वैश्विक ऊर्जा संकट के इस दौर में, जब कई देशों की रसोई तक ईंधन पहुंचना चुनौती बन गया है, भारत की स्थिति एक अलग कहानी कहती है। यह सिर्फ आपूर्ति का मामला नहीं, बल्कि नीति, प्रबंधन और प्राथमिकताओं का एक संतुलित मॉडल है – जहां आम उपभोक्ता की रसोई को केंद्र में रखा गया है।

दुनिया के कई हिस्सों में ईंधन की कमी और कीमतों में अस्थिरता ने आम जीवन को प्रभावित किया है। ऐसे कठिन समय में भारत ने एलपीजी की उपलब्धता को न केवल बनाए रखा, बल्कि उसे व्यापक और सुलभ भी बनाया। बाहरी दबावों और वैश्विक आपूर्ति बाधाओं के बावजूद देश के भीतर एक स्थिर और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला कायम रही है।

हालांकि भारत अपनी लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है और ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ जैसे संवेदनशील मार्गों पर वैश्विक निर्भरता बनी हुई है, फिर भी सरकार ने समय रहते रणनीतिक कदम उठाए। आपूर्ति स्रोतों में विविधता, घरेलू उत्पादन में वृद्धि और लॉजिस्टिक प्रबंधन को मजबूत करने जैसे उपायों ने इस चुनौती को अवसर में बदलने का काम किया।

इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि 1 मार्च 2026 से अब तक 18 करोड़ से अधिक एलपीजी सिलेंडर देशभर में वितरित किए जा चुके हैं, जबकि रोजाना 60 लाख से ज्यादा सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। डिलीवरी का औसत समय लगभग तीन दिन बना रहना इस व्यवस्था की दक्षता को दर्शाता है।

निश्चित रूप से, कुछ क्षेत्रों में डिलीवरी में देरी जैसी समस्याएं सामने आई हैं, लेकिन ये अधिकतर स्थानीय और अस्थायी कारणों से जुड़ी रही हैं – जैसे मांग में अचानक वृद्धि या लास्ट-माइल वितरण की चुनौतियां। इन बाधाओं को दूर करने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया जा रहा है, डिलीवरी नेटवर्क को सुव्यवस्थित किया जा रहा है और जमीनी स्तर पर समन्वय को बेहतर बनाया जा रहा है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ निरंतर तालमेल से हालात स्थिर रहे

महत्वपूर्ण यह है कि आपूर्ति में किसी प्रकार की व्यापक रुकावट नहीं आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ निरंतर तालमेल और निगरानी के चलते देशभर में एलपीजी की उपलब्धता स्थिर बनी हुई है। यह समन्वय ही इस पूरी प्रणाली की रीढ़ साबित हो रहा है।

इसके समानांतर, सरकार ने उपभोक्ताओं को वैश्विक कीमतों के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए भी संतुलित कदम उठाए हैं। विशेष रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए एलपीजी को किफायती बनाए रखना, सामाजिक सरोकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यहीं से यह पूरी कहानी एक प्रशासनिक उपलब्धि से आगे बढ़कर एक व्यापक ऊर्जा-दृष्टि में बदल जाती है। आज ऊर्जा केवल आर्थिक गतिविधि का आधार नहीं, बल्कि सामाजिक स्थिरता और जीवन-स्तर का भी निर्धारक बन चुकी है। ऐसे में एलपीजी जैसी बुनियादी सुविधा की निर्बाध उपलब्धता, सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से रेखांकित करती है।

दरअसल, भारत का यह मॉडल केवल आपूर्ति बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संकट के समय में “डिमांड मैनेजमेंट” और “रिस्क डाइवर्सिफिकेशन” की एक व्यवहारिक मिसाल भी पेश करता है। अलग-अलग स्रोतों से आयात, घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन और वितरण तंत्र में तकनीकी सुधार—ये सभी पहल मिलकर एक लचीली (resilient) व्यवस्था का निर्माण करते हैं।

आगे की चुनौती और भी जटिल हो सकती है। वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, समुद्री मार्गों की अस्थिरता और ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव जैसे कारक भविष्य में नई बाधाएं खड़ी कर सकते हैं। ऐसे में भारत के लिए यह जरूरी होगा कि वह अपनी ऊर्जा रणनीति को और अधिक बहुआयामी बनाए—जिसमें वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का विस्तार, भंडारण क्षमता में वृद्धि और आपूर्ति श्रृंखला की डिजिटल निगरानी जैसे कदम शामिल हों।

साथ ही, उपभोक्ता स्तर पर जागरूकता और जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग और अनावश्यक खपत में कमी लाकर इस पूरे तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

अंततः, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का यह प्रयास केवल सिलेंडर की आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भरोसे की डिलीवरी भी है—हर घर तक सुरक्षित, सुलभ और किफायती ऊर्जा पहुंचाने का वादा। यह वादा जितना प्रशासनिक है, उतना ही सामाजिक भी – और यही इसे एक साधारण उपलब्धि से उठाकर एक सशक्त राष्ट्रीय दृष्टि का हिस्सा बना देता है।

यह भी पढ़ें: LPG की कमी कितनी हकीकत कितना पैनिक, ग्राउंड से 6 रिपोर्टर बता रहे आंखों देखी

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। इस टकराव के कारण देश में कमर्शियल एलपीजी यानी रसोई गैस के सिलेंडरों की कमी होने लगी है। इसका सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ रहा है जो अपने रोजमर्रा के काम के लिए एलपीजी पर निर्भर हैं। इनमें रेस्टोरेंट और होटल, सड़क किनारे खाने-पीने की दुकानें, ऑटो-रिक्शा चालक और कपड़े धोने वाली लॉन्ड्री सेवाएं शामिल हैं। कई जगहों पर गैस की कमी के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक