शाम के ठीक सात बजे जब घर के दरवाजे खुलते हैं, तो अब किसी नन्हें कदम की आहट दौड़ती हुई सीने से नहीं लिपटती। किसी का बस्ता फेंककर पिता के कंधे पर चढ़ जाने का शोर अब कमरों में नहीं गूंजता।
चौखट पर खड़े होकर भीतर झांकिए तो नीली रोशनी का एक सर्द समंदर दिखता है, जिसमें हमारे बच्चे सांस लेना भूलकर डूब रहे हैं। किसी जमाने में हम कहते थे कि अफीम इंसान की सुधबुध छीन लेती है और शराब घर जला देती है, मगर इस छह इंच के चमकते कांच के टुकड़े ने तो सीधे बच्चों की रूह पर डाका डाल दिया है।
यह एक ऐसा मीठा जहर बन चुका है, जो बिना किसी धुएं या बदबू के नसों में दौड़ता है और दिमाग के उस हिस्से को धीरे धीरे सुखा देता है, जहां ममता, अपनापन और दर्द महसूस करने की कुव्वत बसती है। यह लत किसी भी चरस, गांजे या हेरोइन से कहीं ज्यादा खूंखार इसलिए है कि वह जहर कम से कम छिपकर बिकता था और यह हमने खुद अपने हाथों से खरीदकर अपनी अनमोल औलाद की हथेलियों में थमा दिया है, ताकि हम अपनी सुविधा की रोटियां सुकून से सेक सकें और बच्चा हमें बाधित न करें।
पहले जब किसी बच्चे को भूख लगती थी, तो वह मां का आंचल खींचकर जिद करता था और मां की लोरी सुनकर सो जाता था। मगर अब वह निवाला भी तब निगलता है, जब स्क्रीन पर कोई अनजान किरदार नाच रहा हो। दूध पीते मासूम के हाथ से जब आप वह खिलौना छीनने की कोशिश करते हैं, तो उसकी आंखों में जो भयानक वहशत और गुस्सा तैरता है, उसे देखकर किसी भी मां का कलेजा मुंह को आ जाए। वह चीखता है, हाथ पैर पटकता है और अपनी ही मां को ऐसे घूरता है, जैसे सामने कोई सगा नहीं, बल्कि उसका सबसे बड़ा जानी दुश्मन खड़ा हो।
किसी नशेड़ी को जब उसकी तलब की खुराक नहीं मिलती, तो वह पागल होने लगता है, लेकिन सोचिए कि जब छह साल का एक मासूम स्क्रीन छिन जाने पर अपना सिर दीवार से टकराने लगे, तो क्या यह किसी भी रासायनिक मादक पदार्थ से हजार गुना ज्यादा रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर नहीं है!
आज के दौर में की स्क्रीन ने हमारे बच्चों के पूरे बचपन को हांक कर एक अंधेरे बाड़े में कैद कर दिया है। अब न तो घुटनों पर छिले हुए जख्म दिखाई देते हैं और न ही उन जख्मों पर मां के थूक लगाकर फूंकने का वह जादुई मरहम नजर आता है। मिट्टी में सने वे पैर, जो शाम ढले घर की दहलीज पर लौटते थे, अब कहीं खो चुके हैं। अब तो बस बिस्तर की सिलवटों में सिकुड़े हुए वे पतले-पतले हाथ रह गए हैं, जिनकी अंगुलियां दिन-रात एक शीशे को सहलाती रहती हैं।
अगर बच्चों के चेहरे को कभी सोते हुए गौर से देखा जाए, तो एक अजीब-सी थकान और बेबसी का साया नजर आएगा। उनकी पुतलियां बंद पलकों के पीछे भी वैसे ही फड़कती हैं, जैसे कोई कैदी अपनी कालकोठरी की सलाखों को तोड़े बिना बाहर भागने के लिए तड़प रहा हो। और यह सब देखकर भी हम खामोश बैठे रहते हैं, जैसे हमारे अपने सीने में दिल की जगह कोई पत्थर रख दिया गया हो।
आज बच्चों के लिए स्क्रीन की दुनिया वह नशा बन चुकी है, जिसमें डूबकर वे अपनों को भूल चुके हैं। एक पिता दिन भर पसीना बहाकर इस उम्मीद में घर लौटता है कि उसका बेटा दौड़कर उसके गले लगेगा और उसकी दिन भर की थकान पल भर में काफूर हो जाएगी। मग जब वह देखता है कि बच्चे ने सिर उठाकर उसकी तरफ देखा तक नहीं तो उस पिता के भीतर कुछ हमेशा के लिए टूटकर बिखर जाता है। उस मां से पूछा जा सकता है कि जो रसोई में खड़ी होकर रोती है, क्योंकि उसका बेटा अब उससे नहीं, बल्कि किसी बेजान मशीन से बात करता है। नशा मुक्ति केंद्रों में आज उन बच्चों को भर्ती कराया जा रहा है, जिनकी उम्र अभी तितलियां पकड़ने और कागज की कश्तियां तैराने की थी।
चिकित्सा विज्ञान कहता है कि स्क्रीन से निकलने वाला डोपामाइन दिमाग के उसी रास्ते पर वार करता है, जिस पर कोकीन और अफीम हमला करते हैं, मगर फर्क सिर्फ इतना है कि कोकीन खरीदने के लिए पैसे चुराने पड़ते हैं और यह मोबाइल हम खुद अपने लाडलों को उनके जन्मदिन का तोहफा बनाकर पेश करते हैं। जब किसी बच्चे की संवेदनाएं मर जाती हैं, तो वह समाज के लिए किसी अभिशाप से कम नहीं रह जाता।
उसे न तो दादी की कहानियों में कोई दिलचस्पी है और न ही दादा के कांपते हाथों को सहारा देने की कोई फिक्र। वह तो बस अपनी आभासी दुनिया का राजा बना बैठा है। जब रात के दो बजे पूरा मोहल्ला सो रहा होता है, तब रजाई के भीतर उस मनहूस नीली रोशनी में किसी मासूम की आंखें धीरे-धीरे अपनी रोशनी और अपनी मासूमियत, दोनों को हमेशा हमेशा के लिए दफन कर रही होती हैं और यह तमाशा हम अपनी बेबस आंखों से देखने के अलावा कुछ नहीं कर पाते।
अगर आज भी हमने अपनी आंखें नहीं खोलीं और अपने बच्चों को इस भयंकर गर्त से खींचकर बाहर नहीं निकाला, तो यकीन मानिए कल हमारे पास पछताने के लिए आंसुओं के सिवा कुछ नहीं बचेगा। नन्हें बच्चों की हंसी छिन चुकी है, उनकी कल्पनाएं मर चुकी हैं और उनका दिल किसी बंजर जमीन की तरह सख्त हो चुका है। अपनी औलाद के सीने की धड़कन को दोबारा महसूस करने की जरूरत है।
उनसे बातें करने, उनके साथ धूप में निकलने और उन्हें बताने की कि यह दुनिया कांच की स्क्रीन से कहीं ज्यादा खूबसूरत और हरी-भरी है। अगर आज हमने उन्हें सीने से लगाकर उनका बचपन नहीं बचाया, तो आने वाले कल में ये घर सिर्फ कंक्रीट के खंडहर बनकर रह जाएंगे, जहां इंसान तो सांस लेंगे, मगर उन शरीरों के भीतर कोई जिंदा रूह बाकी नहीं बचेगी और उस दिन हमारी यह दौलत और तरक्की हमारे अपने ही आंसुओं का मातम मना रही होगी।
