कृत्रिम मेधा (एआइ) जिस तेजी से हमारी रोजमर्रा की जिंदगी पर कब्जा कर रही है, उसने सुविधाओं और चमत्कारों के साथ एक बुनियादी सवाल भी हमारे सामने रख दिया है। सवाल यह है कि इस तकनीकी उछाल को बनाए रखने के लिए बिजली कहां से आएगी? एआइ अब किसी मोबाइल ऐप या ‘चैटबाट’ तक सीमित नहीं रही। वह अस्पतालों में उपचार को समझने से लेकर समाधान में सहयोग दे रही है। दफ्तरों में निगरानी का यह औजार बन चुकी है। यहां तक कि सरकारी नीतियों की दिशा तय करने में शामिल हो रही है। स्थिति यह है कि आने वाले वर्षों में रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा की शक्ल बदलने वाली है। मगर जिस ‘स्मार्ट भविष्य’ का वादा किया जा रहा है, उसकी बुनियाद ऊर्जा पर टिकी है। आज वही सबसे कमजोर कड़ी बनती जा रही है।
दरअसल, एआइ की असली ताकत बड़े-बड़े डेटा केंद्र हैं। ये ऐसे ‘बिजलीखोर’ कारखाने हैं जो चौबीस घंटे चलते हैं। इसके लिए हजारों कंप्यूटर, लगातार गणना, और उन्हें ठंडा रखने के लिए बेहिसाब पानी और बिजली चाहिए। आज एक बड़ा डेटा केंद्र उतनी बिजली खा जाता है जितना कि एक छोटा शहर। भारत में, जहां बिजली और पानी पहले ही सीमित संसाधन हैं, यह दबाव और गंभीर हो जाता है।
जब एआई की भूख धरती से टकराई, क्या डेटा सेंटर अब अंतरिक्ष की ओर भागेंगे?
विडंबना यह है कि जिस एआइ को भविष्य की हर समस्या का समाधान बताया जा रहा है, वह खुद पर्यावरण और ऊर्जा संकट को गहरा कर रहा है। ज्यादातर डेटा केंद्र आज भी कोयला, गैस और तेल से बनी बिजली पर चलते हैं। यानी एआइ जितना ‘स्मार्ट’ बन रहा है, उतना ही कार्बन उत्सर्जन भी बढ़ा रहा है। ऐसे में यह सवाल बिल्कुल जायज है कि क्या हम एक समस्या हल करने के प्रयास में, दूसरी बड़ी समस्या तो नहीं पैदा कर रहे?
जब जमीन पर बने डेटा केंद्र बिजली और पानी इस कदर गटकने लगे तो कई गंभीर सवाल उठे। बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने चौंकाने वाला एक विचार उछाल दिया। इन्हें धरती से हटा कर अंतरिक्ष में भेज दिया जाए। दलील है कि वहां सूरज चौबीस घंटे चमकता है, तो सोलर पैनल लगातार बिजली देंगे। ऐसे में न मौसम की मार होगी, न पानी की जरूरत। यह सारी परेशानियों का जादुई हल लगता है, लेकिन सच तो यह है कि यह समाधान नहीं, बल्कि पलायन है। बड़ी कंपनियां इस दिशा में सोच रही हैं। इसरो भी इस पर अध्ययन कर रहा है। सवाल यह नहीं कि डेटा केंद्र कहां रखें, बल्कि यह है कि बिजली की उनकी बेलगाम भूख को कौन रोकेगा।
गूगल का ‘प्रोजेक्ट सन कैचर’ इसी सोच पर आधारित है कि अगर उपग्रहों को बेहद सधे और समन्वित ढंग से एक समूह में चलाया जाए, तो एआइ से जुड़ा भारी गणनात्मक कार्य अंतरिक्ष में ही किया जा सकता है और धरती तक केवल जरूरी नतीजे ही भेजे जाएं। ठीक वैसे, जैसे मोबाइल पर हम सवाल पूछते हैं, लेकिन गणना कहीं और होती है। मगर यह रास्ता आसान नहीं है, क्योंकि अंतरिक्ष का विकिरण कंप्यूटर चिप्स को नुकसान पहुंचा सकता है। मगर गूगल का दावा है कि उसकी एआइ चिप्स ने अब तक के परीक्षणों में कहीं ज्यादा विकिरण झेली है, फिर भी उसने सही ढंग से काम किया है। हालांकि प्रयोगशाला की सफलता और हकीकत के बीच अब भी बड़ा फासला है।
दरअसल, डेटा केंद्र को हर समय देखभाल और मरम्मत चाहिए। धरती पर मशीन खराब हो जाए, तो इंजीनियर जाकर ठीक कर देता है, लेकिन अंतरिक्ष में यह न आसान होगा, न सस्ता। एक बार मशीन ऊपर भेज दी गई, तो उसे बदलना या सुधारना बहुत महंगा पड़ेगा। धरती पर मशीनों को ठंडा रखने की व्यवस्था की जाती हैं। अंतरिक्ष में हवा नहीं होती, इसलिए वहां गर्मी को बाहर निकालना बहुत मुश्किल होगा। जबकि सूरज की तेज गर्मी लगातार पड़ती रहेगी।
अंतरिक्ष में डेटा केंद्र तभी संभव होंगे जब उनकी कुल लागत शोध, उपग्रह भेजने, खराब मशीनों को बदलने काम धरती पर बने केंद्रों से ज्यादा महंगी न पड़े। ऐसे प्रयोग हमेशा सफल नहीं होते। इसके पहले माइक्रोसाफ्ट ने समुद्र के नीचे डेटा केंद्र बनाने का प्रयोग किया था, ताकि ठंड की समस्या हल हो सके। शुरुआत में यह प्रयोग काफी उम्मीद जगाने वाला था, लेकिन अंत में कंपनी ने इसे छोड़ दिया। इससे यह साफ होता है कि हर नई तकनीक अंतत: व्यावहारिक साबित हो, यह जरूरी नहीं। कुछ साल पहले शायद ही किसी ने सोचा होगा कि स्टारलिंक जैसे उपग्रह इतने बड़े पैमाने पर काम कर पाएंगे। आज वे दुनिया के कई हिस्सों में इंटरनेट दे रहे हैं। इसलिए अंतरिक्ष डेटा केंद्र के विचार को पूरी तरह नकारना भी जल्दबाजी होगी। लेकिन सच तो यह है कि यह कोई समाधान नहीं, बल्कि बचने का एक रास्ता है।
घर-फैक्ट्री से लेकर दफ्तर तक, हर जगह होंगे रोबोट ही रोबोट… एलन मस्क ने किया AI पर बड़ा दावा
असल सवाल यह नहीं है कि डेटा केंद्र बेतहाशा बढ़ क्यों रहे हैं? गांवों-कस्बों में लोग बिजली कटौती झेल रहे हैं, खेतों के लिए पानी नहीं मिल रहा और शहरों में मशीनें चौबीस घंटे बिजली फूंक रही हैं। ऐसे में उन्हें आसमान में भेज देने से समस्या खत्म नहीं होगी, बस नजर से ओझल हो जाएगी। धरती पर पैदा की गई मुसीबत का जवाब अगर अंतरिक्ष में ढूंढ़ा जाएगा, तो यह तरक्की नहीं, जिम्मेदारी से मुंह मोड़ना ही कहलाएगा। जब तक एआइ की ऊर्जा भूख को काबू में करने की ईमानदार कोशिश नहीं होगी, तब तक ‘स्मार्ट भविष्य’ आम लोगों के लिए राहत नहीं, बल्कि एक और बोझ ही साबित होगा।
आज भी किसी मशीन को अंतरिक्ष में भेजना बेहद महंगा है। डेटा केंद्र कोई छोटा उपग्रह नहीं, बल्कि भारी और जटिल ढांचे होते हैं, जिन्हें लगातार मरम्मत चाहिए। विकिरण और तापमान से बचाने के लिए अलग तकनीक चाहिए, यानी अरबों-खरबों का निवेश। ऐसे में सवाल यह है कि इसकी कीमत कौन चुकाएगा, जनता, उपभोक्ता या सरकार? दूसरा बड़ा सवाल सुरक्षा का है। धरती पर ‘सर्वर’ खराब हो, तो उसे ठीक किया जा सकता है। अंतरिक्ष में हर खराबी जोखिम बन जाती है। ऊपर पहले से ही मलबा भरा है। ऐसे में विशाल डेटा केंद्र भी टकराव का खतरा बनेंगे और फिर एक हादसे से पूरी व्यवस्था ठप हो सकती है।
तीसरा और सबसे जरूरी सवाल आम आदमी का है। इससे उसकी बिजली सस्ती होगी या बिल और बढ़ेंगे? पर्यावरण बचेगा या अंतरिक्ष भी कंपनियों की प्रयोगशाला बन जाएगा? डर यह है कि अंतरिक्ष में डेटा केंद्र का मतलब होगा- कुछ गिने-चुने हाथों में और ज्यादा ताकत तथा आम लोगों से और दूरी।
असल सवाल यह नहीं है कि डेटा केंद्र अंतरिक्ष में बनाए जा सकते हैं या नहीं, बल्कि यह है कि हम धरती पर गलत तकनीकी आदतें सुधारना चाहते हैं या नहीं। एआइ को कम बिजली पर चलने वाला बनाना, बेहतर चिप विकसित करना और सौर-पवन जैसी ऊर्जा अपनाना कहीं अधिक व्यावहारिक रास्ता है। एआइ इंसान की बनाई तकनीक है, जिसकी रफ्तार और सीमा तय करना हमारे ही हाथ में है। अगर हर नया माडल पहले से कई गुना अधिक बिजली मांगता है, तो यह तरक्की नहीं, चेतावनी है। अंतरिक्ष में डेटा केंद्र का विचार इसी चेतावनी का संकेत है कि संतुलन न बना, तो भविष्य महंगा और जोखिम भरा होगा।
दरअसल, एआइ की तेज होती रफ्तार अब धरती की सीमाओं से टकराने लगी है। बिजली, पानी और पर्यावरण पर बढ़ता दबाव बड़ी तकनीकी कंपनियों को अंतरिक्ष की ओर देखने के लिए मजबूर कर रहा है। अंतरिक्ष में डेटा केंद्र का विचार इसी बेचैनी की उपज है। यह तकनीकी कल्पना जितनी आकर्षक दिखती है, उतने ही गहरे सवाल भी खड़े करती है- लागत, सुरक्षा और नियंत्रण का। असली चुनौती यह है कि एआइ की बढ़ती ऊर्जा भूख पर लगाम कैसे लगे। अगर तकनीक आम लोगों की जिंदगी आसान करने के बजाय संसाधनों पर बोझ बनने लगे, तो दिशा पर फिर से सोचने की जरूरत है। ऐसे में भविष्य आसमान में नहीं, समझदारी में छिपा है।
