जीवन की इस भागदौड़ भरी दुनिया में शब्दों का बोलबाला है। सामान्य भागीदारी वाली बातचीत की सहजता के बजाय हर कोई अपनी बात कहने, अपनी राय थोपने और बहस में उतरने को आतुर रहता है। सोशल मीडिया के इस युग में चुप रहना एक अपराध-सा लगता है, मानो मौन वाक्यहीनता का प्रतीक बन गया हो। मगर क्या वास्तव में चुप्पी का अर्थ शब्दों की कमी है? गहराई से विचार करें, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। एक पुरानी कहावत है- ‘चुप हूं तो मतलब ये नहीं कि लफ्ज कम हैं/ चुप हूं बस इसलिए कि लिहाज बाकी है।’ यह पंक्ति न केवल व्यक्तिगत संयम की गहराई दर्शाती है, बल्कि मानवीय संबंधों में सम्मान, धैर्य और समझदारी की महत्ता को भी रेखांकित करती है। चुप्पी कभी दुर्बलता नहीं रही, बल्कि यह सबसे मजबूत प्रतिक्रिया होती है। खासतौर पर जब शब्दों से अधिक लिहाज की जरूरत महसूस हो।
चुप्पी का यह रूप प्राचीन काल से भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। उपनिषदों में कहा गया है कि सच्चा ज्ञानी मौन रहकर ही बोलता है। यहां चुप्पी लिहाज का प्रतीक बन जाती है। जब कोई अप्रिय बात कही जा रही हो, जब बहस तीखी हो रही हो, तब शब्दों की बौछार करने के बजाय चुप रहना ही बुद्धिमत्ता है। आधुनिक मनोविज्ञान भी इस राय को समर्थन देता है। कार्ल जंग ने कहा था कि मौन ही आत्मा की सबसे गहरी अभिव्यक्ति है। आज के दौर में, जहां ‘ट्रोलिंग’ यानी किसी व्यक्ति को नाहक परेशान करना और विवाद खड़े करना सोशल मीडिया पर आम हैं, यह उक्ति हमें याद दिलाती है कि लिहाज बनाए रखना कितना कठिन, लेकिन आवश्यक है।
संबंधों में चुप्पी के लिहाज पर गौर किया जा सकता है। परिवार में पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी नोकझोंक हो, तो झगड़ा बढ़ाने के बजाय चुप रहना ही समझदारी है। माता-पिता बच्चों की जिद पर गुस्सा न होकर मौन धारण करते हैं, क्योंकि उनका लिहाज बच्चों के भावनाओं के प्रति है। दोस्ती में भी यही लागू होता है। जब मित्र गलती पर अड़ जाए, तो तीखे शब्दों से उसे नीचा दिखाने के बजाय चुप रहकर समय देने से रिश्ता मजबूत होता है।
समाज में भी यह सत्य प्रकट होता है। राजनेता, नेता या सामाजिक कार्यकर्ता जब विवादास्पद मुद्दों पर चुप रहते हैं, तो लोग इसे कमजोरी समझते हैं। मगर सच्चाई यह है कि लिहाज बनाए रखने के लिए चुप्पी जरूरी होती है। इस संदर्भ में महात्मा गांधी की संवेदनशीलता को एक उदाहरण माना जा सकता है। सांप्रदायिक दंगों के समय विरोधस्वरूप या उसे खत्म करने के उद्देश्य से वे मौन व्रत में चले जाते थे। उनका लिहाज राष्ट्र के प्रति था और मानवता की रक्षा उनका पहला ध्येय था। आजादी की लड़ाई में भी जब ब्रिटिश अत्याचार चरम पर था, गांधीजी ने कई बार चुप्पी को हथियार बनाया। इसी तरह, राजस्थान की लोक संस्कृति में ‘मौन व्रत’ की परंपरा है। राजस्थानी समाज में बुजुर्ग अक्सर कहते हैं, ‘चुप रहो, तो सम्मान बढ़ता है।’
जो व्यक्ति चुप रहकर सुनता है, वही सच्चा नेतृत्व दे पाता है
कार्यस्थल पर चुप्पी का महत्त्व और भी स्पष्ट है। कॉरपोरेट दुनिया में, जहां प्रतिस्पर्धा तीव्र है, बैठक में हर कोई अपनी बात थोपता है, लेकिन जो व्यक्ति चुप रहकर सुनता है, वही सच्चा नेतृत्व दे पाता है। अधिकारी की गलत नीति पर तुरंत विरोध करने वाले कर्मचारी जल्दी बाहर हो जाते हैं, जबकि चुप रहकर सही समय पर सुझाव देने वाले तरक्की पाते हैं। यह लिहाज है अपने पद, टीम और संगठन के प्रति। ‘हावर्ड बिजनेस रिव्यू’ के एक अध्ययन में पाया गया कि सक्रिय श्रोता प्रबंधक चालीस फीसद अधिक सफल होते हैं। चुप्पी यहां रणनीति बन जाती है।
साहित्य और कला में चुप्पी को लिहाज की ऊंचाई के रूप में चित्रित किया गया है। कबीर ने कहा है- ‘मौनू बानी सब बानी से भली।’ उनके दोहे चुप्पी की ताकत पर आधारित हैं। प्रेमचंद की कहानियों में गांव के गरीब किसान चुप रहकर अन्याय सहते हैं, क्योंकि उनका लिहाज समाज के प्रति है। मगर यह भी ध्यान रखने की जरूरत होती है कि समाज के प्रति लिहाज तभी न्यायपूर्ण हो सकती है, जब अन्याय के विरुद्ध चुप रहने के हालात अनंत न हो। राजस्थानी लोकगीतों में भी ‘मौन प्रेमी’ की कहानियां भरी पड़ी हैं, जहां नायक चुप रहकर अपनी भावनाएं व्यक्त करता है। चित्रकला में भी मौन का चित्रण होता है।
फिर भी, चुप्पी की सीमाएं हैं। हर स्थिति में मौन उचित नहीं। जब अन्याय हो, जब निर्दोष पर अत्याचार हो, तब चुप्पी कायरता बन जाती है। मार्टिन लूथर किंग ने कहा था कि अत्याचार के खिलाफ चुप रहना अपने आप में अत्याचार है। इसलिए चुप्पी का चयन बुद्धिपूर्वक और विवेक के साथ करना चाहिए। लिहाज का अर्थ आंखें बंद करना नहीं, बल्कि सही समय का इंतजार है। योग में ‘मौन चिंतन’ सिखाया जाता है कि चुप रहकर अंतर्मन से संवाद करो। इससे निर्णय शुद्ध होते हैं।
हालांकि आज के डिजिटल युग में चुप्पी चुनना और भी कठिन है। व्हाट्सएप समूह, फेसबुक बहसों में तुरंत जवाब देने का दबाव रहता है, लेकिन जो व्यक्ति सब पढ़ कर भी चुप रहता है, वही परिपक्व है। दरअसल, चुप्पी से हम अपने आपको, संबंधों को और समाज को संभालते हैं। यह न केवल व्यक्तिगत विकास का साधन है, बल्कि सामाजिक शांति का आधार भी। यानी जब बहस छिड़े, तो सोचने की जरूरत है कि क्या शब्द जरूरी हैं, या चुप्पी का लिहाज ही काफी है! यह चुनाव ही जीवन को समृद्ध बनाता है।
यह भी पढ़ें: हार के पार क्या है? विफलता कैसे बनती है सफलता की असली सीढ़ी | दुनिया मेरे आगे
जीवन यात्रा में हम सभी सफलता एवं विफलता के अनगिनत दौर से गुजरने को बाध्य होते हैं। धरती पर जन्म लेने के बाद जब हम होश संभालते हैं, चाहे वह बचपन की अवस्था हो तरुण काल हो या प्रौढ़ावस्था, सभी चरणों में हार-जीत के साक्ष्य रेखांकित होते रहते हैं। वर्तमान समय में समाज का सबसे संवेदनशील वर्ग युवा पीढ़ी है, जो अपने अध्ययन, परीक्षा की तैयारी, उसके परिणाम की आशा सहित नौकरी की तलाश में सतत चेष्टारत रहते हैं। कभी-कभी किसी छात्र को पर्याप्त परिश्रम के बाद भी परीक्षा में सफलता प्राप्त नहीं होती, जिससे वह हताश हो जाता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
