Duniya Mere Aage: मनुष्य को समझना शायद संसार के सबसे कठिन कार्यों में से एक है। हम किसी व्यक्ति से मिलते हैं, उसके कुछ व्यवहार देखते हैं और उसके बारे में एक राय बना लेते हैं। मगर समय के साथ जब उसी व्यक्ति को अलग-अलग रिश्तों और परिस्थितियों में देखते हैं, तो अक्सर आश्चर्य होता है। जो व्यक्ति कहीं अत्यंत स्नेही दिखाई देता है, वही कहीं कठोर नजर आता है।

जो किसी के लिए त्याग और समर्पण की मिसाल है, वही किसी दूसरे रिश्ते में उतना उदार नहीं दिखता। तब मन में प्रश्न उठता है- क्या व्यक्ति बदल जाता है, या रिश्तों के साथ उसका व्यवहार बदल जाता है? सच तो यह है कि जीवन एक मंच की तरह है, जहां हर व्यक्ति अनेक भूमिकाएं निभाता है। वह एक साथ पुत्र भी है, पिता भी, मित्र भी, पति भी, कर्मचारी भी और नागरिक भी। हर भूमिका की अपनी अपेक्षाएं, सीमाएं और जिम्मेदारियां होती हैं। इसलिए व्यवहार में अंतर दिखाई देना स्वाभाविक है।

समस्या तब शुरू होती है, जब हम इस अंतर को समझे बिना व्यक्ति के पूरे चरित्र का निर्णय कर लेते हैं। अपने बच्चे के लिए एक मां का प्रेम लगभग निस्वार्थ होता है। वह उसकी गलतियों को सुधारने का प्रयास करती है, लेकिन उसके प्रति उसके मन में अपनापन कम नहीं होता। वही महिला अपने पति के साथ जीवन की साझेदार होती है।

वहां प्रेम के साथ मतभेद भी होते हैं, जिम्मेदारियां भी होती हैं और अनेक व्यावहारिक निर्णय भी। अपने सास-ससुर के सामने वह बहू होती है, जहां संबंधों के साथ अपेक्षाएं और सामाजिक मर्यादाएं जुड़ी होती हैं। अपने माता-पिता के घर में वह फिर बेटी बन जाती है, जहां बिना किसी संकोच के अपने मन की बात कह सकती है। अपनी सहेलियों के बीच वही महिला सबसे अधिक खुली, हंसमुख और निश्चिंत दिख सकती है। रिश्तों के मुताबिक उसकी अभिव्यक्ति भी बदल रही है।

इसी तरह एक व्यक्ति अपनी मां के सामने आज भी बच्चा बना रहता है। वही अपने बच्चों के सामने जिम्मेदार अभिभावक होता है। अपनी बहन के प्रति उसका व्यवहार सुरक्षात्मक हो सकता है, अपने भाई के प्रति प्रतिस्पर्धी और मित्रवत तथा अपने जीवनसाथी के प्रति सहयोग और साझेदारी वाला। हर रिश्ते में भावनाओं का रंग अलग होता है, इसलिए व्यवहार का स्वरूप भी बदल जाता है। कई बार सास अपनी बेटी और बहू के प्रति अलग व्यवहार करती हुई दिखाई देती है। बाहर से देखने पर यह जानबूझ कर किया गया भेदभाव लगता है।

कुछ मामलों में ऐसा होता भी है, लेकिन हर बार नहीं। अनेक बार इसके पीछे वर्षों से बनी मानसिकता, भावनात्मक निकटता और सामाजिक संस्कार काम करते हैं। अपनी बेटी की गलती में उसे बचपन दिखाई देता है, जबकि बहू की वही गलती उसे जिम्मेदारी की कमी लग सकती है। दूसरी ओर, बहू अपनी मां की सलाह को स्नेह समझती है, लेकिन सास की सलाह को आलोचना मान बैठती है। दोनों पक्षों में अक्सर बुरी नीयत नहीं होती। समस्या दृष्टिकोण और मानसिकता की होती है।

इसी तरह, एक पिता अपनी बेटी के लिए अत्यधिक चिंतित रहता है, लेकिन वही चिंता बहू के लिए उतनी स्पष्ट रूप से व्यक्त नहीं कर पाता। एक व्यक्ति अपने मित्र की सफलता पर खुश होता है, लेकिन अपने भाई की सफलता पर तुलना करने लगता है। एक कर्मचारी अपने वरिष्ठ अधिकारी के प्रति औपचारिक रहता है, लेकिन कनिष्ठ सहयोगियों के साथ सहज। इन सबके पीछे कोई सोची-समझी योजना नहीं होती। अधिकांश मामलों में यह वर्षों से बने अनुभवों, भावनात्मक जुड़ाव और मनोवैज्ञानिक प्रवृत्तियों का परिणाम होता है।

दरअसल, हर बदलता व्यवहार दिखावा नहीं होता। हम अक्सर कहते हैं कि फलां व्यक्ति के कई चेहरे हैं, लेकिन कई बार उसके कई चेहरे नहीं होते, बल्कि कई जिम्मेदारियां होती हैं। एक व्यक्ति अलग-अलग परिस्थितियों में अलग प्रकार की प्रतिक्रिया देता है, क्योंकि हर परिस्थिति उससे अलग भूमिका निभाने की अपेक्षा करती है। असली प्रश्न यह नहीं है कि उसका व्यवहार क्यों बदलता है, असली प्रश्न यह है कि क्या उसके मूल मूल्य भी बदल जाते हैं?

किसी व्यक्ति को केवल एक रिश्ते के आधार पर नहीं परखना चाहिए। जो शिक्षक कक्षा में कठोर लगता है, वही घर में अत्यंत स्रेही पिता हो सकता है। जो छात्र कक्षा में शांत है, वही मित्रों के बीच सबसे अधिक जीवंत हो सकता है। जो पड़ोसी कम बोलता है, वह अपने परिवार के लिए सबसे अधिक समर्पित व्यक्ति हो सकता है। हम अक्सर किसी व्यक्ति का केवल एक पक्ष देखते हैं और उसी के आधार पर उसके पूरे व्यक्तित्व का निर्णय कर लेते हैं। यह वैसा ही है, जैसे किसी विशाल वृक्ष की केवल एक शाखा देखकर उसके पूरे आकार का अनुमान लगाने का प्रयास करना।

आज के सोशल मीडिया युग में यह प्रवृत्ति और भी बढ़ गई है। कुछ तस्वीरें, कुछ पोस्ट या कुछ मिनटों की बातचीत देखकर हम लोगों के बारे में निष्कर्ष निकाल लेते हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि हर व्यक्ति के जीवन में ऐसे अनेक पक्ष होते हैं, जिन्हें दुनिया कभी देख ही नहीं पाती। मुस्कुराते चेहरे के पीछे संघर्ष हो सकते हैं और कठोर दिखने वाले व्यक्तित्व के भीतर गहरी संवेदनशीलता छिपी हो सकती है।

फिर भी व्यवहार में परिवर्तन की एक सीमा होनी चाहिए। रिश्तों के अनुसार अभिव्यक्ति बदल सकती है, लेकिन सम्मान, करुणा, न्याय और संवेदनशीलता जैसे मूल्य नहीं बदलने चाहिए। शायद किसी व्यक्ति के चरित्र की सबसे बड़ी परीक्षा यही है कि वह उन लोगों के साथ कैसा व्यवहार करता है जिनसे उसे कोई लाभ नहीं मिलने वाला। अपने लोगों से प्रेम करना सहज है, लेकिन हर व्यक्ति के सम्मान को स्वीकार करना परिपक्वता का परिचायक है।

यह भी पढ़िए: सितारों के विज्ञापन पर कौन रखेगा नजर? सेहत से खिलवाड़ करने वाले प्रचार पर जवाबदेही जरूरी

यह व्यावहारिक तथ्य है कि लोकप्रियता अपने साथ जिम्मेदारी भी लाती है। फिल्मी दुनिया हो या खेल जगत, राजनीति का पटल हो, समाज सुधार से जुड़े चर्चित व्यक्तित्व- कमोबेश सभी क्षेत्रों से जुड़े सफल चेहरों की बातें और बर्ताव न केवल चर्चा का विषय बनते हैं, बल्कि उनका अनुसरण करने की मानसिकता भी खूब देखने को मिलती है। विशेषकर युवाओं पर उनकी हर गतिविधि का असर होता है। लोकप्रिय चेहरों की ओर से आमजन को प्रभावित करने के इस मोर्चे पर फिल्मी सितारे सबसे आगे होते हैं। पढ़िए पूरी खबर…