जीवन में सबसे बड़ा बदलाव तब आने लगता है, जब कोई मान लेता है कि मैं नहीं जानता। जब तक कोई यह समझता है कि मैं सब जानता हूं, तब तक वह नया ज्ञान और नई जानकारियां हासिल करने की कोशिश नहीं करता। ऐसी स्थिति में नया ज्ञान या जानकारी उसे मिल ही नहीं सकती। बिल्कुल वैसे ही, जैसे भरे हुए गिलास में और पानी नहीं डाला जा सकता। जबकि खाली या आधे भरे गिलास में और पानी डालने की काफी गुंजाइश रहती है। यानी ऐसा दिल और दिमाग होना चाहिए, जिसमें जानने की जिज्ञासा हो, हर वक्त नया ग्रहण करने का खुलापन हो।
यही वजह है कि बच्चे बड़ों की अपेक्षा जल्दी और तेजी से सीखते हैं। उनमें जानने की इच्छा बड़ों के मुकाबले बहुत ज्यादा होती है, उनका दिमाग खाली प्लेट की तरह होता है। उसमें कुछ भी डाल सकते हैं। दूसरे शब्दों में, उनका मन हर नई चीज को सीखने के लिए खुला रहता है। इसीलिए उनमें प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति अधिक होती है। बात-बेबात पर क्यों, कैसे और क्या जैसे सवाल पूछते रहते हैं। यही आदत उनके सीखने और मानसिक विकास की राह आसान करती है।
दरअसल, उनके पास पहले से अर्जित ज्ञान, समझ और जानकारियों का बोझ नहीं होता। इसलिए हमेशा कोशिश करनी चाहिए कि हर बात और हर परिस्थिति को पहली बार की तरह देखने-जानने की इच्छा पैदा की जाए। इससे जीवन नए ज्ञान और नए रंगों से सराबोर हो उठता है। यह भी सच है कि अगर कोई जानकार है, काबिल है, किसी काम में निपुण है और तमाम जानकारियों का ज्ञाता है, तो भी उसके सीखने-जानने की गुंजाइश समाप्त नहीं हो जाती। बशर्ते कि उसके भीतर जानने और सीखने की प्रवृत्ति हो और इसके लिए अनिवार्य विनम्रता मौजूद हो।
मिसाल के तौर पर, गुरु नानक देव का एक प्रसिद्ध दृष्टांत है। वे एक बार मुल्तान पहुंचे। वहां पहले ही कई संत-महात्मा धर्म प्रचार में रत थे। उनमें से एक संत ने गुरु नानक देव को अपने शिष्य के हाथ दूध से लबालब एक कटोरा भेजा। गुरु नानक देव उठे, बगीचे से चमेली का एक फूल तोड़ा और दूध पर टिका दिया। फिर शिष्य से कहा कि ‘जाओ, अपने संत को मेरी ओर से सप्रेम भेंट कर दो।’ शिष्य मन ही मन तिलमिलाया, क्योंकि उसे लगा कि गुरु नानक देव ने उसके संत की भेंट को अस्वीकार किया है। शिष्य ने रोष में कटोरा लाकर अपने संत को थमा दिया।
संत ने उसे शांत किया और बोले, ‘तुम समझे नहीं, इसीलिए परेशान हो रहे हो। बात इतनी-सी है कि मैंने गुरु देव से एक प्रश्न पूछा था और उन्होंने उसका बखूबी उत्तर दे दिया।’ उन्होंने आगे बताया, ‘मेरा प्रश्न था कि यहां पहले से दूध जैसे पवित्र चरित्रवान महात्मा-संत विद्यमान हैं, तो आप यहां क्या करने आए हैं।’ मेरे इस प्रश्न का उन्होंने उत्तर भेजा है कि जैसे चमेली के फूल ने दूध की शोभा बढ़ाई है, उसी तरह मैं भी यहां रहकर समाज को और सच्चा ज्ञान बांटने का काम करूंगा।’
अमेरिकी विचारक जिम रॉन का मानना है कि हरेक के जीवन में बदलाव इससे आते हैं कि वे किन लोगों से मिलते हैं, क्या सबक सीखते हैं और कौन-सी किताबें पढ़ते हैं। इसीलिए कहा जाता है कि मौका मिले, तो जीवन के विभिन्न चरणों की अपनी मनपसंद किताबों को एक बार फिर से पढ़ें। ऐसा करने वाले महसूस करने लगेंगे कि अर्जित ज्ञान से इनका कथानक तो नहीं बदला, लेकिन नजरिया जरूर बदल गया है। हालांकि, यह अत्यंत महत्त्वपूर्ण हो जाता है कि ज्ञान, धन और शक्ति का प्रयोग कोई कैसे करता है। यह सीख लेने वाला अपने भीतर सुगंध, सौरभ और गरिमा पैदा कर लेता है, जिसके लिए वह जन्मा है।
यह भी सच है कि सिर्फ जानकारी हासिल कर लेना बड़ी बात नहीं, उसे सही काम में लाना सीखना भी जरूरी है। पहले अपनी ताकत का ज्ञान होना चाहिए, फिर साहस होना चाहिए और उसके बाद करने का यकीन होना चाहिए। फिर अगर इसमें विफलता मिलती है, तो कुछ न हासिल कर पाने की परिस्थिति में घबराने की कतई जरूरत नहीं है, क्योंकि इतना तय है कि उसके हिस्से ऐसा काम नहीं आएगा, जो उसके जीवन के दायरे में नहीं रहा है।
इसके समांतर सत्य यह भी है कि इस क्रम में जो काम उसके हिस्से आएगा, उसे पूरा कर पाने की सलाहियत और क्षमता उसके भीतर मौजूद होगी। अगर इस क्रम में उसके रास्ते में कोई अड़चन आती है, तो निश्चित तौर पर वह उससे पार पा लेगा, क्योंकि अपने सामने खड़ी उलझनों को सुलझाने का हुनर उसके भीतर होता है। सवाल के होने का मतलब है कि उसका जवाब भी जरूर होगा।
ज्ञान के भंडार से कुछ हासिल करने की समझ संस्कार से मिलती है। इसके और भी बहुत फायदे हैं। यह वाणी के अनियंत्रित प्रवाह को मिटा देता है। सयाने कहते हैं कि वाणी पर नियंत्रण के लिए व्यावहारिक ज्ञान की जरूरत होती है। वाणी का सदुपयोग करके ही अपने व्यक्तित्व को निखारा जा सकता है। इसी प्रकार, ज्यादातर बुद्धिमान चालबाज नहीं होते।
यह भी तय है कि जितनी प्रतिभा होती है, उतना इंसान साफ-सुथरा होता है। भीतर से सत्य को अनुभव करने वाले का सारा जीवन सौंदर्य, शांति और सद्भाव से भर जाता है। यही नहीं, जीवन उन प्रतिध्वनियों और तरंगों को प्रवाहित करने लगता है, जो समाज के लिए अमन, शांति और शीतलता की छाया बन सकती हैं। ज्ञान वृद्धि, सहिष्णुता, शिष्टाचार और सहजता से जीना ही इंसान के जीवन को खूबसूरत बनाता है।
