यह एक दार्शनिक पक्ष है कि कोई रचना अपने आप में इतनी प्रभावशाली हो सकती है कि वह अपने रचनाकार की आभा से मुक्त हो जाए। इसकी तुलना कृत्रिम मेधा यानी एआइ और अकादमिक शोधों के प्रसंग में भी की जा सकती है। वर्तमान में दुनिया भर में एआई का प्रभाव इतनी तेजी से बढ़ रहा है कि उसमें चिंतन और शोध की मौलिकता लगातार प्रश्नांकित हो रही है।

आज समाज का कोई क्षेत्र एआइ के प्रभाव से अछूता नहीं है और कमोबेश हर क्षेत्र में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप में इसकी भूमिका है। इसीलिए समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में इसका स्वागत भी किया जा रहा है। मगर जहां तक अकादमिक शोध और लेखन का सवाल है, तो इस पर एआइ का सकारात्मक से अधिक नकारात्मक प्रभाव पड़ना शुरू हो चुका है।

देश के अकादमिक शोधों, बौद्धिक नैतिकता और मौलिक चिंतन के संदर्भ में देखा जाए, तो व्यापक तौर पर यह स्वीकार किया जाना चाहिए कि आज नवाचार की भावना प्रभावित हो रही है, साथ ही शोधों की पूरी प्रक्रिया में एक सतहीपन देखा जा सकता है।

दूसरी तरफ, कृत्रिम मेधा के विविध आयाम तेजी से अद्यतन हो रहे हैं। इस तेजी को इस रूप में भी देखा जाना चाहिए कि दुनिया की शीर्ष कृत्रिम मेधा कंपनियों के इंजीनियर इस संभावना के साथ इससे स्वयं को अलग करना शुरू कर चुके हैं, जिनमें उनका मानना है कि यह तकनीक भविष्य में इतनी शक्तिशाली हो सकती है कि संभव है वह मनुष्य के नियंत्रण से बाहर हो जाए।

उल्लेखनीय है कि भारत की भाषाई विविधता विश्व में अद्वितीय है और निस्संदेह यह समूची मानवता की अमूल्य धरोहर है। देश में लोक-ज्ञान का विशाल भंडार है, जो सैकड़ों भाषाओं के माध्यम से विविध संस्कृतियों और परंपराओं में अभिव्यक्त होता है। मगर उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अंग्रेजी का वर्चस्व एक स्थापित तथ्य रहा है, जो ज्ञान के भारतीयकरण की दृष्टि से पहले से चुनौती रहा है।

गुणवत्तापूर्ण प्रकाशनों की व्यवस्था, उनके मूल्यांकन की प्रक्रिया और नियामकीय प्रावधान अंग्रेजी-केंद्रित रहे हैं, जिस कारण भारतीय भाषाएं पहले से ही हाशिये पर रही हैं। इनमें प्रकाशित शोध की पहुंच सीमित होने के कारण उसे कम अकादमिक मान्यता मिलती है और उनके उद्धरण भी अपेक्षाकृत कम होते हैं। इससे उस लेखन के प्रभाव का समुचित आकलन नहीं हो पाता। यह स्थिति शोधार्थियों और शिक्षाविदों को अंग्रेजी में लिखने के लिए भी प्रेरित करती है। इससे भारतीय भाषाओं में ज्ञान-सृजन की प्रक्रिया स्वयं चुनौती के घेरे में आ जाती है।

संस्कृत सहित देश की दूसरी शास्त्रीय भाषाओं में निहित ज्ञान पर गर्व करने के बावजूद आज हमारे सामने ज्ञान-परंपरा की सुसंगति और उसकी निरंतरता के संदर्भ में रिक्तता पैदा हो गई है। ऐसी स्थिति में ये प्रश्न अनुत्तरित ही रहे हैं कि भारतीय भाषाओं और देश की व्यापक संपर्क-भाषा हिंदी में शोध एवं मौलिक लेखन को आखिर कब तक दोयम दर्जे पर रखा जाएगा? क्या मौलिक ज्ञान-ग्रंथों के बिना किसी ज्ञानवान राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है? निश्चित रूप से नहीं। उपभोक्तावादी राष्ट्र बाजार के लिए उपयोगी हो सकता है, लेकिन वास्तविक प्रतिष्ठा प्राप्त करने के लिए उसे ज्ञानवान राष्ट्र के मानदंडों पर स्वयं को खरा उतारना होगा।

आज यह व्यापक चिंता का विषय होना चाहिए कि इससे पहले कि भारतीय भाषाओं में चिंतन और लेखन का आधुनिक ढांचा विकसित हो पाता, कृत्रिम मेधा का दौर सामने आ गया। इसके उदय ने नीतिगत पहलों और समय-समय पर हिंदी के क्षेत्र में व्यक्तियों द्वारा किए गए सीमित, लेकिन गंभीर प्रयासों से जुड़ी बौद्धिक संभावनाओं तथा भविष्य की उम्मीदों पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

हालांकि, देश में पहले भी ऐसे लोगों की कमी नहीं थी, जो सामने दो पुस्तकें रखकर तीसरी पुस्तक लिख देते थे। अपने शोध और लेखन में पूर्ववर्ती शोध के प्रति सम्मान का अभाव तथा उचित संदर्भ-ग्रंथों का उल्लेख न करना हमारी अकादमिक दुनिया में पहले से ही चिंता का विषय रहा है। कृत्रिम मेधा ने इस समस्या के नकारात्मक प्रभाव को और बढ़ा दिया है।

एक समय था, जब कोई ईमानदार और जिज्ञासु शोधार्थी अकादमिक दक्षता प्राप्त करने के लिए पुस्तकालय-दर-पुस्तकालय भटकता था, सामग्री संकलित करता था और सैकड़ों शोध-प्रबंधों तथा पुस्तकों का अध्ययन करता था। मगर आज कृत्रिम मेधा की सहायता से पूरा शोध-प्रबंध घंटों में तैयार किया जा सकता है।

ऐसे में शोधार्थी को पहले जैसी मेहनत करने की आवश्यकता महसूस ही नहीं होती। इस तरह भारतीय भाषाओं के शोधों में बौद्धिक ईमानदारी और अकादमिक नैतिकता जैसे मूल्य स्थापित होने से पहले ही क्षीण होते दिखाई दे रहे हैं। इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री के अनाधिकृत उपयोग से प्रशिक्षित कृत्रिम मेधा के आयाम लोगों की इच्छानुसार सामग्री प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।

यह विडंबना ही है कि वर्तमान में शोधों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक ‘कृत्रिम मेधा’ आज भारतीय भाषाओं में शोध की संभावित उम्मीदों को कमजोर करने की दिशा में बढ़ रही है। इसमें संदेह नहीं कि औद्योगीकरण के विस्तार और जीवन के अनेक क्षेत्रों में सहयोग की दृष्टि से कृत्रिम मेधा एक क्रांतिकारी आविष्कार है, लेकिन इसकी सहायता से अकादमिक लेखन का जो वर्तमान स्वरूप उभर रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है।

कई बार ऐसा भी प्रतीत होता है कि सूचना-क्रांति समाज में आवश्यकता से पहले पहुंच गई है, क्योंकि इंटरनेट पर अधकचरी सूचनाओं का सामना करने की परिपक्वता हमारे समाज में अभी विकसित नहीं हो पाई है। इसी तरह कृत्रिम मेधा के साधनों की हिंदी में उपलब्धता व्यापक सामाजिक मांग या आवश्यकता के विकसित होने से पहले की आपूर्ति है।

आज यदि एआई में हिंदी उपलब्ध नहीं होती, तो किसी शोध या परियोजना-लेखन की तैयारी करते समय सामग्री की खोज, छंटाई और अध्ययन की प्रक्रिया में शोधार्थी बहुत कुछ सीखता और नए ज्ञान से परिचित होता। मगर कृत्रिम मेधा के उपकरणों पर हिंदी की उपलब्धता ने शोधार्थी के बौद्धिक परिपक्वता अर्जित करने की संभावना को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

यह केवल वर्तमान के लिए चिंताजनक नहीं है, बल्कि इससे भविष्य के लिए जो खोखली बुनियाद तैयार हो रही है, वह देश की बौद्धिक विरासत के लिए भी जोखिम भरी हो सकती है। स्पष्ट है कि हमारे बौद्धिक समुदाय को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि हम समय से नहीं चेत पाए, तो कृत्रिम मेधा अकादमिक जगत के लिए सकारात्मक होने के बजाय नकारात्मक भूमिका में ज्यादा नजर आएगा।

इसके लिए तकनीक को दोष नहीं दिया जा सकता, जरूरत यह तय करने की है कि इसका इस्तेमाल कब, कैसे और किस कार्य के लिए करना उचित है। एआई पर बढ़ती निर्भरता से शोधकर्ताओं के नए तर्क गढ़ने, गहराई से सोचने और समस्याओं को खुद हल करने की क्षमता क्षीण हो सकती है। शोध के लिए अध्ययन की जगह अगर कृत्रिम मेधा ने ले ली, तो मौलिक रचनात्मकता का ह्रास होना तय है।