कल तक होता था ‘चोर चोर’, फिर ‘चोर चोर’ की जगह हुआ ‘डाकू डाकू’, फिर ‘डाकू डाकू’ की जगह ली ‘गद्दार गद्दार’ के नारे ने। फिर लगने लगे ‘इस्तीफा इस्तीफा’ के नारे और अब होता दिखा ‘रिजीम चेंज’ कि ‘तख्त बदल दो, ताज बदल दो।’ पहले सड़क पर हल्ला, फिर अदालत तक शोर। क्या गजब का हल्ला कि बैनर आगे-आगे और पीछे-पीछे नेता और समर्थक। साथ में कहीं ‘तिरंगा’ और कहीं ‘लाल झंडा’ कदम ताल करते हुए।

दृश्य फिर पलटता है, तो हमें लगता है कि चैनलों द्वारा दिखाई जाती प्रदर्शनकारियों की ‘मार्च’ के दृश्यों में देसी कामरेड रोजा लक्जमबर्ग व कामरेड लेनिन साथ-साथ रैली में चल रहे हैं। फिर आती है आत्मविश्वास से भरी असली राजनीतिक लाइन कि आज नहीं तो कल नहीं तो परसों, परसों नहीं तो नरसों, नरसों नहीं तो महीने बाद, छह महीने बाद, साल भर बाद इस्तीफा तो देना ही होगा। हम छोड़ने वाले नहीं हैं।

फिर अदालत तक जुलूस के दृश्य। यह बयान भी आया कि बांग्लादेश की जेन-जी की क्रांतिकारिता को धन्यवाद। हम ‘रिजीम चेंज’ चाहते हैं। बांग्लादेश की जेन-जी क्रांति प्रेरित करती है। फिर एक दृश्य आता है, जिसमें देसी लेनिन अपने सात्विक क्रोध के साथ एलान करते हैं कि अगर केंद्र सरकार की बर्बरता चलेगी, तो जरूर सत्ता में बदलाव होगा। तानाशाह सरकार नहीं चल सकती। सत्ता में बदलाव की लड़ाई है। हम सरकार को बदल कर ही रहेंगे।

जोर आजमाइश का शोर: सड़कों से सियासत तक, आरोपों और जवाबी हमलों का दौर | सुधीश पचौरी का तीखा व्यंग्य

इसके बाद के दृश्य में विदेश में ठाठ से रहने वाले एक सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ के क्रांतिकारी वचन आए कि पुलिस वाले और सेना वाले एक साथ उठाएंगे अपनी आवाज, तो क्या करेगी सरकार। सरकार सेना का कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इसी बीच ये विदेश से दिल्ली आकर काजपा के मंच पर पहुंचते हैं और सत्ता में बदलाव के लिए सेना का आह्वान करके आसानी से विदेश निकल जाते हैं। एक राष्ट्रवादी एंकर इसे देख सरकार पर ही देर तक बरसता रहता है कि हमारी सरकार उतनी सख्त नहीं कि ऐसों को अंदर कर दे। उस पर देशद्रोह का मुकदमा बना दे।

फिर अगले दृश्य में बड़ी अदालत तक ‘मार्च’ और उसमें विपक्ष के एक नेता का ओजस्वी एलान कि हम चुप नहीं बैठने वाले। इनको जाना होगा। आप पूछेंगे कि ये कब तक होगा तो इसे अभी हम बता नहीं सकते। हम तीनों का इस्तीफा लेकर रहेंगे। इनको इस्तीफा देना होगा। फिर सत्ता पक्ष से जवाब आता है कि ये अब तक निन्यानबे चुनाव हार चुके हैं। यह आंदोलन हारने वालों की निराशा है। चुनाव में जीतते नहीं। इसलिए चाहते हैं कि जनता यों ही इनके गले में माला डाले। मेहनत करो और जीत के दिखाओ।

‘ब्रांड मोदी’ से ब्रिक्स तक, राजनीति में छवियों का यह खेल क्या कहता है?

दूसरा जवाब आता है। एक-डेढ़ किलोमीटर में मात्र सात-आठ हजार का ही हल्ला। जनता को ये समझा नहीं पाते। बस यों ही शोर मचाते हैं। तीसरा जवाब आता है कि ये न ‘एसआइआर’ के खिलाफ हैं न मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ। इनका असली उद्देश्य तो प्रधानमंत्री को हटाना है। समाज में अराजकता फैलाना है। एक चर्चक कहता है कि ये लोग बांग्लादेश के उन्हीं कट्टरवादियों से प्रेरणा लेने की बात कह रहे, जिसे कभी भारत की एक शासक दल की बड़ी नेता ने पाकिस्तान की सेना के कब्जे से आजाद कराकर बांग्लादेश बनवाया था। उसी दल के नेता ऐसे तत्त्वों को साथ लेकर चल रहे हैं, जो बांग्लादेश को उत्प्रेरक बता रहे हैं।

अदालत तक मार्च के दृश्य एकदम अद्भुत रहे। एक ओर प्रदर्शन में सरकार को बदल देने का आह्वान तो दूसरी ओर सत्ताधारी नेता विपक्षियों को समझाइश देते दिखे कि ऐसा करो, वैसा न करो। जनता के पास जाओ, उसे समझाओ। वैसा आप कर नहीं पाते। यह विपक्ष की ‘खिसियाहट’ है। ऐसे में कई चैनलों के एंकर जो कल तक सरकार के पक्ष में प्रवक्ताओं से भी आगे बढ़कर सत्ता की लाइन का बचाव करते दिखते थे, उनमें से कुछ अब सत्ता पक्ष को भी आड़े हाथों लेने लगे हैं।

आम जनता में काजपा नेताओं के प्रति नाराजगी के दृश्य भी दिखने लगे हैं। एक दिन जब काजपा के नेता हवाई अड्डे पर थे तो उनको देखते ही कुछ लोग ‘चोर चोर’ के नारे लगाते दिखे और कहने लगे कि आप लोग देश को खराब करना चाहते हैं। फिर एक दिन सर्वाेच्च अदालत ने सुनवाई के दौरान एकदम कानूनी मोर्चा लिया और तीनों चुनाव आयुक्तों समेत विपक्ष के नेता की अपीलों पर विस्तार से जवाब देने को कहा। साथ ही जंतर मंतर पर प्रदर्शन को अवैध बताने को लेकर सरकार से जवाब भी मांगा, तो भी कई चर्चक कयास लगाते रहे कि अदालत ने किसके पक्ष को सही ठहराया। लेकिन,‘बाखबर बामुलाहिजा होशियार’ कि हम यहीं कहेंगे कि चैनल चर्चक बंधु भी बाल की खाल निकालना बंद कर अदालती फैसले का इंतजार करें।