Board Exams: हर वर्ष फरवरी और मार्च का महीना आते ही देश के लाखों घरों में एक अलग-सी गंभीरता उतर आती है। पढ़ाई की मेज पर किताबों का ढेर बढ़ जाता है, दीवारों पर चिपके परीक्षा कार्यक्रम घर की दिनचर्या तय करने लगते हैं और बातचीत का केंद्र एक ही विषय रह जाता है- बोर्ड परीक्षा। दसवीं और बारहवीं की ये परीक्षाएं हर साल आती हैं, लेकिन इनके साथ जुड़ा तनाव और सामाजिक दबाव भी लगभग उतनी ही नियमितता से लौटता है।
दरअसल, यह सिर्फ विद्यार्थियों की परीक्षा नहीं होती, यह परिवारों, विद्यालयों और पूरे सामाजिक परिवेश की मानसिकता की भी परीक्षा होती है।
हमारी शिक्षा संस्कृति में बोर्ड परीक्षाओं को एक निर्णायक मोड़ की तरह देखने की परंपरा रही है। परिणाम आते ही फीसद के आधार पर बच्चों की क्षमता और पहचान तय कर दी जाती है। कुछ अंक ऊपर-नीचे होते ही किसी को मेधावी, किसी को औसत और किसी को कमजोर मान लिया जाता है।
यह प्रवृत्ति धीरे-धीरे बच्चों के मन में यह धारणा बना देती है कि उनका पूरा भविष्य कुछ अंकों पर टिका हुआ है। यहीं से परीक्षा सीखने की स्वाभाविक प्रक्रिया न रहकर सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रश्न बन जाती है। किशोरावस्था का समय अपने आप में संवेदनशील होता है। यही वह दौर है, जब बच्चे अपनी क्षमताओं को पहचान रहे होते हैं और आत्मविश्वास विकसित कर रहे होते हैं। ऐसे समय में बोर्ड परीक्षा उनके सामने पहली बड़ी सार्वजनिक चुनौती बनकर आती है।
परिणाम केवल परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि रिश्तेदारों, पड़ोसियों और समाज की चर्चा का विषय बन जाता है। स्वाभाविक है कि ऐसी स्थिति में बच्चों के मन में चिंता और दबाव बढ़ता है, और कई बार यह दबाव पढ़ाई से अधिक उनके आत्मविश्वास को प्रभावित करता है। यहां एक बुनियादी सवाल यह है कि क्या कुछ घंटों की परीक्षा में मिले अंक किसी विद्यार्थी की पूरी योग्यता तय कर सकते हैं? शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक जुटाना नहीं, बल्कि समझ, कौशल और व्यक्तित्व का विकास करना है, लेकिन जब पूरी चर्चा अंकों तक सिमट जाती है, तो सीखने की प्रक्रिया पीछे छूट जाती है और प्रतिस्पर्धा आगे आ जाती है।
नई शिक्षा नीति बहुआयामी मूल्यांकन, कौशल आधारित शिक्षा और सतत आकलन की बात करती है, लेकिन सामाजिक व्यवहार अब भी अंकों को ही अंतिम सत्य मानने का आदी है। यह विरोधाभास ही परीक्षा के आसपास अनावश्यक दबाव पैदा करता है। परीक्षा के समय बच्चों पर इस दबाव का असर साफ दिखाई देता है। उनकी नींद कम हो जाती है, दिनचर्या असंतुलित हो जाती है और आत्मविश्वास की जगह चिंता ले लेती है। कई बार मेहनती छात्र भी परीक्षा कक्ष में अपने ही डर से हार जाते हैं। इस डर से किसी बच्चे का आत्महत्या कर लेना बेहद त्रासद है। यह स्थिति बताती है कि समस्या पढ़ाई की कमी नहीं, बल्कि दबाव की अधिकता है।
जब मन आशंकाओं से भरा होता है, तो याद की हुई बातें भी स्पष्ट नहीं रह पातीं। इसीलिए तैयारी का अर्थ केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखना भी है। परीक्षा की दृष्टि से ऐसे समय में बच्चों के लिए संतुलित तैयारी सबसे जरूरी होती है। नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, हल्की शारीरिक गतिविधि और समझ के साथ की गई पढ़ाई- ये सभी बातें उनकी क्षमता को बेहतर बनाती हैं। बिना रुके घंटों पढ़ना हमेशा बेहतर परिणाम नहीं देता, बल्कि संतुलित और समझ पर आधारित तैयारी ही आत्मविश्वास पैदा करती है।
परीक्षा के दिनों में यह समझना जरूरी है कि शरीर और मन दोनों को साथ लेकर चलना ही असली तैयारी है। परीक्षा के नजदीक आने पर दबाव में आकर की गई पढ़ाई के नतीजे ज्यादा ठोस और सार्थक नहीं निकलते। इससे संभव है कि विद्यार्थी परीक्षा पास कर जाए, लेकिन ज्ञान और विवेक के स्तर पर जो मजबूती आनी चाहिए, वह नहीं आ पाती। इस दौर में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण हो जाती है। अधिकांश माता-पिता बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं, लेकिन कई बार यही चिंता दबाव में बदल जाती है।
तुलना, अपेक्षाओं की लगातार चर्चा या परिणाम को लेकर डराने वाली बातें बच्चों के मन में असुरक्षा पैदा करती हैं। इसके विपरीत, घर का शांत वातावरण, भरोसे से भरी बातचीत और नियमित दिनचर्या बच्चों को मानसिक स्थिरता देती है। जब बच्चे यह महसूस करते हैं कि उनका मूल्य केवल अंकों से नहीं तय होगा, तो वे अधिक सहज होकर अपनी तैयारी पर ध्यान दे पाते हैं। शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी भी कम नहीं है।
स्कूलों की रैंकिंग, सबसे ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों की सूचियां और फीसद आधारित प्रतिष्ठा की होड़ कई बार बच्चों को अनावश्यक प्रतिस्पर्धा में धकेल देती है। शिक्षा का उद्देश्य जहां समझ और आलोचनात्मक विवेक विकसित करना होना चाहिए, वहां परिणाम संस्थानों की साख का पैमाना बन जाता है। अगर विद्यालय परीक्षा को सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा मानकर चलें और काउंसलिंग, संवाद तथा समय प्रबंधन पर ध्यान दें, तो दबाव काफी हद तक कम किया जा सकता है।
ऐसे समय में शिक्षक केवल विषय पढ़ाने वाले व्यक्ति नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक बन जाते हैं। एक शिक्षक का संतुलित व्यवहार, परीक्षा से पहले दिए गए व्यावहारिक सुझाव या एक भरोसा दिलाने वाला वाक्य- ये सब बच्चों के मनोबल को मजबूत करते हैं। कई विद्यार्थियों के लिए शिक्षक की एक सकारात्मक टिप्पणी ही परीक्षा के दबाव के बीच सहारा बन जाती है।
इस संबंध में समाज और मीडिया में जो उत्तेजना देखी जाती है, उसके मद्देनजर इनकी भूमिका पर भी विचार आवश्यक है। परिणाम आते ही सुर्खियां सबसे ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों के इर्द-गिर्द घूमने लगती हैं। यह प्रेरक हो सकता है, लेकिन जब पूरी चर्चा उसी तक सीमित रह जाती है, तो एक संदेश फैलता है कि सफलता का एक ही पैमाना है- अधिकतम अंक। यह दृष्टिकोण न तो वास्तविक है और न उपयोगी। जीवन के रास्ते केवल बोर्ड परीक्षा के परिणाम से तय नहीं होते।
आज का शैक्षिक और व्यावसायिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक डिग्रियों के साथ-साथ कौशल आधारित शिक्षा, तकनीकी क्षेत्रों, रचनात्मक पेशों और उद्यमिता के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में बोर्ड परीक्षा को जीवन का अंतिम निर्णय मान लेना यथार्थ से दूर की सोच है। अच्छे अंक अवसरों के दरवाजे खोलते हैं, लेकिन कम अंक जीवन के रास्ते बंद नहीं करते। दरअसल, बोर्ड परीक्षा को एक ऐसे पड़ाव की तरह देखना चाहिए, जो बच्चों को अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना सिखाता है।
यह जीवन की लंबी यात्रा का एक चरण है, मंजिल नहीं। जब समाज इस सरल सत्य को स्वीकार करेगा, तब परीक्षा के आसपास का दबाव कम होने लगेगा। इस पूरी प्रक्रिया में तीनों पक्ष- बच्चे, अभिभावक और शिक्षण संस्थान- एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। बच्चों को मेहनत और समझ के साथ तैयारी करनी है, अभिभावकों को भरोसे का वातावरण बनाना है और स्कूलों को मार्गदर्शक की भूमिका निभानी है। जब यह संतुलन बनता है, तभी परीक्षा एक स्वस्थ अनुभव बनती है।
हर साल बोर्ड परीक्षाएं होंगी, परिणाम आएंगे और नई पीढ़ियां इस प्रक्रिया से गुजरती रहेंगी, लेकिन किसी भी शिक्षा व्यवस्था की सफलता अंकों की सूची से नहीं, बल्कि उन बच्चों के आत्मविश्वास से तय होती है, जो परीक्षा के बाद जीवन में आगे बढ़ते हैं। अगर परीक्षा उन्हें संतुलन, मेहनत और विश्वास सिखाती है, तो वही उसकी असली सार्थकता है। और अगर वह उन्हें डर, तुलना और असुरक्षा में उलझा देती है, तो समस्या अंकों में नहीं, हमारी सोच में है।
विचार: विदेश गए बच्चे, अकेले रह गए माता-पिता, उपेक्षा पर सख्त हुई संसद, बनेगा कड़ा कानून

भारतीय समाज में परिवार की संरचना और मूल्यों का आधार माता-पिता की देखभाल एवं सम्मान रहा है। मगर आधुनिक समय में वैश्वीकरण, बेहतर शिक्षा और अच्छे रोजगार के लिए युवा विदेश या बड़े शहरों में जाकर बस रहे हैं। यह प्रवास अक्सर परिवारों में आर्थिक उन्नति तो लाता है, लेकिन कई मामलों में बुजुर्ग माता-पिता अकेले पड़ जाते हैं। देखभाल और भावनात्मक समर्थन का अभाव तथा अकेलेपन से बुजुर्गों की मानसिक एवं शारीरिक स्थिति… पढ़िए पूरी खबर
