आज रिश्तों में व्यक्तिगत स्वतंत्रता और भावनात्मक अपेक्षाओं के बीच एक नई बहस दिखाई देती है। एक विचार यह है कि हम किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि उससे मिलने वाले सुख से जुड़ते हैं। कोई व्यक्ति हमारा अकेलापन दूर करता है, हमारी बातें सुनता है, मुश्किल समय में सहारा देता है और हमें अच्छा महसूस कराता है।

मगर किसी का अपने सुख के लिए इस्तेमाल करना वस्तुकरण की श्रेणी में आता है। किसी भी मनुष्य को केवल अपनी जरूरतों की पूर्ति का साधन समझना अनुचित है, लेकिन इसके साथ एक बुनियादी प्रश्न भी जुड़ा है। क्या किसी व्यक्ति से भावनात्मक जुड़ाव, विश्वास, ईमानदारी, सम्मान और पारस्परिकता की अपेक्षा रखना भी उसका वस्तुकरण है?

क्या प्रेम का अर्थ अपेक्षाओं से पूरी तरह मुक्त हो जाना है? दरअसल, इन दोनों स्थितियों के बीच अंतर समझना जरूरी है। किसी व्यक्ति को केवल इसलिए महत्त्व देना कि वह हमारी जरूरतें पूरी करता है, एक बात है और किसी से संबंध बनाकर उससे भावनात्मक ईमानदारी तथा संवेदनशीलता की अपेक्षा रखना दूसरी बात। पहली स्थिति में व्यक्ति की स्वतंत्र पहचान और उसकी भावनाएं गौण हो जाती हैं। दूसरी स्थिति में हम उसे एक स्वतंत्र मनुष्य मानते हुए उससे संबंध की पारस्परिकता चाहते हैं।

मनुष्य सामाजिक प्राणी है। उसे केवल शारीरिक आवश्यकताओं की पूर्ति ही नहीं, बल्कि अपनापन, संवाद, विश्वास और भावनात्मक सुरक्षा भी चाहिए। किसी से अपनी परेशानी साझा करना, उससे यह उम्मीद करना कि वह हमारी बात सुनेगा या कठिन समय में हमारा साथ देगा, कोई अनुचित मांग नहीं है।

यह मानवीय संबंधों की स्वाभाविक आवश्यकता है। समस्या तब पैदा होती है, जब हम दूसरे व्यक्ति से यह अपेक्षा करने लगते हैं कि वह हर समय हमारी इच्छानुसार व्यवहार करे, हमारी हर बात माने, कभी असहमत न हो और हमेशा हमें सुखद एहसास भी दे। ऐसी अपेक्षा में दूसरे की स्वतंत्रता और उसकी भावनाओं के लिए जगह नहीं बचती। मगर क्या इस आधार पर हर भावनात्मक अपेक्षा को गलत ठहराया जा सकता है?

आज व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। व्यक्ति अपने निर्णय स्वयं लेना चाहता है और किसी संबंध के कारण अपनी पहचान या इच्छाओं को खोना नहीं चाहता। यह सकारात्मक बदलाव है। मगर स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं हो सकता कि हमारे व्यवहार का दूसरे व्यक्ति पर पड़ने वाला प्रभाव अप्रासंगिक हो जाए। जब दो लोग किसी भावनात्मक संबंध में जुड़ते हैं, तो उनके व्यवहार एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं।

ऐसे में किसी का आहत होना, असहमति जताना या किसी व्यवहार पर सवाल उठाना अपने आप में दूसरे की स्वतंत्रता पर हमला नहीं है। यह उस संबंध में अपनी भावनाओं और सीमाओं को व्यक्त करने का अधिकार है। कोई व्यक्ति यह तय कर सकता है कि वह किससे संवाद करेगा, किसके साथ मित्रता रखेगा और अपनी रचनात्मक गतिविधियों में कितना स्वतंत्र रहेगा।

मगर उसके साथ भावनात्मक संबंध में जुड़ा दूसरा व्यक्ति भी यह तय कर सकता है कि कौन-सा व्यवहार उसके लिए स्वीकार्य है और किससे उसके विश्वास को ठेस पहुंचती है। रिश्ते में स्वतंत्रता का सम्मान जरूरी है, लेकिन उसी अनुपात में संवेदनशीलता भी जरूरी है। किसी के प्रति उत्तरदायी होना अपनी स्वतंत्रता खो देना नहीं है। यह उस संबंध को महत्त्व देना है, जिसे दोनों ने अपनी इच्छा से स्वीकार किया है।

सही है कि किसी को उसकी कमजोरियों, कमियों और गलतियों सहित स्वीकार करना ही प्रेम है। मगर इसका अर्थ यह नहीं कि प्रेम करने वाला व्यक्ति अपनी भावनाओं और आत्मसम्मान को लगातार चोट पहुंचने दे। किसी व्यक्ति को मनुष्य की तरह देखने का अर्थ है कि हम उसकी असहमति, सीमाओं और स्वतंत्रता का सम्मान करें, पर इसी मानवीय दृष्टि का दूसरा पक्ष यह है कि हम अपनी भावनाओं और सीमाओं को भी उतना ही महत्त्व दें। दूसरे को दुख पहुंचाने की स्वतंत्रता देने का अर्थ यह नहीं कि सामने वाले को उस दुख पर प्रतिक्रिया देने का अधिकार नहीं है।

प्रेम में निराशा, असहमति और कभी-कभी दुख भी आते हैं, पर इसका अर्थ यह नहीं कि संबंध में ईमानदारी और विश्वास का कोई महत्त्व ही न रह जाए। प्रेम में अपेक्षाएं हो सकती हैं, बशर्ते वे दूसरे की स्वतंत्रता को समाप्त करने वाली न हों। इसी तरह स्वतंत्रता भी हो सकती है, बशर्ते वह दूसरे की भावनाओं के प्रति असंवेदनशील होने का बहाना न बन जाए।

अगर किसी व्यक्ति से कोई अपेक्षा रखना ही उसे अपनी जरूरतों का साधन बनाना है, तो फिर प्रेम और भावनात्मक संबंध का आधार क्या रह जाएगा? क्या दो लोग केवल एक-दूसरे की जिंदगी में उपस्थित रहें, लेकिन उनके बीच न कोई पारस्परिकता हो, न भावनात्मक जवाबदेही और न ही एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता?

स्वस्थ संबंध वह नहीं, जिसमें अपेक्षाएं न हों। बल्कि वह है जिसमें अपेक्षाएं एकतरफा न हों। जहां एक को अपनी बात कहने की स्वतंत्रता हो और दूसरे को उसे सुनने का धैर्य। जहां दोनों को अपनी पसंद चुनने का अधिकार हो, पर साथ ही साथ दोनों एक-दूसरे के विश्वास और भावनाओं का महत्त्व भी समझें।
सवाल यह नहीं है कि हम किसी से तन का सुख चाहते हैं या मन का।

असली सवाल यह है कि क्या हम उस व्यक्ति को भी उतनी ही गरिमा, स्वतंत्रता और संवेदनशीलता दे रहे हैं, जितनी उससे अपने लिए चाहते हैं? किसी को चाहने का अर्थ उसे अपनी जरूरतों में बांधना नहीं, मगर उसकी स्वतंत्रता के नाम पर अपनी जरूरतों और आत्मसम्मान को नकार देना भी प्रेम नहीं है। रिश्ते तभी अर्थपूर्ण होते हैं जब उनमें दो स्वतंत्र व्यक्तियों के बीच केवल आकर्षण या सुविधा नहीं, बल्कि परस्पर सम्मान और उत्तरदायित्व भी मौजूद हों।