संस्कृत का एक शब्द है, किंकर्त्तव्यविमूढ़। इसका अर्थ है वह स्थिति या अवस्था, जिसमें व्यक्ति को यह समझ में न आए कि अब उसे क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। यह असमंजस, दुविधा या भौंचक्केपन की स्थिति को दर्शाता है। इसके समानार्थी शब्द हैं- असमंजस, दुविधा, पसोपेश, भौंचक्का, हक्का-बक्का। इसके और गहराई में जाएं, तो स्पष्ट होगा कि यह स्थिति अनुपस्थिति की उपस्थिति है। मतलब यही कि हम उस स्थान पर होते हुए भी वहां नहीं हैं। हम वहां सशरीर हैं, पर हमारा मस्तिष्क कहीं और है। हम चेतनावस्था में वहां हैं, पर अचेतन अवस्था में कहीं और हैं।

हमारे सामने कई बार ऐसी स्थिति आती है, जब हमारा ध्यान कहीं और होता है और हम कहीं और। कक्षा में जब हम किसी से बात कर रहे हों, उधर शिक्षक पढ़ा रहे हों, तो अचानक शिक्षक उसी पढ़ाए हुए विषय पर एक सवाल हम पर दाग देते हैं और हम उसका जवाब नहीं दे पाते। तब शिक्षक हमें सजा देते हुए यही पूछते हैं कि ध्यान किधर था! कई बार पैदल या वाहन से जाते समय भी यातायात के दौरान ऐसी स्थिति आती है कि हम कुछ भी नहीं कर पाते। हमारे सामने वाहन हॉर्न बजाते रहते हैं, हम अपनी ही दुनिया में गाफिल रहते हैं। यही है अनुपस्थिति की उपस्थिति।

इसी स्थिति को और समझने का प्रयास करते हैं। किसी काम में मन लगाना या उसे करते हुए उसमें डूब जाना। काम में डूब जाने का अर्थ यही है कि उस समय काम के अलावा और कुछ भी नहीं सूझता। न्यूटन और एडीसन के बारे में भी कुछ ऐसी ही किंवदंतियां हैं कि काम के दौरान उसमें डूब जाने के बाद उन्हें आसपास का कुछ भी भान नहीं रहता था। यह एकाग्रता का ही एक रूप है। इसे तपस्या भी कह सकते हैं। काम में पूरी तरह से डूब जाना सचमुच किसी तपस्या से कम नहीं है। अपने आपको काम में झोंक देना शायद इसे ही कहते हैं।

इसे समझने के लिए अधिक दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। हम सभी को मां के हाथ का बना खाना अच्छा लगता है। मां के हाथ के बने भोजन का स्वाद जिंदगीभर जीभ पर बसा रहता है। बात-बात पर हम मां के हाथ के बने भोजन का उदाहरण देते ही रहते हैं। क्या हमने कभी सोचा है कि ऐसी क्या बात होती है मां के हाथ बने भोजन में? हम अपने अतीत में जाकर यह याद कर सकते हैं कि रसोई में मां जब भोजन बनाती थी, तो कौन-कौन-सी परिस्थितियां उसके सामने होती थीं। मां कुछ न कुछ गुनगुनाते हुए भोजन बनाने में जुटी रहती थीं।

उनके भोजन बनाने के पीछे यही उद्देश्य होता कि भोजन बच्चों को स्वादिष्ट लगे। वे भरपेट खाना खाएं। भोजन सुस्वादु बनाने में वह कहीं भी कोई चूक नहीं करतीं। अकेले ही अपने दम पर पूरी रसोई बनातीं। उस समय वे अपने पास किसी को अपने पास आने भी नहीं देती थीं कि कहीं उनका ध्यान भटक न जाए। आज भी उनका यह सच्चा भाव पूरी रसोई में फैला होता है, जो हमें भोजन में भी मिलता है। इसे कहते हैं अपने आप को काम में झोंक देना। एक अच्छी भावना के साथ किया जाने वाला वह काम आज भी हमारी जीभ पर बसा है।

आज भी हम कई बार अपने आसपास ऐसी स्थिति के दर्शन करते ही रहते हैं। घर में पत्नी, बहन, बुआ या अन्य कोई सदस्य जब भोजन बनाने या किसी अन्य काम में मन लगाकर काम करते दिखें, तो यह समझ लेना चाहिए कि वे किसी तपस्या में लीन हैं। हालांकि घर के पुरुष सदस्य के भीतर भी रसोईघर में काम करते हुए यही संवेदना होना चाहिए। समय का भान न रहना ही यह दर्शाता है कि आपने स्वयं को काम में डुबो दिया।

अब स्थितियां कुछ बदल रही हैं। लोग डूब तो रहे हैं, पर काम में नहीं। उनका यह डूबना किसी सार्थक कार्य के लिए नहीं होता। बहुत कम लोग होंगे, जो इसे समझना चाहते होंगे। बेकार की बातों में उलझे रहना, गंभीर से गंभीर विषय पर अपनी राय देना, जो उनका क्षेत्र ही नहीं है, उस पर विशेषज्ञ की तरह विचार व्यक्त करना आम बात हो गई है। सामने वाले की परिस्थितियों को समझे बिना ही अपने तर्क से अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने की आदत बढ़ती जा रही है। इसे जीवन का सतहीपन कहा जा सकता है। सतह पर रहकर कुछ सार्थक नहीं किया जा सकता। मोती तो डूबने पर ही मिलते हैं।

हम कल्पना कर सकते हैं कि जब कभी किसी काम में डूबे, उसे पूरी तरह से संपादित किया, उसे अंजाम तक पहुंचाया, उसके बाद हमारे चेहरे पर जो खुशी दिखाई दी, हमने जो सुकून प्राप्त किया, वह क्षण कितना सुखद था। यही वह स्थिति है, जब हमारे पास सुकून की दौलत होती है। यह दौलत हर किसी को नसीब नहीं होती। बहुत ही कम लोगों के पास यह दौलत होती है। किसी भी ऐश्वर्यशाली व्यक्ति से पूछा जा सकता है कि उसके अच्छे दिन कब थे, तब वह यही कहेगा कि संघर्ष के दिन ही बहुत अच्छे थे।

अभी का जीवन तो भाग-दौड़ में ही बीत रहा है। इसमें सुकून के पल नहीं हैं। संघर्ष के दिनों में तमाम विपरीत परिस्थितियों के बीच हमारे अपने मिल जाते थे, उनसे हमें सांत्वना मिल ही जाती थी। यही हमारी सच्ची दौलत होती थी। यही हमारे जीने का सहारा होती थी। लोगों से हमें संबल मिलता था। आज वही संबल हमें कदम-कदम पर साथ दे रहा है।

यानी चलना ऐसे चाहिए कि लोगों को लगे कि हम अकेले नहीं हैं। कभी किसी से शिकायत करने के बजाय अपना रास्ता खुद चुनना चाहिए। किसी से एक छोटी-सी चीज की भी अपेक्षा रखना आमतौर पर बेमानी है। खुद को इतना मजबूत बना लेना चाहिए कि अपने हाथ जब भी उठें, तो देने के लिए उठें।