किसी ने हमारी अच्छाई देखी नहीं, हमारी मदद की किसी ने तारीफ नहीं की और हमारे सही निर्णय का किसी को पता ही नहीं चला, तब भी क्या हम वही करेंगे, जो सही है? शायद यही वह सवाल है जो हमें अपने भीतर झांकने के लिए मजबूर करता है। दरअसल, अच्छा होना और अच्छा दिखना, सुनने में भले ही एक जैसे लगें, लेकिन इनके बीच बहुत महीन अंतर है। अच्छा होना हमारे भीतर से आता है, जबकि अच्छा दिखना दूसरों की नजर पर निर्भर करता है। एक के लिए किसी दर्शक की जरूरत नहीं होती, दूसरे के लिए दर्शक जरूरी हो जाता है।
मनुष्य को समाज में सम्मान चाहिए, उसे अपनी छवि की चिंता रहती है। इसमें कुछ गलत भी नहीं है। समस्या तब शुरू होती है जब दूसरों की नजर हमारे व्यवहार की दिशा तय करने लगती है और हम सही काम इसलिए करने लगते हैं कि लोग हमें अच्छा समझें। किसी जरूरतमंद की मदद करना, किसी भूखे को भोजन देना, किसी गरीब बच्चे की फीस भरना या किसी सामाजिक कार्य में सहयोग करना निश्चित रूप से अच्छी बात है।
आज ऐसे कामों को सार्वजनिक करने के अवसर भी बहुत हैं। कभी किसी तस्वीर के माध्यम से, कभी किसी पोस्ट के जरिए। इसका एक सकारात्मक पक्ष भी है। अच्छे काम सामने आएंगे, तो दूसरे लोग प्रेरित हो सकते हैं। कोई पहल व्यापक रूप ले सकती है। लेकिन अगर उस अच्छे काम की कोई तस्वीर न बने, कोई उसे जानने वाला न हो, कोई प्रशंसा न मिले, तो क्या हम तब भी वही काम करेंगे?
अच्छाई की असली परीक्षा अक्सर उन्हीं जगहों पर होती है, जहां कोई कैमरा नहीं होता। किसी प्रभावशाली व्यक्ति के सामने विनम्र होना आसान है, लेकिन उस व्यक्ति के प्रति सम्मान बनाए रखना, जिससे हमारा कोई काम नहीं निकलना, हमारे चरित्र की बड़ी परीक्षा है। किसी वरिष्ठ की गलती पर चुप रहना और किसी कमजोर व्यक्ति की छोटी-सी भूल पर कठोर हो जाना हमारे भीतर के उस अंतर को दिखाता है, जिसे बाहरी छवि छिपा नहीं सकती। रिश्तों में भी अच्छा दिखने और अच्छा होने का अंतर बहुत साफ दिखाई देता है।
कई बार हम बाहर की दुनिया में बेहद सभ्य, धैर्यवान और समझदार दिखाई देते हैं, लेकिन घर लौटते ही हमारा व्यवहार बदल जाता है। हम किसी अनजान व्यक्ति की परेशानी देखकर तुरंत संवेदनशील हो जाते हैं, लेकिन घर के किसी अपने की चुप्पी को समझने का धैर्य नहीं रखते। बाहर किसी की भावनाओं का सम्मान करते हैं, लेकिन अपने ही परिवार के सदस्य की बात बीच में काट देते हैं। क्या हमारी अच्छाई उन लोगों तक सीमित है, जिनके सामने हमें अच्छा दिखाई देना है?
कभी-कभी हम अपने बारे में एक ऐसी छवि बना लेते हैं, जिसे बचाना वास्तविकता सुधारने से अधिक महत्त्वपूर्ण लगने लगता है। अगर लोग हमें ईमानदार मानते हैं, तो अपनी गलती स्वीकार करना कठिन हो जाता है। अगर हमें समझदार माना जाता है, तो यह स्वीकार करना मुश्किल लगता है कि किसी मामले में हम गलत थे। हम अपनी कमियों को दूर करने के बजाय उन्हें छिपाने लगते हैं। जबकि शायद सच्ची अच्छाई गलती न करने में नहीं, गलती स्वीकार करने और उसे सुधारने की इच्छा में होती है।
डिजिटल दुनिया ने इस प्रवृत्ति को जरूर नया विस्तार दिया है, लेकिन इसकी जड़ें केवल तकनीक में नहीं हैं। पहले भी लोग सामाजिक प्रतिष्ठा और अपनी छवि के लिए चिंतित रहते थे। फर्क इतना है कि आज हमारी जिंदगी के चुने हुए हिस्से तेजी से बहुत से लोगों तक पहुंच जाते हैं। हम क्या पहनते हैं, कहां जाते हैं, किसकी मदद करते हैं, क्या सोचते हैं- इन सबकी एक सार्वजनिक छवि बन सकती है। ऐसे में यह भ्रम पैदा होना स्वाभाविक है कि जो दिखाई दे रहा है, वही पूरा सच है। जबकि व्यक्ति का वास्तविक चरित्र अक्सर उन क्षणों में सामने आता है, जिन्हें वह किसी के साथ साझा नहीं करता।
यह भी संभव है कि कभी-कभी हम सचमुच अच्छे काम करते हुए भी इस बात से प्रसन्न हों कि लोग उसे अच्छा मान रहे हैं। इसमें भी कोई अस्वाभाविक बात नहीं। किसी अच्छे काम की प्रशंसा मनुष्य को आगे और अच्छा करने की प्रेरणा दे सकती है। इसलिए लक्ष्य यह नहीं होना चाहिए कि हमें प्रशंसा से बिल्कुल फर्क ही न पड़े। लक्ष्य इतना भर हो सकता है कि प्रशंसा हमारी अच्छाई की वजह न बन जाए। असल प्रश्न दूसरों के बारे में कम और अपने बारे में अधिक है।
हम दूसरों के दिखावे को बहुत जल्दी पहचान लेते हैं, लेकिन अपने भीतर की उस इच्छा को पहचानने में देर करते हैं, जो चाहती है कि लोग हमें अच्छा समझें। हम पूछ सकते हैं- यदि कोई मेरी ईमानदारी की प्रशंसा न करे तो क्या मैं ईमानदार रहूंगा? यदि मेरे त्याग को कोई जान न पाए तो क्या उसका मूल्य मेरे लिए कम हो जाएगा? यदि मैंने किसी की मदद की और वह धन्यवाद भी न दे, तो क्या मैं फिर भी संतुष्ट रहूंगा? शायद बच्चों को भी अच्छाई का अर्थ समझाने की जरूरत है।
अच्छे अंक, अच्छे कपड़े, सुंदर तस्वीर या अच्छी सामाजिक छवि किसी व्यक्ति को अच्छा नहीं बनाती। व्यक्ति को अच्छा बनाते हैं उसके निर्णय, उसका व्यवहार और दूसरों के प्रति उसका सम्मान।
सवाल यह नहीं कि दुनिया हमें कितना अच्छा मानती है। अधिक महत्त्वपूर्ण यह है कि हम खुद अपने सामने कितने सच्चे हैं। दुनिया की नजर बदल सकती है, प्रशंसा कल नहीं भी मिल सकती, लेकिन हमारा अंतर्मन हमारे साथ रहता है। जीवन की सुंदरता तब बढ़ती है, जब हमारी दिखाई देने वाली छवि और हमारे वास्तविक व्यक्तित्व के बीच दूरी कम होती जाए। आखिर अच्छाई वह नहीं जिसे बार-बार साबित करने की जरूरत पड़े। अच्छाई वह है जो बिना किसी गवाह के भी हमारे भीतर और हमारे व्यवहार में बनी रहे।
