इन दिनों भारतीय राजनीति में नेता कम, उनके अवतार ज्यादा दिखाई देते हैं। कोई जननायक है, कोई थलैवा, कोई संविधान का सबसे बड़ा रक्षक है, कोई लोकतंत्र का सबसे बड़ा और अंतिम प्रहरी। हर दल अपने नेता को इतिहास का निर्णायक पात्र और विरोधी को लोकतंत्र का सबसे बड़ा खतरा बताने में जुटा है। नतीजा यह कि राजनीति अब मुद्दों से कम और विशेषणों से ज्यादा चलने लगी है।

भाषा का हाल यह है कि शब्दकोश वाले शब्द भी अब पुराने पड़ने लगे हैं। अब हर दिन नए राजनीतिक मुहावरे गढ़े जाते हैं। कोई किसी को वोट चोर कहता है, तो कोई लोकतंत्र चोर। कोई जनादेश चोर कहता है, तो कोई किसी को संविधान चोर कहने लगता है। आरोपों की ऐसी बाढ़ आई है कि कभी-कभी लगता है राजनीति नहीं, देश में एफआईआर लेखन प्रतियोगिता चल रही है।

टीवी चैनलों का हाल तो और भी निराला है। बहस महंगाई पर शुरू होती है, पहुंच जाती है किसी नेता के बयान तक। चर्चा बेरोजगारी पर होती है और समाप्त विपक्ष की नीयत या सत्ता की मंशा पर होती है। तथ्य बेचारे बीच रास्ते में उतर जाते हैं और प्रवक्ता आखिरी स्टेशन तक लड़ते रह जाते हैं।

इसी बीच एक बयान आया और पूरा राजनीतिक देश उसी में समा गया। एक तरफ से आवाज आई कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे। दूसरी तरफ से जवाब आया कि मोदी ही नहीं, और भी बहुत कुछ जाएगा। फिर क्या था! शिक्षा गई, स्वास्थ्य गया, रोजगार गया, किसानों की समस्या गई। देश का सबसे बड़ा सवाल यह हो गया कि आखिर कौन जाएगा और कौन नहीं जाएगा।

इसके बाद व्याख्याओं का मेला लग गया। किसी ने कहा, यहां ‘बाप’ का मतलब जैविक पिता नहीं, वैचारिक पिता है। किसी ने कहा, यह राजनीतिक मर्यादा का पतन है। किसी ने कहा, यह प्रतिरोध की भाषा है। राजनीति में अब बयान से ज्यादा उसकी व्याख्या चलती है। बयान पांच सेकंड का होता है, उसकी चर्चा पांच दिन चलती है।

उधर, चुनाव आयोग पर आरोप लगे, जवाब आए। सुप्रीम कोर्ट में हलफनामे भी दाखिल हुए। फिर हलफनामों पर बहस शुरू हो गई। बहसों पर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। प्रतिक्रियाओं पर प्रतिक्रियाएं आईं। देखते-देखते आरोप और जवाब का ऐसा चक्र बना कि किसी को याद ही नहीं रहा कि शुरुआत आखिर हुई कहां से थी।

फिर घोषणा हुई कि जनता की अदालत लगेगी। प्रतीकात्मक संसद बैठेगी। महाभियोग की मांग उठेगी। हमारे यहां प्रतीकों का बड़ा महत्त्व है। असली संसद से पहले प्रतीकात्मक संसद, असली लड़ाई से पहले सांकेतिक लड़ाई और असली फैसले से पहले नैतिक फैसला आ जाता है। इसीलिए राजनीति में अब मंच भी समांतर सजने लगे हैं और सत्य भी समांतर।

जवाब में सत्ता पक्ष भी कम उत्साहित नहीं दिखा। उसने भी अपने कार्यक्रम बना लिए। एक तरफ लोकतंत्र बचाने का दावा, दूसरी तरफ लोकतंत्र खतरे में होने का दावा। एक तरफ जनादेश की दुहाई, दूसरी तरफ जनमत की दुहाई। ऐसा लगा मानो पूरा देश एक साथ कई राजनीतिक नाटकों का मंच बन गया हो और हर दल अपनी-अपनी पटकथा का नायक हो।

फिर कुछ चुनावी नतीजे आए। जिसने ज्यादा सीटें जीतीं, उसने ऐतिहासिक जीत बताई। जिसने कम सीटें जीतीं, उसने नैतिक जीत बता दी। भारतीय राजनीति की यही खूबी है। यहां हारने वाला कहता है कि असली जीत उसकी है और जीतने वाला कहता है कि जीत अपेक्षा से कम है। इसलिए यहां कोई पूरी तरह हारता नहीं और कोई पूरी तरह जीतता नहीं।

तभी राजनीति के इस विराट रंगमंच पर एक ऐसा पात्र उतर आया, जो न सत्ता पक्ष का था, न विपक्ष का। वह थी बारिश! जिस दिन प्रतीकात्मक संसद सजनी थी, जिस दिन महाभियोग का राजनीतिक महोत्सव होना था, जिस दिन कैमरों के सामने लोकतंत्र का एक और सांकेतिक संग्राम लड़ा जाना था, उसी दिन बारिश आ गई।

मंच तैयार था, भाषण तैयार थे, नारे तैयार थे, आरोप तैयार थे, प्रत्यारोप तैयार थे। यहां तक कि टीवी चैनलों के प्राइम टाइम शीर्षक भी लगभग तैयार ही थे। बस मौसम ने पटकथा पढ़ने से इनकार कर दिया। और कार्यक्रम टल गया।

अब सोचिए, इस देश में अगर हर बात के लिए कोई न कोई दोषी खोज लिया जाता है, तो बारिश को क्यों छोड़ा जाए? उसने नेताओं को बोलने नहीं दिया। उसने तैयार भाषणों को फाइलों में वापस भिजवा दिया। उसने कैमरों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उसने राजनीतिक उत्तेजना का तापमान अचानक ठंडा कर दिया।

जो काम आरोप नहीं कर पाए, जो काम प्रत्यारोप नहीं कर पाए, जो काम प्रवक्ता नहीं कर पाए, वह काम दिल्ली की बारिश ने कर दिखाया। इसलिए लोकतांत्रिक निष्पक्षता की मांग है कि अगला महाभियोग इसी बारिश के खिलाफ लाया जाए। आखिर उसने राजनीतिक नाटक का चरम दृश्य ही स्थगित करा दिया। भारतीय राजनीति में इससे बड़ा अपराध फिलहाल तो कोई दिखाई नहीं देता! बहरहाल, चर्चा चल पड़ी बारिश की। बारिश ने भी खूब रंग जमाया और चर्चाओं में शामिल होकर अपने महत्त्व को साबित कर दिया।