एक चर्चक कहते-कहते थक गया कि इतनी गाली के बाद भी ये मुख्य चुनाव आयुक्त आरोप लगाने वालों पर एफआइआर क्यों नहीं करते। उधर चुनाव आयोग का अगर कोई बचाव करता है, तो या तो सत्ता प्रवक्ता करते हैं या कुछ एंकर या कुछ ‘प्रो’ चर्चक करते हैं। इसे देख विपक्षी प्रवक्ता हमला बोलने लगते हैं कि सत्ता प्रवक्ता ही क्यों चुनाव आयोग का बचाव करते हैं। इसे देख कुछ ‘समर्थन’ की लाइन लेने वाले एंकर भी सत्ता प्रवक्ता से कहते हैं कि भई आप ही क्यों चुनाव आयोग के पक्ष में बोलते हैं। आयोग स्वयं बात क्यों नहीं करता?
बात तर्कसंगत दिखती है, जिस पर आरोप लगे वही जवाब दे तो ठीक। ‘तीसरा पक्ष’ कौन होता है बोलने वाला! बहरहाल, एक पत्रकार ने बेहतर जवाब दिया कि अगर कोई चुनाव चोरी का आरोप ‘सत्ता’ पर भी लगाता है, तो सत्ता को तो जवाब देना ही पड़ेगा, लेकिन कुछ मानते रहे कि ये सत्ता भी बेकार है।
इतनी गाली रोज खाती है फिर भी कुछ नहीं करती। बस रोती रहती है कि विपक्ष अराजकता फैलाना चाहता है। सारे विवाद में सत्ता पक्ष प्राय: रक्षात्मक ही दिखता है, जबकि विपक्षी नेता व प्रवक्ता हर चैनल पर हमलावर दिखते हैं और एक-दूसरे को ‘कवर फायर’ भी देते रहते हैं।
तेल की धार देखो : ‘भजन क्लबिंग’ से चुनाव आयोग तक, सियासत में मचा घमासान | विचार
हम एक लंबी लड़ाई शुरू होते देखते हैं। इस बारे में कई विशेषज्ञ बता चुके हैं कि अभी तो ये अंगड़ाई है आगे बड़ी लड़ाई है। यानी 2027 के उत्तर प्रदेश और पंजाब के चुनाव तक तो चलनी ही है! यह लड़ाई ‘बहुआयामी’ है। एक लड़ाई सड़कों पर है। चुनाव आयोग के दफ्तर में न घुसने देने पर फिल्म ‘रंग दे बसंती’ के दृश्यों की तरह ‘आल इंडिया रेडियो’ में घुसकर बरगद के नीचे धरना भी है।
फिर अगले दिन वही लड़ाई एक रेस्तरां में तीन सौ सांसदों को ‘इडली डोसा’ खिलाकर जतंर मंतर पर जाने और न जाने देने की जिद में बदल जाती है। पुलिस व आंदोलनकारियों के बीच देर तक खींचतान व कुछ नेताओं की सड़कों पर लेट जाने की गतिविधि में बदल जाती है।
दृश्य इतने विहंगम और तरल हैं कि कहीं वे पुलिस बरक्स प्रदर्शनकारियों की जोर आजमाइश में बदल जाते हैं, तो कहीं ‘एफआइआर’ बरक्स ‘एफआइआर’ में बदल जाते हैं। कहीं पुलिस की समझाइश व प्रदर्शनकारियों को सड़क से उठाकर गाड़ी में बिठाने की उठापटक में बदल जाते हैं। कहीं उसमें विपक्ष के नेता की ‘गर्वोक्ति’ ताल ठोकने लगती है कि अब तक ‘पैंतालीस एफआइआर’ हो चुकी है। सौ का इंतजार है और हर एफआइआर मेरे लिए तमगा है। अगले रोज दोपहर में विपक्ष के नेता गांधी समाधि को नमन करने के बाद उसके सामने धरना देने लगते हैं और अगले दिन राष्ट्रपति से मिलने का एलान करते हैं।
सजन रे झूठ मत बोलो: जेन-जी से चुनाव आयोग तक दावों और धारणाओं का खेल
इस तरह हम इन दिनों लड़ाइयों का बहुआयामी रूप देखते हैं। इनमें से कुछ लड़ाइयां एआइ द्वारा निर्मित है। वे ‘नो होल्ड बार’ वाली कटूक्तियों से युक्त ‘मीम, रील, पोस्टर’ में दिखती हैं। आरोप भी बदलते रहते हैं। पहले चुनाव आयुक्त ‘चोर’ थे। उनके इस्तीफे मांगे जाते रहे। फिर वही ‘चोर’ एक दिन ‘डकैत’ बन गए। फिर वे ही देश के ‘गद्दार’ कहे जाने लगे और वे ही ‘देशद्रोही’ कहे जाने लगे। प्रदर्शन के दौरान ही एक चैनल ने विपक्षी नेता का एक दृश्य कई बार दिखाया, जो हालीवुड की फिल्म ‘प्रीडेटर’ के अंतिम दृश्य की ‘कापी कैट’ की तरह दिखा। उसमें विपक्षी नेता अवरोधकों के ऊपर दोनों पैरों को चौड़ाकर आसमान की ओर देखते दिखे।
साथ ही कुछ ‘विलोमी दृश्य’ भी दिखे। इस तरह ‘कट टू कट’ दृश्य दिखते रहे। लेकिन सर जी! जिस तरह की भीड़ थी और जिस तरह की मारामारी और धक्कामुक्की के दृश्य थे, उसमें किसी के साथ कुछ भी हो सकता था। एक चैनल ने एक कश्मीरी युवक द्वारा ‘माफी मांगो’ लिखी तख्ती दिखाई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने तख्ती वाले युवक को जमकर पीटा। दूसरी ओर एक पुलिसकर्मी ने भी प्रदर्शनकारियों द्वारा पीटे जाने की आपबीती बताई।
इन प्रदर्शनों से पहले सत्तापक्ष से जुड़े लोगों ने नरेंद्र मोदी (प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में) के शासन के पच्चीस वर्ष पूरे होने पर स्वागत किया और कामकाज को सराहा। विपक्ष की तमाम घेराबंदी के बावजूद मोदी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में फिर संकल्प दोहराया कि भारत को 2047 तक ‘विकसित राष्ट्र’ बनाना है।
उनका यह संबोधन हर कार्यकर्ता की नसों में ऊर्जा दौड़ाने वाला था। प्रधानमंत्री ने जैसे ही कहा कि 2047 तक हम विकसित भारत बनाके रहेंगे तो कार्यकर्ताओं ने भी सुर में सुर मिला दिया ‘हम करके रहेंगे।’ मोदी ने जेन-जी की भाषा में कहा- ‘वी विल डू इट’ तो भीड़ से देर तक आवाज आती रही ‘हम करके रहेंगे’, ‘हम करके रहेंगे।
