“खाने और सोने का नाम जीवन नहीं है। जीवन नाम है सदैव आगे बढ़ते रहने की लगन का।” मुंशी प्रेमचंद का यह कथन किसी एक व्यक्ति के जीवन में इतना सटीक बैठता हुआ कम ही मिलता है, जितना सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन-दर्शन में दिखता है। बकौल पटेल “जब मैंने गाँधी जी का साथ पकड़ा तब मैंने कुछ लकड़ियाँ इकठ्ठी कीं, आग जला ली और अपने परिवार की सारी चिंताओं, जिम्मेदारियों, भविष्य और प्रतिष्ठा को उस आग में झोंक दिया। मुझे नहीं मालूम कि थोड़ी सी राख के अलावा कुछ बचेगा या नहीं।”
यह उक्ति किसी सामान्य राजनेता की नहीं हो सकती। यह उस व्यक्ति की वाणी है जिसने अपने समय, अपनी सुविधा और अपने स्वार्थ तीनों को एक साथ आहुति में डाल दिया और बदले में जो पाया, वह भारत नाम के एक अखंड राष्ट्र के रूप में आज भी हमारे समक्ष है।
31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के नाडियाड में एक कृषक परिवार में जन्मे वल्लभभाई के पिता झवेरभाई और माता लाडबाई किसान परिवार से थे। पाँच भाइयों और एक बहन में वे चौथे स्थान पर थे। न बड़े, न सबसे छोटे, एक मंझले स्वभाव के बालक, जिसे कालांतर में इतिहास ने भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन को वैचारिक और क्रियात्मक, दोनों रूपों में नई दिशा देने का श्रेय दिया।
यह विचित्र संयोग है कि जिस व्यक्ति के व्यक्तित्व में बिस्मार्क जैसी संगठन-कुशलता, कौटिल्य जैसी राजनीतिक सूझ-बूझ और अब्राहम लिंकन जैसी राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट निष्ठा एक साथ विद्यमान थी, वह व्यक्ति किसी राजघराने से नहीं, एक साधारण खेतिहर परिवार की मिट्टी से उठा था। शायद इसीलिए भारतीय जनमानस ने उन्हें कभी ‘किसान की आत्मा’ के रूप में स्मरण करना बंद नहीं किया।
बकौल सरदार वल्लभभाई पटेल “मेरी एक ही इच्छा है कि भारत एक अच्छा उत्पादक देश बने और यहाँ कोई भूखा न हो, अन्न के लिए आँसू न बहे।” यह वाक्य किसी नारे की तरह नहीं, एक प्रतिज्ञा की तरह पढ़ा जाना चाहिए।
सन् 1917 में सत्याग्रह आंदोलन से प्रेरित होकर पटेल पहली बार गाँधी जी के संपर्क में आए। उसी वर्ष वे अहमदाबाद नगर निगम के सदस्य निर्वाचित हुए मानो यह संकेत था कि आगे चलकर संगठन और निगम-कौशल ही उनकी पहचान बनने वाले हैं। असहयोग आंदोलन (1920) ने उन्हें राष्ट्रीय फलक पर पहचान दिलाई, और इसके बाद तो मानो एक के बाद एक सीढ़ियाँ स्वयं उनके क़दमों तले आती गईं।
1923 का बोरसद सत्याग्रह और 1928 का बारडोली सत्याग्रह यह दूसरा आंदोलन तो उनके नेतृत्व का शिखर ही सिद्ध हुआ। बारडोली की इसी सफलता ने उन्हें ‘सरदार’ की वह उपाधि दी, जो आगे चलकर उनके नाम का पर्याय बन गई। किंतु पटेल का कद केवल राजनीतिक आंदोलनों तक सीमित नहीं था।
1927 में गुजरात में आई भयंकर बाढ़ के समय उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ जिस अनुशासित सेवा-भाव का परिचय दिया, वह राजनेता से अधिक एक सेवक की छवि गढ़ता है।
1930 में सविनय अवज्ञा आंदोलन के दौरान वे सबसे पहले गिरफ़्तार होने वाले नेताओं में थे। नेतृत्व वहाँ भी आगे, जोखिम वहाँ भी सबसे पहले। गुजरात विद्यापीठ जब आर्थिक संकट से जूझ रही थी, तब उन्होंने दस लाख रुपये एकत्र कर जो सहायता दी, वह शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। और फिर वही 1930 की दांडी यात्रा, जिसमें उन्होंने गुजरात के ग्रामीणों और महिलाओं को विदेशी वस्त्रों और शराब के बहिष्कार के लिए प्रेरित किया।
1934 में कांग्रेस के केंद्रीय विधान सभा चुनावों का सारा दायित्व पटेल पर था, और फिर 1937 तथा 1946 के चुनावों में भी उन्होंने कांग्रेस के चुनाव-अभियानों का सफल संचालन किया।
रियासतों की राजनीति और जनता के आंदोलन इन दोनों की नब्ज़ को वे इतनी गहराई से पकड़ चुके थे कि अखिल भारतीय स्तर पर कांग्रेस संगठन को सुदृढ़ करना उनके लिए स्वाभाविक कर्म बन गया था। यहाँ एक बात स्पष्ट कह देनी चाहिए कि पटेल का व्यक्तित्व निर्विवाद नहीं रहा। कई बार उन्हें असमझौतावादी, पूँजी-समर्थक, मुस्लिम-विरोधी अथवा वामपंथ-विरोधी तक करार दिया गया। किंतु सच्चाई इससे कहीं भिन्न है।
पटेल मूलतः जनसाधारण के समर्थक और समाजवादी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उन्होंने न कभी संपत्ति चाही, न अपने लिए कोई वसीयतनामा छोड़ा। आम जनमानस के उत्थान को ही उन्होंने सच्चा समाजवाद माना।
सन् 1920 से 1950 तक के उस निर्णायक काल में, जब महात्मा गाँधी और पंडित नेहरू के साथ कदम मिलाकर वे राजनीति को दिशा दे रहे थे, उनकी महानता इसी बात में निहित थी कि उनके विरोधी भी अंततः उनके प्रशंसक बन गए। कहा जा सकता है कि गाँधी ने कांग्रेस में प्राणों का संचार किया, नेहरू ने उसे विचार और दृष्टि दी, और सरदार पटेल ने उसे संगठित कर सुदृढ़ किया। तीन अलग-अलग भूमिकाएँ, पर एक ही राष्ट्र-निर्माण की परियोजना। फ्रैंक मोराएस ने इस व्यक्तित्व को बड़ी सूक्ष्मता से पकड़ा था कि “एक विचारक आपका ध्यान आकर्षित करता है, एक आदर्शवादी आदर का आह्वान करता है, पर कर्मठ व्यक्ति जनता के हृदय पर छा जाता है, और पटेल एक कर्मठ व्यक्ति थे।”
स्वतंत्रता के पश्चात भारत के सामने जो सबसे विकट प्रश्न खड़ा था, 562 रियासतों का एकीकरण। उस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का पटेल ने जिस सहजता, सूझबूझ और कुशलता से समाधान किया, वह अपने आप में इतिहास का एक महत्त्वपूर्ण अध्याय है। बिना रक्तपात के इतने बड़े भूभाग का राजनीतिक एकीकरण करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं थी, और इसी योगदान के कारण उन्हें “भारत का लौह पुरुष” की संज्ञा से नवाज़ा गया। पटेल ने स्वयं इस क्षण की नज़ाकत को पहचानते हुए कहा था कि “हम लोग भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं। यदि हमने एकता नहीं रखी तो अराजकता और विप्लव के शिकार हो जाएंगे।” यही दृष्टिकोण आगे चलकर स्वतंत्र भारत के राजनीतिक एकीकरण का आधार बना।
2 सितंबर,1946 को वे नेहरू की अंतरिम सरकार में गृह तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री बने, और स्वतंत्रता के पश्चात उपप्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री का दायित्व भी उन्हीं के कंधों पर आया। इस दौर के उनके कार्यों में सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण, गाँधी स्मारक निधि की स्थापना और कमला नेहरू अस्पताल की रूपरेखा ये सब विशेष उल्लेखनीय हैं। किंतु यह यात्रा बहुत लंबी नहीं चल सकी।
15 दिसंबर 1950 को हृदयाघात से इस महान राष्ट्रनिर्माता का निधन हो गया। मरणोपरांत 1991 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। मैनचेस्टर गार्डियन ने उन पर जो टिप्पणी लिखी, वह शायद पटेल के समूचे जीवन का सार प्रस्तुत करती है मसलन, “पटेल केवल स्वतंत्रता संग्राम के आयोजक नहीं थे, वे नए भारत के शिल्पी भी बने। ऐसा विरला ही होता है कि कोई व्यक्ति विद्रोही और राजनयिक, दोनों रूपों में सफल हो। पटेल इस अपवाद के प्रतीक थे।”
आज जब हम एक एकात्म भारत के नागरिक होने का गौरव अनुभव करते हैं, तो इसके मूल में सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदृष्टि, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रनिष्ठा की अमिट छाप स्पष्ट दिखाई देती है। वे आधुनिक भारत के सच्चे निर्माता थे, जिनकी प्रतिबद्धता ने टुकड़ों में बँटे भूभाग को एक अटूट राष्ट्र में बदल दिया। उनका जीवन हमें सदैव यही सिखाता रहेगा कि राष्ट्रीय एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।
लेखक डॉ. सुबोध ठाकुर गुजरात के सरकारी विनयन, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, सूरत में सहायक प्राध्यापक हैं।
