हर साल अक्टूबर में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा होते ही भारत में एक सवाल फिर उठने लगता है। वैज्ञानिक प्रतिभाओं की इतनी बड़ी संख्या होने के बावजूद भारत को नोबेल पुरस्कार ना के बराबर क्यों मिलते हैं? लेकिन शायद इससे भी ज्यादा जरूरी सवाल यह है कि दुनिया में बड़े वैज्ञानिक बदलाव लाने वाले देश ऐसा क्या अलग कर रहे हैं? और हमारे वैज्ञानिकों के रास्ते में कौन-सी बाधाएं हैं?

इसका जवाब सिर्फ पैसा नहीं है, हालांकि पैसे की अहमियत जरूर है। अमेरिका अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 3.4 फीसदी हिस्सा शोध और विकास पर खर्च करता है। जर्मनी 3 फीसदी से ज्यादा, जापान 3.5 फीसदी से अधिक और दक्षिण कोरिया 5 फीसदी से ज्यादा खर्च करता है। चीन भी इस मद में जीडीपी का करीब 2.7 फीसदी खर्च करने के करीब पहुंच रहा है। इसके मुकाबले भारत में शोध और विकास पर कुल खर्च जीडीपी का महज 0.64 फीसदी है।

लेकिन इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि शोध के लिए पैसा कौन देता है। भारत में शोध और विकास पर होने वाले कुल खर्च का करीब 40 फीसदी हिस्सा उद्योग जगत से आता है। अमेरिका और चीन में यह हिस्सेदारी करीब तीन-चौथाई है। यानी भारत में शोध का दायरा भी छोटा है और इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी भी कम है।

इसके साथ ही वैज्ञानिकों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है कि वे नई तकनीकें विकसित करें, उत्पाद बनाएं, शोध को कारोबार में बदलें और समस्याओं का समाधान निकालें। देश की जरूरतों के लिहाज से ये लक्ष्य जरूरी हैं, लेकिन तकनीक कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसे मांग के मुताबिक तुरंत तैयार कर दिया जाए। हम शोध के आखिरी चरणों पर ज्यादा जोर दे रहे हैं, जबकि शुरुआत में होने वाले बुनियादी शोध में जरूरत के मुताबिक निवेश नहीं कर रहे हैं।

बुनियादी विज्ञान पर ध्यान देने की जरूरत

मिसाल के तौर पर, बीमारी की जांच करने वाला कोई उपकरण विकसित करने से पहले कई साल तक उस बीमारी की प्रकृति, रोगाणु के व्यवहार, शरीर की प्रतिक्रिया, जैविक संकेतकों और अन्य प्रक्रियाओं पर काम करना पड़ सकता है। तभी जाकर कोई उत्पाद तैयार करना संभव होता है। बुनियादी विज्ञान (Fundamental science) वह आधार है, जहां से नए विचार और आविष्कार जन्म लेते हैं। भारत को अपनी शोध व्यवस्था में बदलाव की शुरुआत यहीं से करनी होगी।

सबसे पहले, सरकार और शोध से जुड़ी एजेंसियों को बुनियादी विज्ञान के लिए अलग से धन की व्यवस्था करनी चाहिए। प्रतिस्पर्धा के आधार पर मिलने वाली शोध राशि का एक तय हिस्सा ऐसे शोध के लिए रखा जाना चाहिए, जिनके सवाल वैज्ञानिक खुद चुनें और जिनका मकसद अपनी जिज्ञासा के आधार पर नई खोज करना हो। ऐसे हर शोध से पेटेंट, उत्पाद या तकनीक तैयार करने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

दूसरा, शोध के लिए मिलने वाली राशि को तीन स्पष्ट हिस्सों में बांटना चाहिए—नई खोज, खोज को उपयोगी तकनीक में बदलना और उसका व्यावहारिक इस्तेमाल। इन तीनों के लिए अलग-अलग समय-सीमा और सफलता के मानक तय होने चाहिए।

तीसरा, भारत को ऐसे शोध के लिए लंबे समय तक आर्थिक मदद देनी चाहिए। वैज्ञानिक काम की सख्त समीक्षा जरूर हो, लेकिन प्रशासनिक दखल और छोटी-छोटी बातों पर निगरानी कम होनी चाहिए।

चौथा, देश में शोध की साझा सुविधाओं का राष्ट्रीय ढांचा तैयार करना जरूरी है। जीनोम, प्रोटीन, उन्नत इमेजिंग, जैविक नमूनों के भंडार, संरचनात्मक जीवविज्ञान, एआई और कंप्यूटिंग जैसी सुविधाएं अलग-अलग संस्थानों के वैज्ञानिकों को आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए।

इसके अलावा, हमें शोध को देखने और वैज्ञानिकों के काम का आकलन करने का तरीका भी बदलना होगा। शोध पत्रों की संख्या, पत्रिकाओं का प्रभाव, पेटेंट और शोध के लिए मिली राशि का कितना इस्तेमाल हुआ, इन सबके आंकड़े जुटाना आसान है। लेकिन इनसे यह पता नहीं चलता कि वैज्ञानिक ने कोई महत्वपूर्ण नई खोज की है या नहीं। वैज्ञानिकों के काम का आकलन करते समय उनकी मौलिकता, शोध के नतीजों को दोबारा हासिल कर पाने की क्षमता, उनके उठाए सवालों की अहमियत और नए ज्ञान के निर्माण को महत्व देना चाहिए।

इसके साथ ही उपयोगी आंकड़े, शोध मंच और तकनीक विकसित करने के काम तथा विज्ञान या स्वास्थ्य नीति पर शोध के असर को भी मान्यता मिलनी चाहिए। इसके लिए शोध की पूरी प्रक्रिया को सही ढंग से तैयार करना होगा।

चीन से सबक

चीन का उदाहरण इस मामले में अहम सबक देता है। शोध और विकास पर उसका निवेश बढ़ा है और इसके साथ ही वह दुनिया में सस्ती तकनीक का एक बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया है। 2024 में दुनिया के करीब 80 फीसदी सौर ऊर्जा पैनल मॉड्यूल और बैटरी सेल चीन में बने। वहीं, 2025 में दुनिया में बनने वाली इलेक्ट्रिक कारों में चीन की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी तक पहुंच गई। इससे यह सबक मिलता है कि नई खोजों को इंजीनियरिंग, विनिर्माण और बाजार से जोड़ना कितना जरूरी है।

भारत के पास एक बड़ी प्राकृतिक ताकत है। यहां की विशाल और विविध आबादी वैज्ञानिक शोध के लिए व्यापक अवसर देती है। इसलिए हमें ऐसी व्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए, जो युवा वैज्ञानिकों को किसी नए और लीक से हटकर सवाल पर 10 या 15 साल तक काम करने का मौका दे। वे असफल हों, अपनी दिशा बदलें और फिर से कोशिश करें, लेकिन तुरंत कोई उत्पाद तैयार न कर पाने के लिए उन्हें नुकसान न उठाना पड़े।

अगर भारत को भविष्य की तकनीकें विकसित करनी हैं, तो उसे आज के विज्ञान में निवेश करना होगा। नोबेल पुरस्कार हमारा लक्ष्य नहीं होना चाहिए। हमारा लक्ष्य ऐसी शोध व्यवस्था तैयार करना होना चाहिए, जो नोबेल स्तर की खोजों को जन्म दे सके।

लेखिका भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद में वरिष्ठ वैज्ञानिक और कार्यक्रम अधिकारी हैं

यह भी पढ़ें- सरकारी फंड का इंतजार, डीप-टेक कंपनियों को मदद देने वाली योजना पर क्यों लगा ब्रेक?

सरकार की डीप-टेक कंपनियों को आर्थिक मदद देने वाली योजना फिलहाल अटक गई है। इस योजना के तहत रिसर्च करने वाली नई निजी कंपनियों को फंड दिया जाना था। कंपनियों का चयन करने वाली एजेंसी को पहले चरण के बाद अभी तक आगे की रकम नहीं मिली है। इसलिए वह नई कंपनियों को फंड देने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा पा रही है। ऐसे में एकमात्र एजेंसी ने नए आवेदन लेना बंद करने का फैसला किया है। द इंडियन एक्सप्रेस को यह जानकारी मिली है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।