मनुष्य ने खोई हुई संपत्ति फिर अर्जित की है, उजड़ गए कई संसार फिर बसाए हैं और बीत गए दिनों में हुई भूलों से सीखकर अपने भविष्य की दिशा भी बदली है, लेकिन वह एक ऐसी चीज की भरपाई नहीं कर सका, जो हर क्षण उसके पास से गुजरती रहती है- समय। इसकी सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जब यह हमारे पास होता है, तब हम इसका मूल्य नहीं पहचानते। और जब इसका मूल्य समझ में आता है, तब यह हमारे पास नहीं होता। हालांकि समय को लेकर फिक्र करने में हमारे समाज ने कभी कमी नहीं की, लेकिन समाज का हर व्यक्ति इस बात से परेशान दिखता है कि उसके पास समय नहीं है। सवाल है कि क्या हम कभी गौर कर पाते हैं कि हमारा समय हमसे कौन छीन कर या चुरा कर ले गया!

दरअसल, हम अपने जीवन में होने वाले अनेक नुकसानों का हिसाब रखते हैं, लेकिन उन क्षणों का हिसाब कभी नहीं रख पाते, जिन्हें टालमटोल, उपेक्षा और अनजाने अपव्यय में खो देते हैं। शायद जीवन की सबसे बड़ी क्षति वही है, जिसका बोध हमें तब होता है, जब उसकी भरपाई असंभव हो चुकी होती है।

बेंजामिन फ्रैंकलिन का प्रसिद्ध कथन- ‘खोया हुआ समय फिर कभी प्राप्त नहीं होता’- इसी सत्य को संक्षेप में व्यक्त करता है। यों, हमारे यहां भी इसी आशय की कहावतें आमतौर पर दोहराई जाती रही हैं कि ‘का वर्षा जब कृषि सुखाने’ या फिर कबीर का दोहा बहुतों की जुबान पर होता है कि ‘अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत’। सच यह है कि धन फिर से कमाया जा सकता है, संपत्ति का फिर से निर्माण कर लिया जाना संभव है, लेकिन जीवन से निकल चुके क्षण किसी भी कीमत पर वापस नहीं खरीदे जा सकते।

हम परिवार, प्रियजनों और मित्रों को महत्त्व देते हैं, फिर भी उनके लिए समय निकालना कल पर टाल देते हैं। लगता है कि माता-पिता की बातें बाद में सुन लेंगे, बच्चों के साथ खेलना फिर कभी हो जाएगा और मित्र से मिलने का अवसर दोबारा मिल जाएगा। मगर बचपन प्रतीक्षा नहीं करता और जीवन के आत्मीय क्षण अनिश्चित भविष्य के भरोसे नहीं रखे जा सकते। तस्वीरें स्मृतियां संजो लेती हैं, पर बीते हुए पलों को लौटा नहीं सकतीं।

टालमटोल की कीमत पढ़ाई और काम में भी चुकानी पड़ती है। परीक्षा की तैयारी को लगातार टालने वाला विद्यार्थी आखिरकार समय की कमी से जूझता है। अंतिम रात की मेहनत कुछ अधूरे विषयों को संभाल सकती है, लेकिन नियमित अध्ययन से मिलने वाली समझ की पूरी भरपाई नहीं कर सकती। इसी तरह, विचारों को लिखने में देर करने वाला लेखक अपनी संभावनाओं को टालता रहता है और स्वास्थ्य की उपेक्षा करने वाला व्यक्ति सुधार की आवश्यकता को तब पहचान पाता है, जब स्थिति पहले से कठिन हो चुकी होती है। अवसर निकल जाने के बाद पछतावा बीते समय का विकल्प नहीं बनता।

सवाल है कि क्या कोई ऐसी घड़ी या चाबी बनाई जा सकती है, जो समय को रोक दे? घड़ी उसे मापती है, कैलेंडर तारीखें गिनता है और विज्ञान उसकी प्रकृति का अध्ययन करता है, लेकिन कोई भी बीते क्षण को वापस नहीं ला सकता। सेकंड मिनटों में, मिनट घंटों में और घंटे दिनों में बदलते जाते हैं। इसी प्रवाह में बचपन युवावस्था बन जाता है और युवावस्था धीरे-धीरे वृद्धावस्था में ढल जाती है। हम समय की गणना करते हैं, जबकि वह हमारे जीवन का स्वरूप बदल रहा होता है।

इतिहास भी समय के निर्णायक महत्त्व का साक्षी है। कभी अतीत में कलिंग युद्ध ने अशोक के जीवन की दिशा बदल दी, लेकिन युद्ध में हुई जनहानि की भरपाई संभव नहीं थी। इसी तरह, 1857 के विद्रोह से मिले अनुभवों ने आगे के स्वतंत्रता संघर्ष को प्रभावित किया, लेकिन उसमें खोए जीवन वापस नहीं आए। इतिहास बताता है कि घटनाओं से सीखकर भविष्य की दिशा बदली जा सकती है, पर बीती हुई क्षति मिटाई नहीं जा सकती।

आज मोबाइल पर निरुद्देश्य विचरण समय के अपव्यय का सहज उदाहरण है। कुछ मिनटों के लिए खोला गया मोबाइल कब एक घंटा ले लेता है, पता ही नहीं चलता। बार-बार दोहराया गया यह व्यवहार अध्ययन, सृजन और आत्मीय संबंधों के लिए उपलब्ध समय को कम कर देता है। विडंबना यह है कि कई बार समय का चोर और उसका शिकार एक ही व्यक्ति होता है।

समय का सदुपयोग हर क्षण व्यस्त रहने का नाम भी नहीं है। परिवार के साथ हंसना, पुस्तक पढ़ना, प्रकृति के बीच बैठना और पर्याप्त विश्राम करना जीवन को सार्थक बनाते हैं। अंतर इस बात में है कि हम समय को सोच-समझकर जी रहे हैं या अनजाने में गंवा रहे हैं। व्यस्तता हमेशा सार्थक नहीं होती और विश्राम हमेशा बर्बादी नहीं।

समय की कीमत कभी अवसर खोने पर, कभी किसी प्रियजन की अनुपस्थिति में और कभी अपनी ही टालमटोल के परिणामों से समझ आती है। भूल सुधारी जा सकती है, उससे सीखकर आगे की राह बदली जा सकती है, लेकिन उस भूल में व्यतीत समय वापस नहीं मिलता। समय की सबसे बड़ी त्रासदी उसका बीतना नहीं, बल्कि उसके रहते जीवन को कल पर टालते रहना है।