‘आज यह दीवार परदों की तरह हिलने लगी
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।
हर सड़क पर, हर गली में, हर नगर, हर गांव में
हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।’

दुनिया भर की सत्ता चाहे कितनी भी शक्तिशाली रही हो, जनता के प्रतिरोध का अधिकार कभी नहीं छीन पाई है। जब-जब सत्ता ने जनता को अधिकारहीन जिंदा लाश की तरह देखने की कोशिश की है, तब-तब निर्जीवों में भी प्रतिरोध की शक्ति आ गई है। चुनाव आयोग की एसआइआर की प्रक्रिया शुरू से ही आरोपों के घेरे में रही।

पिछले दिनों इस प्रक्रिया पर आयोग की गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद मृत घोषित कर दी गई जनता सड़क पर चलने के लिए मजबूर हुई। आज दस अक्तूबर को जब देश की राजधानी दिल्ली छावनी बनी हुई है, प्रदर्शन गैरकानूनी घोषित है, तब जनता के उस इतिहास को याद करवाता बेबाक बोल जिसे हर सत्ता भूल जाती है।

अक्तूबर के महीने को इतिहास के कुछ ऐतिहासिक तथ्यों के साथ जोड़ कर देखते हैं। पांच और छह अक्तूबर 1789 को पेरिस की महिलाओं ने वर्साय की ओर जुलूस निकाला। तब राजसत्ता को अहसास हुआ कि भूखी जनता के विरोध में कितनी शक्ति होती है।

निर्जीव समझ ली गई जनता के लहराते हाथ को फ्रांसीसी क्रांति के नाम से जाना जाता है। इसी तरह रूस में भूख और भ्रष्टाचार से परेशान जनता ने जो किया उसे 1917 की अक्तूबर क्रांति के रूप में जाना जाता है। भूखी जनता के इस संघर्ष ने पूरी दुनिया का राजनीतिक इतिहास बदल दिया। वहीं अक्तूबर 1949 में चीन की जनता के आंदोलन ने न सिर्फ वहां की पुरानी सत्ता बदली बल्कि दुनिया को एक नई शक्ति दी।

इतिहास में अक्तूबर की ये तारीखें याद दिलाती हैं कि जनता को अपने विरोध प्रदर्शन के लिए न तो किसी करिश्माई नायक की जरूरत होती है और न ही बंदूकों और तोप की। जनता जब-जब भूख के मुकाबिल खड़ी हुई उसे क्रांति का नाम दिया गया। दुनिया भर की जनता की एक खासियत रही है।

जब तक उसे अपने पास लोकतांत्रिक शक्ति होने का आभास रहता है, वह तब तक शांतिपूर्वक अपना जीवनयापन करती है। लोकतांत्रिक शक्तियों के कारण उसे अपनी सत्ता, अदालतों, नौकरशाहों और पुलिस पर भरोसा रहता है। इन शक्तियों के छिन जाने का अहसास होते ही जनता अपना शक्ति प्रदर्शन करती है। जनता अपनी कौम को दुष्यंत कुमार के शब्दों में पुकारती है-हर लाश चलनी चाहिए।

हमारे देश की जनता को भूख, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सब्र होने लगा था। थोड़ा कम और थोड़ा ज्यादा हर सत्ता के साथ जनता का ऐसा ही रिश्ता रहता है। मौजूदा सत्ता पर इसके पहले भी कई इल्जाम लगे। लेकिन जनता अपने लाए हुए बदलाव को बहुत जल्दी बदलने के पक्ष में नहीं थी। इसलिए कई तरह की उलझनों के बावजूद वह चुप थी।

इन सबके बीच आया मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण अभियान। शुरुआत बिहार से हुई। जो दुल्हन इस निर्देश के साथ अपनी ससुराल आई थी कि यहां डोली से आई हो तो अर्थी से ही निकलना, उस डोली वाले घर की ओर भागी। जहां जन्म लेते ही बेटियों के दहेज के लिए सोना, चांदी जमा करना शुरू कर दिया जाता है, वहां उनके लिए वैसे कागजात कौन बनवाता जिससे पता चले कि डोली से लेकर अर्थी तक के सफर की डगर में वह मतदाता भी है।

जिस बिहार के पारंपरिक घरों में शादी के बाद लड़की का नाम भी बदल दिया जाता है वहां उससे नाम की त्रुटिमुक्त पहचान मांगी गई। मांग का सिंदूर सिर्फ उसके विवाहित होने की पहचान था, मतदाता का नहीं। बिहार के बाद बंगाल में हाहाकार मच गया। एक ही झटके में 27 लाख लोग शक्तिहीन बना दिए गए।

इन सबके बीच सरकार और चुनाव आयोग से लेकर अदालतों की टिप्पणियां ऐसी रहीं, जिनसे जनता ने मान लिया कि उसका अस्तित्व कीड़े-मकोड़े जैसा है। तभी फिजा में गूंजा ‘काकरोच’ यानी इस ग्रह का घृणित कीड़ा। सत्ता उसे घुसपैठिया कह रही थी, अदालत उसे काकरोच कह रही थी। अब शक्तिहीन जनता ने खुद की अगुआई की। शक्तिहीन जनता की भीड़ को देख कर पहली बार सत्ता को अपनी शक्ति में कमी दिखी और मौजूदा सरकार में उसी का इस्तीफा लिया गया, जिसका मांगा गया था।

जनता के इस प्रदर्शन के बाद सत्ता ने सारा ठीकरा अपने आइटी सेल पर फोड़ कर पूरी टीम बदल डाली। जमीन पर खड़ी जनता के जख्मों की मरहम-पट्टी करने के बजाय नई टीम ने उस पर नमक छिड़कना शुरू कर दिया।

महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों को छोड़ सत्ता-पक्ष फिर से बजरिए चुनाव आयोग हर सवाल उठाती जनता को घुसपैठिया साबित करने में लग गया। सत्ता के घमंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिस ज्ञानेश कुमार पर जनता के अधिकार कुचलने के इतने दाग लग चुके हैं उनके लिए भारत-रत्न की मांग हो रही है। सत्ता-पक्ष अपने बहुमत पर इतना मुग्ध है कि यह भी नहीं समझ पा रहा है कि ज्ञानेश कुमार के वे फैसले ही अल्पमत में थे जिसने देश में मताधिकार के ढांचे को ही बदल दिया।

जनता के आक्रोश का जून से लेकर अक्तूबर तक का यह सफर खास है। यह आंदोलन जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए शुरू किया गया। जनता ने आंदोलन उस पारंपरिक परिभाषा को बचाने के लिए किया जिसमें लोकतंत्र को जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा बनाया गया ढांचा माना जाता है। अब आरोप लगे कि बजरिए चुनाव आयोग सत्ता अपनी जनता चुन रही है। इसके बावजूद सत्ता ने डंके की चोट पर कहा कि हमें फलां कौम का वोट नहीं चाहिए। हम तुम्हें राशन देंगे, शौचालय देंगे, पक्का मकान देंगे लेकिन तुम्हारा वोट नहीं चाहिए।

यह इकबालिया बयान उस सूबे में दिया गया, जहां 27 लाख लोग वोट ही नहीं डाल सके। चुनाव आयोग लंबे समय से जनता को वोट डालने के लिए प्रेरित करता रहा है। बच्चे स्कूली किताबों में चुनाव को लोकतंत्र का महापर्व पढ़ते हैं। लेकिन यह उन लाखों बच्चों के लिए रटंत विद्या ही साबित हुई जिनके माता-पिता की अंगुली पर बंगाल विधानसभा के मतदान के दिन नीला निशान नहीं लगा। यह वैसा ही था जैसे दीपावली में किसी के घर दीप न जले या ईद में सेवई न बने। अदालत का भी संदेश था कि एक बार लोकतंत्र का त्योहार नहीं मनाया तो क्या हो जाएगा?

सत्ता से लेकर संस्थाओं के अहंकार ने हालात को उस मोड़ पर ला दिया कि जनता को लगा अब अपना नायक खुद बनना होगा। जंतर मंतर पर विरोध-प्रदर्शन में युवाओं के शक्ति प्रदर्शन ने डेढ़ दशक से बन रही तस्वीर ही बदल दी। जनता राजनीति के आगे चलने वाली मशाल बन गई। विपक्ष को भी समझ आई कि उसे कैसे और कैसी राजनीति करनी चाहिए।

पहले राजनीतिक दल जनता की जुबान पर नारे डालते थे। इस बार विपक्ष के नेता युवाओं के नारे अपना कर कह रहे, ज्ञानेश भैया, आपका हो गया। अवरोधकों पर चढ़ते युवाओं की रील्स से विपक्ष के नेता भी अवरोधक पर चढ़ कर उसे पार करने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं की तरह हिरासत में लेने के लिए घसीटे जा रहे विपक्ष के नेताओं की तस्वीरों ने उनके राजनीतिक कद को बढ़ा दिया है।

वोट डालना जनता का ऐसा अधिकार है, जिसके जरिए वह अपने अन्य अधिकारों की रक्षा कर सकती है। वोट देने के अधिकार पर मिली चोट के बाद जनता अपने पुराने सारे दर्द एक साथ समेट कर निकल पड़ी है सड़क पर। देश में कई जगहों की जनता सड़क पर है। वोट जाने के भय ने उसके बाकी सभी भय खत्म कर दिए।

एसआइआर महज संवैधानिक प्रक्रिया की तरह होता तो कोई दिक्कत नहीं थी। सत्ता ने गलती की कि इसे अपनी मनपसंद जनता चुनने का हथियार की तरह दिखाने लगी और संस्था की गलती थी कि वह सत्ता की औजार की तरह दिखने लगी।

इसके नतीजतन जनता अपने अधिकार वापसी के लिए निकल पड़ी है। अक्तूबर में मौसम बदलने के साथ सत्ता, विपक्ष और जनता सबके चेहरे बदल गए हैं। दिल्ली पूरी तरह से छावनी में तब्दील है। जनता के सामने सत्ता खड़ी है। पीर के पर्वत होने पर जनता कह रही-हाथ हिलाते हुए हर लाश चलनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: मुकेश भारद्वाज का लेख: भारत रतन का करो जतन

टीवी पत्रकारों की तरह इस बार हमें भी विपक्ष से एक बड़ी शिकायत है। हमारी भी शिकायत यही है कि विपक्ष ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन पर कार्रवाई के पीछे क्यों पड़ा है? विपक्ष से हमारा नम्र अनुरोध है कि वह भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त के लिए वही मांग करे जो डबल इंजन वाले मुख्यमंत्री कर चुके हैं। जो मांग जंतर मंतर पर पिछले दिनों गूंजी है। विपक्ष को सलाह है, मुख्य चुनाव आयुक्त को भारत रत्न देने की मांग पुरजोर तरीके से करे। पढ़िए पूरी खबर…