India vs New Zealand 4th T20I Match: भारतीय टीम को 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने आसानी से हरा दिया और भारत की हार के लिए जो फैक्टर जिम्मेदार रहा वो था अत्यधिक प्रयोग और टीम मैनेजमेंट का अड़ियल रवैया। चौथे मैच की प्लेइंग इलेवन में इशान किशन को शामिल नहीं किया गया क्योंकि वो चोटिल थे, लेकिन आपके पास श्रेयस अय्यर तो थे। अगर श्रेयस को इस मैच में खिला लेते तो क्या बिगड़ जाता।
इशान की जगह श्रेयस को देना चाहिए था मौका
माना कि श्रेयस अय्यर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन खिलाड़ियों को ही आजमाया जा रहा है जो वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं, लेकिन श्रेयस को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में तिलक वर्मा की जगह मौका दिया गया था।
पहले तीन मैचों में भारत ने तीसरे नंबर पर तिलक की जगह इशान को आजमाया और वह अच्छी बैटिंग करने में सफल भी रहे, लेकिन जब वो चोटिल हो गए तब सिर्फ 6 बैट्समैन के साथ मैदान पर उतरने के फैसले को मूर्खतापूर्ण फैसले के अलावा और कुछ नहीं कहा जा सकता।
प्रयोग की वजह से भारत ने गंवाया मैच
इशान के नहीं होने पर सूर्यकुमार तीसरे नंबर पर खेलने आए और अगर श्रेयस होते तो वो चौथे नंबर पर बैटिंग करने आते। श्रेयस के होने पर भारत के पास 7 बैटर होते जिससे की बैटिंग क्रम और मजबूत होता।
मैच के बाद श्रेयस ने कहा कि हम 5 शुद्ध गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरे और देखना चाहते थे कि हम क्या कुछ कर सकते हैं तो आपको जवाब मिल गया कि आप हार जाएंगे और बाद के लिए इस तरह की कांबिनेशन के साथ मैदान पर नहीं उतरें क्योंकि अगर आपके शुरू को बल्लेबाज क्लिक नहीं कर पाए और टारगेट अगर 200 के पार का मिला तो आपका हाल बुरा हो जाएगा।
श्रेयस के होने से बदल सकता था नतीजा
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को जीत के लिए 216 रन का लक्ष्य मिला था और भारतीय टीम 165 पर सिमट गई। टीम इंडिया ने इस मैच में रिस्क लिया था क्योंकि अगर ऊपर के बैटर चल जाते तो जीत मिल जाती, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
आपको इस स्थिति के लिए भी तैयार रहना होगा क्योंकि जरूरी नहीं है कि आपके ऊपर के बल्लेबाज हर मैच में रन बना ही दें। चौथे मैच में अगर श्रेयस होते तो संभावना थी कि भारत जीत जाता क्योंकि अगर वो चल जाते और शिवम ने जैसी पारी खेली तो नतीजा बदल भी सकता था।
अर्शदीप को किया जा सकता था ड्रॉप
चौथे मैच में अर्शदीप सिंह को ड्रॉप किया जा सकता था क्योंकि वह खेल चुके हैं और टी20 विश्व कप के मुकाबलों के लिए फिट हो चुके हैं। चौथे मैच में अगर अर्शदीप नहीं भी होते तब भी भारत के पास जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे के रूप में टीम में तीन तेज गेंदबाज थे।
स्पिनर के रूप में टीम में कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई थे। जरूरत पड़ने पर अभिषेक शर्मा भी 1-2 ओवर फेंक सकते हैं। इस तरह से आपके पास गेंदबाजों की कोई कमी नहीं थी। हां कम बल्लेबाज का टीम में होना आपको भारी पड़ गया और आप मैच हार गए।
उम्मीद है टीम इंडिया आने वाले समय में अपना ध्यान मैच जीतने पर देगी ना कि ज्यादा प्रयोग पर क्योंकि आपके लिए प्रयोग से ज्यादा जरूरी मैच जीतना है। अगर टीम में आपके पास खिलाड़ी हैं तो आप उसे मौका दें क्योंकि वो भी खेलना डिजर्व करते हैं।
