लोकतंत्र में चुनाव आयोग की भूमिका सिर्फ चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि मतदाता सूची की शुचिता को बनाए रखना और सभी पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा करना भी है। इसलिए आयोग की कार्यप्रणाली में स्पष्टता, पारदर्शिता और ईमानदारी का होना बेहद जरूरी है। देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर को लेकर उठे विवाद के बीच मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
मगर अहम सवाल यह है कि क्या उनके इस्तीफे से सब कुछ ठीक हो जाएगा? उनकी जगह अगर नई नियुक्ति होती है, तो इस बात की क्या गारंटी होगी कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो संदेह व्यक्त किया जा रहा है, वह समाप्त हो जाएगा। जाहिर है, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए संस्थागत सुधार जरूरी है।
यह पहली बार नहीं है जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मगर इस बार जिस तरह का विवाद सामने आया है, उससे न केवल विपक्षी दलों, बल्कि समाज के एक वर्ग में भी खासी निराशा है। सवाल वाजिब हो सकते हैं, लेकिन यह देखना भी महत्त्वपूर्ण है कि खामी केवल व्यक्ति में है या व्यवस्था की बनावट में। एसआइआर को लेकर विवाद तब तेज हुआ, जब ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट में सामने आया कि दो चुनाव आयुक्तों ने दस महीनों के दौरान कम-से-कम चौदह मौकों पर आयोग के कुछ फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज की।
विपक्ष इन घटनाओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से जोड़कर देख रहा है। उसका आरोप है कि इस प्रक्रिया में व्याप्त खामियों की वजह से देश भर में अब तक करीब तेरह करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इन आरोपों के जरिए संरचनात्मक समस्या को एक विशेष अधिकारी के खिलाफ लड़ाई में बदल देने से क्या समाधान निकल पाएगा? अगर संबंधित अधिकारी पद छोड़ भी दें, तब भी व्यवस्था में खामी बनी रह सकती है।
वर्ष 2023 के कानून के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई। इसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और एक नामित केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल हैं। यानी तीन में से दो सदस्य सरकार के होते हैं। ऐसे में विपक्ष की आवाज सुनी तो जाती है, लेकिन निर्णय में उसकी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होती।
यहां थोड़ा पीछे जाकर इतिहास को समझना भी जरूरी है। वर्ष 2023 में ही सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में व्यवस्था दी थी कि संसद द्वारा कानून बनाए जाने तक चयन समिति में प्रधान न्यायाधीश शामिल रहेंगे। इसके बाद संसद ने कानून बनाया और प्रधान न्यायाधीश की जगह एक केंद्रीय मंत्री को समिति में शामिल कर लिया गया।
चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में संतुलन बनाने के लिए सुझाव भी आते रहे हैं। चयन समिति का दायरा बढ़ाया जाना भी इनमें से एक है। यानी तीन के बजाय पांच सदस्यों की समिति बनाई जानी चाहिए, जिसमें प्रधानमंत्री, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री तथा विपक्ष के नेता के साथ सर्वोच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश और एक अन्य न्यायाधीश शामिल हों। हालांकि, इस तरह के तर्क भी सामने आते रहे हैं कि कार्यपालिका में नियुक्त होने वाले पदाधिकारियों के चयन में न्यायपालिका की भूमिका नहीं होनी चाहिए। मगर मौजूदा व्यवस्था में शक्ति का संतुलन होना लोकतंत्र के लिए जरूरी है।
इसके अलावा, चुनाव आयुक्तों का लंबा कार्यकाल सहजता पैदा करता है और यही सहजता आगे चलकर पक्षपात के लिए जगह बना लेती है। चार साल का कार्यकाल एक व्यावहारिक मध्य मार्ग हो सकता है। यह इतना लंबा होगा कि कोई अधिकारी चुनाव संबंधी जिम्मेदारियां निभा सके और इतना सीमित भी कि पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी जवाबदेही का एहसास बना रहे। इस कार्यकाल को दोबारा बढ़ाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए।
चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में पारदर्शिता होना भी जरूरी है। मौजूदा व्यवस्था में नाम बंद कमरों में तय होते हैं। जनता को केवल अंतिम निर्णय बताया जाता है, उसके पीछे का तर्क नहीं। सबसे पहले चयन के मानदंड सार्वजनिक किए जाने चाहिए- उम्मीदवार का पिछला रिकॉर्ड, उसकी सत्यनिष्ठा और सक्रिय राजनीति से दूरी इत्यादि। इसके बाद चुने गए संभावित उम्मीदवारों की सूची और अंतिम चयन के कारण भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए। यदि चयन का आधार उचित है, तो उसे सार्वजनिक करने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए और यदि आधार उचित नहीं है, तो जनता को यह जानने का भी अधिकार होना चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों के लिए अक्सर लंबे प्रशासनिक करिअर के अंतिम चरण में नियुक्ति का रास्ता खुलता है। चयन समिति में सत्ता के दो प्रमुख केंद्र प्रधानमंत्री और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल होते हैं। ऐसे में चुनाव आयुक्तों की सेवानिवृत्ति के बाद सरकार की ओर से उन्हें किसी अन्य पद पर नियुक्ति देने का रास्ता खुला रहता है। यदि किसी अधिकारी को इस तरह की अपेक्षा रहे, तो उसकी स्वायत्तता पूरी तरह सुनिश्चित नहीं मानी जा सकती। इसलिए अन्य सुधारों के साथ यह प्रावधान भी होना चाहिए कि चुनाव आयुक्तों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कुछ वर्षों तक उन्हें किसी सरकारी पद पर नियुक्त न किया जाए।
हालांकि, इस तरह के सुधारों की भी अपनी सीमा हो सकती है। यह तय नहीं हो सकता कि पांच सदस्यीय चयन समिति के फैसले से सौ फीसद सही उम्मीदवार का चयन हो। छोटा कार्यकाल भी अनुचित प्रभावों से मुक्त होने की गारंटी नहीं देता। पारदर्शी प्रक्रिया में भी हेरफेर की गुंजाइश रह सकती है। मगर सुधारों का उद्देश्य किसी नायक को पैदा करना नहीं है। मौजूदा दृष्टिकोण, दरअसल इस उम्मीद पर टिका है कि कोई असाधारण रूप से मजबूत व्यक्ति आएगा और दबावों के आगे नहीं झुकेगा। जिस व्यवस्था की सफलता किसी एक साहसी व्यक्ति पर निर्भर हो, वह उस व्यक्ति के हटते ही विफल हो सकती है।
इस मामले में विपक्ष के लिए भी एक कसौटी है। आज बनाए गए नियम कल सत्ता में आने वाली सरकार पर भी लागू होंगे। यानी चयन समिति की मौजूदा व्यवस्था उसे विरासत में मिलेगी, जिसकी संरचना उसके पक्ष में झुकी हुई हो सकती है। यदि विपक्ष में रहते हुए किसी राजनीतिक दल ने सुधारों की मांग की, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें भुला दिया, तो इससे राजनीति के प्रति लोगों का अविश्वास ही बढ़ेगा। सुधारों की मांग तभी विश्वसनीय होगी, जब उनके समर्थक राजनीतिक दल यह स्वीकार करने को तैयार हों कि वही नियम सत्ता में आने पर उन्हें भी अपनाने होंगे।
इसलिए आज किसी इस्तीफे की मांग सुर्खियां बटोर सकती है और विरोध प्रदर्शनों में उठने वाले नारों को बल दे सकती है। भीड़ को भी जश्न मनाने का एक कारण मिल सकता है, लेकिन होगा यही कि अंततः उसी व्यवस्था में एक व्यक्ति की जगह दूसरा व्यक्ति आ जाएगा। इसके बजाय संस्थागत सुधारों की प्रक्रिया धीमी हो सकती है, मगर इससे ऐसी चुनावी संस्था तैयार हो सकती है, जिस पर मतदाताओं को भरोसा हो, चाहे सत्ता में कोई भी हो।
