दुनिया ने सचमुच एक लंबा और अद्भुत सफर तय किया है। कभी चिट्ठियों के सहारे चलने वाली बातचीत आज एक बटन दबाते ही हजारों किलोमीटर की दूरी पार कर जाती है। वह समय भी था, जब किसी प्रियजन का पत्र आने में हफ्तों लग जाते थे और उसे पढ़कर ही दिल को तसल्ली मिलती थी। आज बेटा विदेश में बैठा हो और माता-पिता गांव में, फिर भी चेहरे सामने, आवाज साफ और भावनाएं लगभग छू लेने जितनी नजदीक लगती हैं। यह विज्ञान, तकनीक और मानव बुद्धि की अद्भुत उपलब्धि है, जिस पर गर्व होना स्वाभाविक है।

मगर इसी चमकती हुई तरक्की के आईने में एक धुंधला, उदास और चिंताजनक सच भी झलकता है। हम दूर बैठे लोगों को देख और सुन सकते हैं, पर पास बैठे अपने ही लोगों का दर्द महसूस करने की संवेदना धीरे-धीरे खोते जा रहे हैं। यह विरोधाभास हमारी आधुनिक जीवनशैली का सबसे बड़ा प्रश्न बनकर सामने खड़ा है। ऐसा लगता है कि हम इसकी वजहों के बारे में जानते हैं, लेकिन इनके इंद्रजाल में इस कदर खोए हुए हैं कि यही हमें ज्यादा अहम लगता है।

आज घरों के भीतर ही संवाद कम होता जा रहा है। एक ही छत के नीचे रहने वाले लोग अपने हाथ में मौजूद अलग-अलग स्क्रीन में कैद दिखते हैं। पिता मोबाइल में व्यस्त हैं, बेटा वीडियो गेम में खोया है, मां भी स्मार्टफोन की स्क्रीन में उलझी है- और इन सबके बीच जो सबसे जरूरी था, वह धीरे-धीरे गायब हो गया है। यानी एक-दूसरे को सच में ‘देखना’ और ‘सुनना’। पहले घरों में बातचीत की आवाजें गूंजती थीं, अब मोबाइल पर नोटिफिकेशन की ध्वनियां सुनाई देती हैं।

यह भी एक अजीब विडंबना है कि आज सोशल मीडिया के किसी मंच पर हम किसी के चेहरे पर मुस्कान देखकर तुरंत ‘लाइक’ का चटका लगा देते हैं, लेकिन वही मुस्कान अगर बनावटी हो, तो उसे पहचानने की फुर्सत नहीं होती। हम ‘इमोजी’ यानी मुस्कराने, हंसने या किसी अन्य भाव के संकेतक मुद्रा भेजकर अपने भाव व्यक्त कर देते हैं, पर असल जीवन में किसी के कंधे पर हाथ रखकर पूछना भूल जाते हैं कि ‘तुम ठीक तो हो?’ किसी की आंखों में छिपा दर्द हमें दिखता नहीं, क्योंकि हम आंखों में नहीं, स्क्रीन में झांक रहे होते हैं।

तकनीक ने भौगोलिक दूरी को कम किया है, लेकिन दिलों के बीच की दूरी बढ़ा दी है। आज हम दुनिया के हर कोने की खबर रखते हैं कि कहां क्या हो रहा है, कौन क्या कर रहा है, लेकिन अपने ही घर के कोने में बैठे व्यक्ति की खामोशी को नहीं पढ़ पाते। यह स्थिति केवल सामाजिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक विघटन का संकेत भी है। हमारी जीवनशैली में तेजी आई है, लेकिन इस तेजी ने हमें ठहरकर सोचने का समय छीन लिया है। हम हर समय ‘कनेक्टेड’ यानी इंटरनेट पर या सोशल मीडिया के किसी मंच पर एक-दूसरे से जुड़े रहने की कोशिश में रहते हैं, लेकिन भीतर से ‘डिस्कनेक्टेड’ होते हैं, यानी एक दूसरे से कटते जा रहे हैं। हमारी बातचीत छोटी होती जा रही है, लेकिन अकेलापन गहरा होता जा रहा है।

यह भी सच है कि समस्या तकनीक में नहीं है, समस्या हमारे उपयोग में है। मोबाइल, इंटरनेट, वीडियो काल- ये सब साधन हैं, साध्य नहीं। इनका उद्देश्य हमें जोड़ना था, लेकिन हम इन्हीं में उलझकर अपने सबसे करीबी रिश्तों से कटने लगे हैं। तकनीक एक पुल बन सकती थी, लेकिन हमने उसे एक दीवार बना लिया है। आज बच्चों का बचपन भी स्क्रीन के भीतर सिमटता जा रहा है। खेल के मैदान खाली हो रहे हैं और डिजिटल गेम का संसार भरता जा रहा है। बुजुर्ग घर में होते हुए भी अकेला महसूस करते हैं, क्योंकि उनके पास बैठने और उनसे बात करने वाला कोई नहीं होता। परिवार साथ होते हुए भी साथ नहीं रह गया है।

हमें यह समझना होगा कि असली ‘तरक्की’ केवल साधनों की नहीं, संवेदनाओं की भी होती है। अगर हम मशीनों से बात करना सीख गए, लेकिन इंसानों को समझना भूल गए, तो यह प्रगति अधूरी है। तरक्की का सही अर्थ केवल सुविधा नहीं, बल्कि संवेदना का विस्तार भी है। समाधान कठिन नहीं है, बस थोड़ा-सा ठहरना होगा। हमें अपने जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाने होंगे। कभी मोबाइल को एक तरफ रखकर पास बैठे व्यक्ति की आंखों में झांकना होगा। बिना किसी स्क्रीन के, बिना किसी नोटिफिकेशन के, बस एक सच्ची बातचीत करनी होगी। दिन में कुछ समय ऐसा होना चाहिए, जब हम केवल अपने लोगों के साथ हों- पूरी तरह उपस्थित, बिना किसी डिजिटल हस्तक्षेप के।

हमें फिर से सुनना सीखना होगा- सिर्फ शब्द नहीं, भावनाएं भी। हमें फिर से देखना सीखना होगा- सिर्फ चेहरा नहीं, उसके पीछे छिपी कहानी भी। हमें फिर से महसूस करना होगा- सिर्फ अपनी नहीं, दूसरों की पीड़ा भी, क्योंकि आखिरकार इंसान को सबसे ज्यादा जरूरत किसी ऐप या नेटवर्क की नहीं होती, बल्कि एक ऐसे दिल की होती है जो उसे समझ सके, महसूस कर सके और बिना शर्त उसके साथ खड़ा रह सके। आज जरूरत इस बात की है कि हम तकनीक के साथ संतुलन बनाना सीखें। हम उसका उपयोग करें, लेकिन उसके गुलाम न बनें। हम उससे जुड़ें, लेकिन अपने रिश्तों से न कटें।

तरक्की तब पूरी होगी, जब हम दूरियों को ही नहीं, दिलों को भी करीब लाएंगे। जब हम डिजिटल दुनिया में रहने के साथ-साथ वास्तविक दुनिया को भी उतना ही महत्त्व देंगे। जब हम ‘आनलाइन’ होने के साथ-साथ ‘मानवीय’ भी बने रहेंगे। वरना यह चमकती हुई दुनिया, जिसमें रोशनी बहुत है, भीतर से उतनी ही अकेली, उतनी ही सूनी और उतनी ही संवेदनहीन रह जाएगी।