मौजूदा दौर में दुनिया की भीड़ ही सबसे ज्यादा चर्चा और चिंता का कारण बन रही है। हमारे आसपास इतने लोग दिखाई देते हैं कि कई बार हम खुद को गुम होता पाते हैं। यह प्रत्यक्ष दुनिया की बात है, लेकिन इसके अलावा आज हम अकेले में भी कभी अकेले नहीं होते हैं। यानी वास्तविक दुनिया की व्यस्तताओं से इतर आभासी दुनिया में हमारी उपस्थिति हमें जरूरत से ज्यादा बड़ी भीड़ से घेरे रखती है।

इसके बावजूद आखिर ऐसा क्या है और क्यों है कि चारों तरफ लोगों और भीड़ से घिरे होने के बावजूद हम अक्सर खुद को अकेला पाते हैं, अकेलेपन को लेकर परेशान होते हैं। यही शायद आज हमारे समय की सबसे बड़ी विडंबनाओं में से एक है। मनुष्य पहले कभी इतना जुड़ा हुआ नहीं था, लेकिन शायद पहले कभी इतना अकेला भी नहीं था। मोबाइल स्क्रीन, सोशल मीडिया और डिजिटल संपर्कों के इस दौर में संवाद बढ़ा है, पर आत्मीयता घटी है। यही कारण है कि अकेलापन अब केवल व्यक्तिगत अनुभव नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन गया है।

यों तो आभासी दुनिया में हर वक्त भीड़ देखने या उसके बीच मौजूद होने के बावजूद अकेलेपन के एहसास को लेकर दुनिया भर में चिंता जताई जा रही है, लेकिन कुछ समय पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन की सामाजिक संपर्क आयोग की रिपोर्ट ने भी अकेलेपन को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बताया है। दुनिया भर में हर वर्ष आठ लाख से ज्यादा लोगों की मौत सामाजिक अलगाव और अकेलेपन से जुड़ी हुई मानी जाती है। इससे पता चलता है कि अकेलापन मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर प्रश्न भी है।

भारत में परिवार केवल आर्थिक संस्था की हैसियत में चलने वाला कोई ढांचा नहीं है, बल्कि भावनात्मक सहारे का आधार भी रहे हैं। संयुक्त परिवारों में तो कई पीढ़ियां साथ रहती थीं। घरों में बातचीत, हंसी, तकरार और अपनापन जीवन का हिस्सा थे। आज शहरीकरण और बदलती जीवनशैली ने परिवारों को छोटी-छोटी इकाइयों में बांट दिया है। लोग एक ही घर में रहते हुए भी अलग-अलग कमरों और उनमें भी अलग-अलग ‘स्क्रीन’ में सिमट गए हैं। यह शहरों की तस्वीर है, लेकिन सच यह है कि ग्रामीण समाज भी इस बदलाव से अछूता नहीं है। रोजगार और शिक्षा की तलाश में युवा शहरों की ओर चले गए हैं। गांवों में पीछे छूटे माता-पिता और बुजुर्ग अक्सर सामाजिक और भावनात्मक अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। वहीं शहरों में रहने वाला युवा वर्ग भी प्रतिस्पर्धा, असुरक्षा और व्यावसायिक दबावों के बीच अपने भीतर एक खालीपन महसूस करता है।

सच यह है कि अकेलापन उम्र नहीं देखता। बुजुर्गों के साथ-साथ युवा और किशोर भी इसकी चपेट में हैं। पढ़ाई, करिअर, असफलता का भय, रिश्तों की अस्थिरता और बढ़ती महत्त्वाकांक्षाएं व्यक्ति को भीतर से थका रही हैं। बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन भीतर संवाद का एक गहरा अभाव पैदा हो गया है। सोशल मीडिया ने संपर्क के नए अवसर दिए हैं, लेकिन कई बार उसने निकटता का भ्रम भी पैदा किया है। मित्रता ‘फॉलोअर’ और ‘लाइक’ में बदलती और सिमटती जा रही है। हजारों संपर्कों के बावजूद लोग अपनी समस्याएं और भावनाएं साझा करने वाला कोई करीबी व्यक्ति नहीं खोज पाते। लोग ‘ऑनलाइन’ हैं, पर एक-दूसरे के जीवन में उपस्थित नहीं हैं। तकनीक ने संचार को सरल बनाया है, लेकिन मानवीय संबंधों का विकल्प अभी तक नहीं बन सकी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक अकेलापन, अवसाद, चिंता, नींद की समस्या, हृदय रोग और समयपूर्व मृत्यु के जोखिम को बढ़ा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सामाजिक संबंधों को अब स्वास्थ्य के एक महत्त्वपूर्ण आधार के रूप में देखने की जरूरत पर बल दिया है। यह एक ऐसी अदृश्य महामारी है, जो धीरे-धीरे समाज की जड़ों को प्रभावित कर रही है।

दुनिया के कई देशों ने इस समस्या को सार्वजनिक नीति का विषय बनाया है। ब्रिटेन ने अकेलेपन से निपटने के लिए विशेष रणनीति तैयार की थी और जापान ने भी सामाजिक अलगाव की बढ़ती समस्या को देखते हुए अलग सरकारी व्यवस्था बनाई। भारत में भी मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक संबंधों को लेकर चर्चा बढ़ी है, लेकिन अभी इस दिशा में व्यापक सामाजिक पहल की आवश्यकता है। मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और बुजुर्गों के लिए सामाजिक मंच विकसित करने की जरूरत है, लेकिन समाधान केवल सरकारी योजनाओं से नहीं निकलेगा। समाज को भी अपने भीतर झांकना होगा। पड़ोस, मित्रता, सामुदायिक गतिविधियां, पुस्तकालय, उद्यान, वरिष्ठ नागरिक समूह और परिवार के भीतर संवाद—ये सभी सामाजिक जीवन के वे सूत्र हैं, जो व्यक्ति को अकेलेपन से बचाते हैं।

आज जरूरत यह है कि हम डिजिटल संपर्क और मानवीय संबंधों के बीच का अंतर समझें। संबंध केवल संपर्क करने से नहीं बनते, उन्हें समय, संवाद और संवेदना से निभाया जाता है। किसी का हाल पूछ लेना, किसी बुजुर्ग के साथ कुछ समय बैठ जाना या किसी मित्र की चुप्पी को सुन लेना भी सामाजिक उपचार का काम कर सकता है। भारत जैसे भावनात्मक समाज की सबसे बड़ी ताकत उसके रिश्ते, पड़ोस, साझा जीवन और संवाद की परंपरा रही है। अगर ये कमजोर पड़ते हैं, तो अकेलापन केवल व्यक्ति की समस्या नहीं रहता, वह समाज की भी समस्या बन जाता है। डिजिटल युग में तकनीक आवश्यक है, लेकिन वह मानवीय संबंधों का विकल्प नहीं हो सकती, क्योंकि आखिरकार मनुष्य को वस्तुओं से अधिक किसी अपने के होने की आवश्यकता होती है।