हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ‘भारत अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह’ के नौवें संस्करण का केंद्रीय विषय जलवायु-अनुकूल जल प्रबंधन था। इस दौरान चर्चा में दो बातों पर जोर दिया गया कि भारत ने पिछले एक दशक में क्या हासिल किया है और उससे आगे क्या करना है। आगे की राह का मतलब पानी की आपूर्ति को सतत बनाए रखना, पानी का अधिक कुशलता से उपयोग करना, और इस्तेमाल हो चुके पानी यानी प्रयुक्त जल को पर्यावरण और अर्थव्यवस्था के लिए एक संसाधन की तरह देखना है। वैश्विक जलप्रबंधन के क्षेत्र में भारत का प्रभाव काफी बढ़ा है। वह कभी एक ऐसा देश था, जिसे बार-बार जलवायु संकट के झटकों का सामना करना पड़ता था, जहां पानी तक पहुंच एक बड़ी चुनौती थी। मगर आज वह बाढ़ और सूखे जैसी चरम जलवायु घटनाओं से निपटने में अधिक सक्षम है। भारतीय अनुभव में वैश्विक दक्षिण के दूसरे देशों के लिए सीख मौजूद है कि कैसे जल सुरक्षा की दिशा में बड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

पिछले करीब एक दशक में भारत ने जल प्रबंधन को लेकर दुनिया के कुछ सबसे बड़े कार्यक्रमों को बनाया और लागू किया है। इनका मकसद जल प्रबंधन को बेहतर बनाना, नदियों को पुनर्जीवित करना, पानी एवं स्वच्छता के उपायों तक पहुंच बढ़ाना और सामुदायिक अगुवाई में पानी को बचाना, सुरक्षित रखना और उसकी उपलब्धता बढ़ाने वाले कार्यों को सक्षम एवं प्रभावी बनाना है। अगर पीछे मुड़कर देखें, तो इसमें वर्ष 2001 से 2014 के बीच गुजरात में जल प्रबंधन से जुड़ी पहलें महत्त्वपूर्ण रही हैं। यह दौर उन जल प्रबंधन सुधारों की एक प्रयोगशाला जैसा था, जिन्हें वर्ष 2014 के बाद पूरे देश में लागू किया गया। इसमें स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, जल शक्ति अभियान, नमामि गंगे, अटल भूजल योजना और प्रति बूंद अधिक फसल जैसे बड़े जल कार्यक्रमों का कार्यान्वयन शामिल है।

पच्चीस साल के इस सफर को एक नए अध्ययन ‘फ्राम गुजरात टू इंडिया: वाटर लेसंस फार द वर्ल्ड’ में दर्ज किया गया है। यह वर्ष 2001 से 2026 तक गुजरात और भारत के जल प्रबंधन सुधारों का क्रमवार ब्योरा देती है। यह अध्ययन आधिकारिक आंकड़ों, नीति, कार्यक्रमों के दस्तावेजों, शोधों और इस क्षेत्र में काम करने वालों लोगों से बातचीत पर आधारित है। इसमें प्रमुखता से यह तथ्य सामने आया है कि कैसे व्यापक स्तर पर जल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राजनीतिक नेतृत्व एवं प्राथमिकता, सार्वजनिक वित्तपोषण, संस्थागत सुधार, प्रशासनिक अमल और सामुदायिक भागीदारी ने एकजुट होकर काम किया है। इस अध्ययन का मुख्य निष्कर्ष है कि जल सुरक्षा के लिए जितनी बड़ी चुनौती इंजीनियरिंग की है, उतनी ही शासन एवं संस्थाओं के लिए भी है। इस संदर्भ में गुजरात का अनुभव एक उपयोगी दृष्टि देता है कि बाद में राष्ट्रीय स्तर पर जल प्रबंधन के सफर और वैश्विक दक्षिण के लिए इसके महत्त्व को कैसे समझा जाए।

इस अध्ययन के अंतर्गत भारत के पिछले एक दशक और उससे पहले के गुजरात के अनुभवों से चार प्रमुख सीख मिलती हैं। अगर इन सीख का सही अध्ययन हो और इन्हें अपने संदर्भ के हिसाब से ढाला जाए, तो ये आने वाले वर्षों में कारगर साबित हो सकती हैं। ये वैश्विक दक्षिण के अन्य देशों में जल प्रबंधन को दिशा दे सकती हैं। ये चार सीख हैं- शासन को आगे रखें, संसाधन एवं सेवा प्रबंधन को एक साथ रखें, पहल को समुदायों से जोड़ें और शुरुआत से ही बड़े पैमाने पर विस्तार को ध्यान में रखा जाए। सिर्फ भौतिक संरचना ही नहीं, शासन को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जल सुरक्षा के केंद्र में सिर्फ उसकी बुनियादी संरचना नहीं, बल्कि राजनीतिक इच्छाशक्ति और संस्थाओं की मजबूती भी है। इन्हें व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए भारत ने एक रूपरेखा विकसित की है, जिसे ‘4 पी’ कहा जाता है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने अक्तूबर, 2018 में ‘दिल्ली घोषणा’ के माध्यम से दुनिया के सामने रखा था।

इस रूपरेखा में पहला ‘पी’ ‘पालिटिकल लीडरशिप’ यानी पानी को प्राथमिकता देने वाला राजनीतिक नेतृत्व है। यह नल जल तक सार्वभौमिक पहुंच, ज्यादा स्वच्छ गंगा, सामुदायिक नेतृत्व में भूजल प्रबंधन और पानी को प्राथमिकता बनाने वाले ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन’ जैसे जन संचार अभियानों में दिखाई देता है। दूसरा ‘पी’ ‘पब्लिक (और प्राइवेट) फाइनेंसिंग’ यानी सार्वजनिक (और निजी) वित्तपोषण के उपाय खोजना है, ताकि जल शासन की भारी पूंजीगत लागत और बार-बार आने वाले खर्चों को पूरा किया जा सके। तीसरा ‘पी’ ‘पार्टनरशिप्स’ यानी साझेदारियां है। ये साझेदारियां केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारों, समुदाय आधारित संगठनों और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ज्ञान संस्थाओं के बीच होनी चाहिए। चौथा ‘पी’ ‘पीपुल्स पार्टिसिपेशन’ यानी पानी से जुड़े स्थानीय फैसलों और प्रबंधन में जन भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जल संसाधन और सेवा प्रबंधन एक साथ होना चाहिए। अगर पानी का प्रवाह नहीं होगा, तो नल और नहरें सभी नाकाम हो जाएंगे। जल संसाधनों के विकास और सेवाओं को सतत बनाने के लिए दोनों पर एक साथ और व्यापक स्तर पर काम करना बहुत जरूरी है। अफ्रीका के कई शहर दूसरे शहरों की तुलना में तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए वहां उद्योग और सिंचाई की मांग बढ़ना तय है। ऐसे में जल संसाधनों और सेवाओं की योजनाओं को अभी एकसाथ बनाना भविष्य में बुनियादी संरचना में बदलाव करने की तुलना में किफायती रहेगा। पिछले कुछ दशकों का भारत का अनुभव बताता है कि अगर भविष्य में पानी की मांग वृद्धि के आधार पर जल संसाधनों और सेवाओं को आपस में जोड़ने वाली योजनाओं को पहले से बना लिया जाए, तो यह आर्थिक बदलावों का लाभ उठाने के लिए मददगार रहेगा। साथ ही जल असुरक्षा का जोखिम भी कम होगा।

जल से जुड़ी पहलों को सामुदायिक आधार देना जरूरी है। पानी तक पहुंच उन समुदायों में तेजी से आगे बढ़ती है, जिनके पास प्रभावी स्थानीय जल शासन संस्थाएं होती हैं। यह जल संरक्षण, जल संचयन और जल पुनर्भरण के कई कार्यक्रमों से सिद्ध हुआ है। इसे पाने में विभिन्न स्तरों पर शासन का आपसी जुड़ाव काम करता है। जैसा कि वर्ष 2001 से 2014 के दौरान गुजरात में दिखाई दिया, जहां पर चिंतन शिविरों ने प्रमुख हितधारकों के बीच जल प्रबंधन को प्राथमिकता बनाने में मदद की। इससे कई ऐसे व्यावहारिक समाधान भी निकले, जिनके आधार पर समुदायों की उम्मीदों के मुताबिक जल नीतियां बनाई जा सकीं। राष्ट्रीय स्तर पर भी ऐसे ही प्रयास हुए हैं। दुनिया सतत विकास लक्ष्य-छह को पाने में पीछे चल रही है। इसके तहत वर्ष 2030 तक सभी के लिए सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा जल संसाधनों, प्रयुक्त जल और पारिस्थितिकी तंत्रों के सतत प्रबंधन का लक्ष्य है। अनुमानों के अनुसार, इसके लिए हर साल 500 अरब डालर के अतिरिक्त निवेश की जरूरत है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जल प्रबंधन में सुधार, बुनियादी ढांचे तैयार करना, आंकड़े जुटाना और रखरखाव जैसे कार्यों को बड़े पैमाने पर करना होगा।