब सुरक्षित हैं।
लेकिन राजनीतिक परिदृश्य में अस्सी बनाम बीस फीसद का विमर्श छिड़ा हुआ है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने फिर से यह बात दोहराई है।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: बदकिस्मती यह है कि हमारे राजनीतिक दल अपना हित साधने के लिए अल्पसंख्यकों का इस्तेमाल करने की कोशिश करते रहते हैं। जब से भाजपा आई है तब से जुल्म हो रहा है, जुल्म हो रहा है वाली बात ज्यादा करते हैं। वे यह नहीं समझते कि इससे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हमारे देश का नुकसान हो रहा है। अटल जी विदेश गए थे तो उन्होंने देश और सरकार का पक्ष रखा। जब वे वापस आए तो भाजपा के लोगों ने कहा कि आप तो गलत लोगों की प्रशंसा कर आए। अटल जी ने कहा, भाई वो मेरे देश का मसला था। वहां मुझे देश का पक्ष रखना था। ऐसा होता है प्रतिपक्ष का आचरण।
आपका दावा है कि अब ऐसा नहीं है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: नहीं।
आज सत्ता पक्ष भी तो यही कर रहा है। सत्ता पक्ष के मुख्यमंत्री कहते हैं कि न तो मुसलमान मुझे वोट डालते हैं और न मुझे इनके वोट चाहिए। ऐसा विभाजनकारी माहौल क्यों बनाया जा रहा है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: वह एक राजनीति है। मगर देश में ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए। चाहे मैं हूं, आप हैं, कोई भी हो, ऐसा काम न करें जिससे देश का लोकतंत्र कमजोर हो। इन पर नियंत्रण जरूरी है। ये देश की संवैधानिक संस्थाओं पर से विश्वास खत्म करवाने की कोशिश करते जा रहे हैं। कहते हैं, वोट चोरी हो रही है। वोट चोरी कैसे हो जाएगी?
आप नहीं मानते कि बंगाल में वोट चोरी हुई है? 27 लाख लोग वोट नहीं दे पाए और कह दिया गया कि कोई बात नहीं अगले चुनाव में वोट दे दीजिएगा।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: मुझे समझ में नहीं आता कि ऐसा कैसे हो जाएगा। चुनाव आयोग है और उसके ऊपर सुप्रीम कोर्ट है। सुप्रीम कोर्ट ने कई बार सरकार के खिलाफ फैसला भी सुनाया है। इस कड़ी को देखिए तो लोकतंत्र में कोई रुकावट नहीं है।
उत्तर प्रदेश में चुनाव आने वाले हैं तो हिंदू-मुसलिम का विमर्श उठेगा ही। ऐसी स्थिति में अगर मुसलिम समुदाय के लोग शिकायत लेकर आएंगे तो उनकी बात सुनी जाने की क्या व्यवस्था है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: मैंने शिकायतों पर सुनवाई के लिए व्यवस्था बनाई है। जो भी हमारे पास शिकायत लेकर आएगा उनकी निष्पक्ष सुनवाई होगी।
मुसलिमों के अलावा क्या सिख, ईसाई और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की शिकायतें भी आती हैं?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: बहुत आती हैं। हम त्वरित और निष्पक्ष तरीके से इन पर सुनवाई करते हैं।
पंजाब में भी चुनाव होने वाले हैं। क्या वहां इस तरह की कोई शिकायत आई?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: वहां मोहनजीत सिंह शेरों का मामला आया। जिनको काले झंडे दिखाए गए और मार-पीट कर बुरी तरीके से प्रताड़ित किया गया। वहां मैं गया था, खुद फोटोग्राफी की, उनके बयान दर्ज किए और अब डीजीपी को बुलाया है पेशी के लिए। कार्रवाई के बाबत दरियाफ्त होगी। इन्होंने कार्रवाई के नाम पर कुछ पुलिस अफसर निलंबित कर दिए। निलंबित करने से काम नहीं चलेगा। कार्रवाई के लिए तफ्तीश होगी न! जनता को मालूम होना चाहिए कि क्या कार्रवाई हुई है।
अल्पसंख्यक आयोग, मानवाधिकार आयोग, अनुसूचित जाति जनजाति आयोग-इन पर आरोप है कि ये शक्तिहीन संस्थाएं हैं। ये सिर्फ मामले का संज्ञान भर लेती हैं। इनसे जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई कैसे सुनिश्चित की जाए?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: कार्रवाई का एक उदाहरण देता हूं। तृणमूल की सांसद महुआ मोइत्रा ने यह दिखाने के लिए शिकायत दर्ज कराई कि सरकार का सांप्रदायिक एजंडा है। उन्होंने कुछ मुसलिम अफसरों के नाम दिए और आरोप लगाया कि जब से सूबे में नई सरकार आई है, इनके धर्म के कारण इन्हें अहम जिम्मेदारियां नहीं दी जाती हैं, इन्हें बैठकों में नहीं बुलाया जाता है। मैंने अल्पसंख्यक समुदाय के उन अफसरों से फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि हमारे साथ ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है और ये गुमराह करने वाले बेबुनियाद आरोप हैं। हमने उनके बयान दर्ज किए और अगले दिन बंगाल के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी को बुलाया। उनसे कहा कि ये हमारी तफ्तीश है, बयान हैं और इनके आधार पर एफआइआर दर्ज कीजिए ताकि कल को फिर कोई ऐसा काम नहीं करे।
महुआ मोइत्रा राजनीतिक हस्ती हैं। कोई आम आदमी शिकायत करता है कि एसआइआर में उसका नाम गलत तरीके से कट गया है या साधारण लोगों का समूह भेदभाव का आरोप लगाता है तो क्या आयोग में उनकी बात सुनी जाने की गारंटी है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: अभी तक तो इस तरह की शिकायत नहीं आई है। अगर आएगी तो जरूर सुनवाई होगी।
आप राजनीति के क्षेत्र में वरिष्ठ हैं। अभी जो देश का निजाम है उससे लंबे समय से जुड़े रहे हैं। पंजाब में अल्पसंख्यक समुदाय की प्रधानता है। इस सूबे की मौजूदा सत्ता पर आरोप है कि वह दिल्ली से चलती है और रिमोट कंट्रोल वाले गैर सिख हैं। क्या पंजाब की सरकार के संदर्भ में अल्पसंख्यक समुदाय की शिकायतें आती हैं?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: पंजाब में यह शिकायत है ही। बाहर से पैसे देकर उन लोगों को बुलाया गया है, जिनका यहां से ताल्लुक नहीं है। कोई बिहार से है, कोई उत्तर प्रदेश से है, कोई कहीं और से है। इनमें से किसी को जिले का प्रभार सौंप रखा है तो किसी को प्रदेश का। इनकी पार्टी व प्रदेश अध्यक्ष की कोई साख नहीं है। पार्टी बाहरी लोगों के कहने से चलती है। इस कारण यहां के लोगों के आत्मविश्वास में कमी आ गई है। पंजाब से गए लोग अमेरिका, कनाडा, इंग्लैंड, न्यूजीलैैंड की सरकारों में हैं। इनकी समझ पर भरोसा है तभी तो वहां हैं। ये मेहनती भी हैं। जहां जाते हैं वहां के लोगों से तालमेल भी बिठा लेते हैं। अब यहां पंजाबियों में हीन भावना आ गई है कि बाहर से आए लोग हम पर राज कर रहे हैं। यह आक्रोश समय आने पर निकलेगा ही।
मतलब, पंजाब में आम आदमी पार्टी दुबारा सरकार नहीं बना पाएगी?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: नहीं।
आपने बाहरी लोगों के कारण उपजे गुस्से की बात कही।लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान तो पंजाबी हैं। हंसाते भी खूब हैं।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: वो सिर्फ हंसाते ही हैं। पंजाब की बुनियादी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। सरकार चलाने वाले कहीं और बैठे हुए हैं, उन्हें कुछ मालूम नहीं रहता है। मेरा और उनका इलाका एक ही है-मालवा। मैं चालीस वर्षों से वहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा रहा हूं। भाजपा में भी रहा हूं। मैंने देखा है कि मालवा के लोग इस तरह के चुटकुले सुनाने के आदी हैं।
बतौर मुख्यमंत्री आप भगवंत मान को अच्छे नंबर नहीं दे रहे हैं।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: बिल्कुल नहीं। पंजाब की तो दुर्दशा हो रखी है।
फिर पंजाब को कौन चला रहा है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: केजरीवाल और उनकी कंपनी चला रही है। उन्हें पंजाब को लेकर कोई दर्द नहीं है। केंद्र से आए पैसे को लेकर झूठ बोलते हैं। अगर लोगों की दो से तीन हजार रुपए की मदद करते हैं तो उस पर अपनी फोटो लगाने में एक हजार खर्च कर देते हैं। वे अपने प्रचार में पैसे खर्च करने बंद करें तो जनता की बहुत मदद हो जाएगी। यहां पूरे मीडिया को खरीद रखा है और उससे प्रचार-प्रसार करते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे आरोप आप पर लग रहे हैं कि भाजपा ने मीडिया को खरीद लिया है।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: तो मैं कब कहता हूं इसका विरोध नहीं करो। कई चैनलों पर इस तरह के आरोप हैं कि सुबह-शाम सिर्फ इन्हें दिखाते हैं। एक चैनल के बारे में तो मैं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लिख रहा हूं कि इसकी जांच करो।
चैनल के खिलाफ आपने स्वत: संज्ञान लिया या शिकायत मिली थी? किस संदर्भ में थी यह शिकायत?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: हमें शिकायत मिली थी। पिछले दिनों दिल्ली में हुए प्रदर्शन को लेकर समाज में कड़वाहट फैलाने वाली खबरें दिखाई गईं। दिखाया गया कि दिल्ली पुलिस ने बहुत गलत किया। हालांकि वहां दिल्ली पुलिस की कोई गलत भूमिका नहीं थी। प्रदर्शनकारियों को अंदर नहीं जाना चाहिए था। यह तो एक अवमानना थी।
गुरुद्वारे के बारे में मान्यता है कि जिसने प्रवेश किया वह वाहे गुरु की शरण-सुरक्षा में गया।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: वह जगह भगवान का नाम लेने के लिए है। सच के लिए है, झूठ के लिए नहीं।
काकरोच जनता पार्टी के साथ जुड़े बच्चों को आप गलत मान रहे हैं?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: वहां केजरीवाल की कंपनी इकट्ठा हुई है। वे देश में बगावत करवाना चाहते हैं।
आरोप लगाया जा रहा है कि वह भाजपा की ‘बी’ टीम है।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: ये सब झूठ है। इन्हें किसी तरह बस सत्ता चाहिए। किसी भी तरह मोदी जी जाने चाहिए, हम आने चाहिए।
’मोदी जी अगर अच्छा काम कर रहे हैं तो उनकी इतनी मुखालफत क्यों हो रही है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: अच्छे लोगों की मुखालफत तो होती ही है। मोदी जी मजबूत हैं, इसलिए उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। चिंता इस बात की है कि ये लोग देश का नुकसान करते हैं।
आम आदमी पार्टी 92 सीटें लेकर आई थी। पिछले दिनों दावा किया, इससे ज्यादा सीटें लाएगी।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: झूठ का कोई क्या करे। पंजाब में इस समय 8000 डेरे हैं, 270 उपजाति के संगठन हैं। उस समय ये उनके साथ थे। अब ये सभी उनके खिलाफ हैं। मैं आज कह रहा हूं कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी।
आप ऐसी बात कह रहे हैं जिस पर शायद कोई यकीन नहीं करेगा। इसका मतलब यह समझें कि पंजाब में भाजपा का गठबंधन हो जाएगा?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: मेरा चालीस वर्ष का अनुभव है। पंजाब में भाजपा अकेले लड़ेगी और सरकार बनाएगी।
अल्पसंख्यक संस्थानों की फंडिंग पर विवाद उठते रहे हैं। इसके लिए कोई योजना?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: इसके लिए पूरी मुहिम छिड़ी हुई है। अंतिम आदमी तक को लाभ पहुंचाने की कोशिश है।
मगर सारे मदरसे बंद हो रहे हैं…
हरजीत सिंह ग्रेवाल: उन्हें बंद होना ही चाहिए। हमें कट्टरता नहीं चाहिए। हमें उनके हाथ में कंप्यूटर चाहिए। जो भी समुदाय कट्टरता करेगा मैं उसका विरोध करूंगा चाहे वह सिख समुदाय का ही क्यों न हो।
सत्ताधारी दल का जो रुख है उसे देखते हुए क्या आप स्वतंत्र तरीके से काम कर पाते हैं? मुसलिम, ईसाई जैसे अल्पसंख्यक समुदायों की भलाई के लिए काम कर पाते हैं?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: हमारे लिए हिंदू-मुसलिम कोई मुद्दा नहीं है। सभी की उचित समस्या का निवारण करना है हमें।
फिर युवा वर्ग आपके खिलाफ क्यों है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: वे चंद लोग हैं और उनके साथ भी सरकार प्यार से ही मनुहार कर रही है। असली युवा मोदी जी के साथ है।
मुगलों से इतनी नफरत क्यों है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: मुगलों से नहीं सिर्फ हमलावरों से नफरत है।
पर्सनल ला बोर्ड व समान नागरिक संहिता को लेकर मुसलिम समुदाय में खासा असंतोष है। उन्हें लगता है कि उनकी धार्मिक स्वतंत्रता खतरे में होगी। आपका क्या कहना है?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: देश में कानून सभी के लिए एक जैसा होना चाहिए। हिंदू-मुसलिम-सिख के नाम पर अलग कानून नहीं होना चाहिए। आप नकाब अपने तरीके से पहनिए…
शादी अपने तरीके से कर सकते हैं लेकिन तलाक अपने तरीके से नहीं ले सकते हैं…
हरजीत सिंह ग्रेवाल: औरतों को प्रताड़ित करना गलत है।
परिसीमन के मुद्दे पर मुसलिम तबके को डर है कि कहीं पर भी उनका मत सत्ता के संदर्भ में निर्णायक नहीं रह जाएगा।
हरजीत सिंह ग्रेवाल: परिसीमन, एसआइआर सब कांग्रेस के समय की प्रक्रियाएं रही हैं। अभी क्या दिक्कत है? आप दो जगह से वोटर हैं क्या यह अच्छा होगा?
मेरा नाम मोहम्मद सलीम है और सिर्फ इस वजह से नाम कट जाए तो?
हरजीत सिंह ग्रेवाल: इस वजह से किसी एक का भी नाम मतदाता सूची से कटा हो तो आप आयोग के पास लाइए। हम जांच करवाएंगे। इस तरह के आरोप संवैधानिक संस्थाओं से विश्वास उठाने की साजिश भर हैं।
