पिछले कुछ समय से देश में सस्ते इंटरनेट ने भारतीयों के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। शिक्षा, मनोरंजन, बैंकिंग, भुगतान और खरीदारी पहले से अधिक सुलभ हुए हैं। ये भी आम राय है कि पहले मुफ्त में बांटकर आम आदमी को उसकी आदत लगाई गई, लेकिन इंटरनेट की बढ़ी सुविधा के साथ कुछ नई समस्याएं भी आई हैं। मात्र कम कीमत मिलने से उपभोक्ता का हित पूरा नहीं हुआ, बल्कि वह नई खरीदारी और उसके उपभोग का मुख्य स्रोत बन गया है, क्योंकि उसकी डिजिटल गतिविधियां, पसंद और व्यवहार कंपनियों के लिए कारोबारी जानकारी बनते जा रहे हैं।

इससे वह इंटरनेट की सुविधा के माध्यम से अनजाने में अपने व्यवहार का ऐसा विवरण भी उपलब्ध करा रहा है, जिसका इस्तेमाल उसे ही अधिक खरीदारी के लिए प्रेरित करने में हो रहा है। जियो और स्टारलिंक की प्रतिस्पर्धा इसलिए केवल दो उद्योगपतियों की कारोबारी लड़ाई नहीं है। यह भारतीय उपभोक्ता के वास्तविक लाभ, उसकी आर्थिक स्थिति और उसकी निजता से जुड़ा प्रश्न भी है।

भारत में इंटरनेट का विस्तार नई सदी के आरंभ से हुआ, लेकिन वर्ष 2016 में जियो के प्रवेश ने दूरसंचार बाजार की तस्वीर बदल दी। आरंभिक मुफ्त सेवाओं ने इंटरनेट को देश की बड़ी आबादी तक पहुंचाया। इसके बाद घरेलू बाजार में तीव्र प्रतिस्पर्धा ने डेटा की कीमतें घटाईं और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा दिया। नोटबंदी के बाद डिजिटल भुगतान का चलन बढ़ा, जबकि कोरोना महामारी ने ऑनलाइन शिक्षा, घर से काम और ऑनलाइन खरीदारी को व्यापक रूप से स्थापित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2022 से 2023 में भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आकार 31.64 लाख करोड़ रुपए था, जो राष्ट्रीय आय का 11.74 फीसद था। डिजिटल भुगतान में बदलाव का पैमाना भी विशाल है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम के अनुसार, सितंबर 2026 में यूपीआई के माध्यम से 24.07 अरब का लेनदेन हुआ, जिनका कुल मूल्य लगभग 29.37 लाख करोड़ रुपए था।

बुनियादी सवाल

अब कुछ बुनियादी प्रश्न उठते हैं। क्या डिजिटल अर्थव्यवस्था का बढ़ता कारोबार आम परिवार की आय और बचत भी बढ़ा पाया है? क्या आसान खरीदारी और छूट के आकर्षक प्रस्तावों ने लोगों को अधिक खर्च करने के लिए प्रेरित किया है? क्या ऑनलाइन शिक्षा से पढ़ाई सस्ती हुई है? क्या ऑनलाइन खरीदारी से छोटे उद्यमियों की शुद्ध आय बढ़ी है? क्या ओटीटी की सदस्यता ने परिवारों का कुल खर्च बढ़ाया है?

डिजिटल सुविधा जब उपभोग बढ़ाने का माध्यम बन जाए, तो सवाल पूछना जरूरी है। एक क्लिक पर खरीदारी, व्यक्तिगत पसंद के अनुसार दिखाए जाने वाले विज्ञापन और सीमित समय के प्रस्ताव लोगों को ऐसी वस्तुएं खरीदने के लिए प्रेरित कर सकते हैं, जिनकी उन्हें तत्काल आवश्यकता नहीं होती। आय में वृद्धि के बिना खर्च बढ़ता है, तो बचत प्रभावित हो सकती है। महंगाई, बेरोजगारी, कर्ज और घरेलू जरूरतें भी बचत को प्रभावित करती हैं। इसलिए डिजिटल सेवाओं को इसका एकमात्र कारण नहीं माना जा सकता। फिर भी यह पूछना उचित है कि डिजिटल बाजार नागरिक की वित्तीय समझ और स्वतंत्र निर्णय क्षमता को मजबूत कर रहा है या उसे अधिक उपभोग की ओर धकेल रहा है। कारोबार और लेनदेन में वृद्धि आर्थिक गतिविधियों का संकेत है, लेकिन अपने आप में यह समाज या आम आदमी की आर्थिक समृद्धि का प्रमाण नहीं है।

सुविधा की संवेदनशीलता

निजी व्यवहार के आंकड़ों का प्रश्न इस बहस को और गंभीर बनाता है। उपभोक्ता इंटरनेट पर क्या खोजता है, कौन-सी सामग्री देखता है, कहां खरीदारी करता है और किस विज्ञापन पर प्रतिक्रिया देता है- यह सब बाजार के लिए मूल्यवान जानकारी बन चुका है। कंपनियां इस जानकारी से ग्राहक की पसंद समझती हैं, उसके व्यवहार का अनुमान लगाती हैं और उसी के अनुरूप उत्पाद तथा लक्षित विज्ञापन तैयार करती हैं। ऐसे में क्या नागरिक को पता है कि इंटरनेट का उपयोग करते समय उसकी कौन-कौन-सी जानकारियां एकत्र की जाती हैं, उन्हें कहां साझा किया जाता है और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाता है?

अगर नागरिक की डिजिटल गतिविधियां कंपनियों को अधिक सटीक विपणन और अधिक मुनाफा कमाने में मदद करती हैं, तो क्या लोगों को यह जानने और तय करने का वास्तविक अधिकार नहीं होना चाहिए कि उनकी जानकारी का उपयोग कैसे किया जाए? कई लोग बताते हैं कि किसी विषय पर बातचीत करने के बाद उसी से संबंधित विज्ञापन मोबाइल पर दिखने लगते हैं। मगर खोज, क्लिक, स्थान संबंधी अनुमतियां और पिछली डिजिटल गतिविधियां भी विज्ञापनों को प्रभावित कर सकती हैं। फिर भी डेटा संग्रह, उसके उपयोग और उसे साझा करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता अनिवार्य है।

ग्राहक की सीमा

आज नागरिक की डिजिटल गतिविधियों का कारोबारी मूल्य है, लेकिन उस मूल्य के निर्माण में उसकी भूमिका और उसके अधिकारों पर गंभीर चर्चा आवश्यक है। वह अपनी आय से सेवाएं खरीदता है और अपने व्यवहार से कंपनियों को बाजार संबंधी महत्त्वपूर्ण जानकारी देता है। उसकी डिजिटल गतिविधियों से पैदा होने वाले आर्थिक मूल्य का बड़ा हिस्सा कारोबारी संस्थाओं को मिल सकता है, जबकि नागरिक की भूमिका केवल ग्राहक तक सीमित रह जाती है। यह प्रश्न केवल निजता का नहीं, बल्कि आर्थिक विकास के लाभों के वितरण का भी है। अगर बड़ी कंपनियां नागरिक के व्यवहार और उसकी जरूरतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर अपना कारोबार बढ़ाती हैं, तो यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि इस प्रक्रिया में नागरिक के अधिकार कमजोर न पड़ें और आर्थिक असमानता बढ़ाने वाली प्रवृत्तियों को प्रोत्साहन न मिले।

जियो का प्रस्तावित आईपीओ (प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश) इस बहस को एक और आयाम देता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीओ के जरिए लगभग 30,213 करोड़ रुपए जुटाए जाने की संभावना है और कंपनी का संभावित मूल्यांकन करीब 10.3 लाख करोड़ रुपए है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीओ से जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा रिलायंस जियो इंफोकॉम की उधारी चुकाने में इस्तेमाल किया जा सकता है।

जानने का अधिकार

यहां प्रश्न केवल निवेश का नहीं है। क्या इस आईपीओ में निवेश करने वाले आम आदमी की बचत को उचित प्रतिफल मिल सकेगा? क्या कंपनी का मूल्यांकन उसकी भविष्य की कमाई के अनुरूप है? क्या आईपीओ के बाद कर्मचारियों को बेहतर वेतन और सुरक्षित रोजगार मिलेंगे? क्या निवेशकों को कंपनी की वृद्धि के अनुरूप प्रतिफल मिलेगा? क्या ग्राहकों को तकनीकी प्रगति का लाभ उचित कीमतों के रूप में प्राप्त होगा? इसलिए इस आईपीओ का मूल्यांकन केवल लोकप्रियता से नहीं, बल्कि भविष्य की कमाई, उचित मूल्यांकन, जोखिम और पारदर्शिता के आधार पर होना चाहिए।

इंटरनेट ने जीवन को आसान बनाया है, पर उसकी सफलता तभी सार्थक होगी जब देश की डिजिटल व्यवस्था में भारतीय नागरिक को यह भरोसा हो कि उसकी जानकारी केवल इसलिए कारोबारी संसाधन नहीं बन जाएगी कि वह इंटरनेट का उपयोग करता है। उसे यह जानने और नियंत्रित करने का अधिकार होना चाहिए कि उसकी जानकारी का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा है और क्या उसे अन्य कारोबारी संस्थाओं के साथ साझा किया जा रहा है। इसलिए अब डिजिटल क्रांति का अगला चरण केवल अधिक डेटा, अधिक लेनदेन और अधिक मुनाफे का नहीं, बल्कि नागरिक के अधिकारों की वास्तविक सुरक्षा का होना चाहिए।

यह भी पढ़ें: एआई से तस्वीरें बनाना मुफ्त नहीं, इसकी कीमत चुका रही है धरती और निजता | विचार

मनुष्य के लिए तकनीक अब एक जरूरी साधन बन गई है। वह कल्पनाओं में नए रंग भर रही है और वर्तमान से भविष्य तक की अनेक योजनाओं को आकार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इंटरनेट, सोशल मीडिया और अब कृत्रिम मेधा यानी एआइ ने तकनीक को ऐसे-ऐसे मंच प्रदान किए हैं, जिनके जरिए एक आम इंसान अपने सपनों को हकीकत में बदलने की कोशिश करता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक