‘निष्ठावान’ गुणी अति चातुर
‘राजकाज’ करिबे को आतुर

बात की शुुरुआत गोस्वामी तुलसीदास से क्षमा मांगते हुए करते हैं। हर तरफ रामलीला के मंच सजे हैं, सरकार भी रामकाज करिबे को आतुर कहने का दावा करने वाली है। इसलिए इस बार रामलीला से ज्यादा समीचीन राजलीला ही है। प्रदर्शनकारियों ने जंतर मंतर से सरकार को परेशान किया तो सरकार ने जंतर मंतर को शाप दिया, जा तू अदृश्य हो जा। अंकिता भंडारी मामले में विवादित नाम को कहा, सिक्किम उड़न छू हो जा।जनता को कहा, वर्षा विगत शरद ऋतु आई लेकिन हमने मानसून सत्र को नहीं दी विदाई। अब तो शीतकालीन मामला आने वाला है। संसद सत्र मानसून से शरद तक जारी रह सकता है, लेकिन तुम लोग जून के बाद फिर अक्तूबर में प्रदर्शन नहीं कर सकते हो। लोक-भवन के नए माननीय कह रहे, सत्ता पक्ष के लिए वोट जोड़ने का काम करूंगा। तुलसीदास से इस राजलीला को देखने की अपील करता बेबाक बोल।

‘आह जो दिल से निकाली जाएगी
जख्म पर नमक की सुर्खी लाई जाएगी’

पूरे उत्तर भारत में रामलीला के मंच सजे हुए हैं। जो राम को लाए हैं वाले सत्ता पक्ष की जुबान फिसलती है…हंगामा मचता है। जुबान भी क्या करे। अपनी ज्ञानेंद्रियों से उसका नाता होता है। हम जो देखते हैं, सुनते हैं, सोचते हैं, समझते हैं जुबान उससे तालमेल करती है।जब कथनी और करनी में फर्क दिखने लगता है तो जुबान को भी राम और रावण का अंतर समझ नहीं आता है।

जब देवी के नौ रूपों की पूजा हो रही थी, वहीं अंकिता भंडारी की मां को हिरासत में लिया जा रहा था। बेटी की मौत के दुख से हलकान मां बड़ी उम्मीद से दिल्ली आई होगी। इसी दिल्ली से उन विवादित को राज-निवास भेजने का फैसला हुआ है, जिनकी विशिष्ट भूमिका पर सवाल उठे हैं। माना, अंकिता भंडारी के दोषियों के मामले में पुलिस और अदालत ने अपना काम कर दिया। लेकिन इस न्याय को अभी भी अधूरा माना गया। जब विशिष्ट विवादित को सत्ता-पक्ष विशिष्टता प्रदान करे, तो न्याय भी असमंजस में पड़ जाता है कि आखिर मेरे साथ हुआ क्या है?

अंकिता भंडारी की मां जहां धरने पर बैठी थीं, उसके कुछ ही दूरी पर रामलीला का मंचन हो रहा था। एक आम जनता ने देवी सीता पर शक जताया। श्रीराम ने परिवार से पहले अपने कर्तव्य को प्रधानता देते हुए कहा-प्रजा प्रथम। लेकिन सत्ता पक्ष की अपनी राजलीला चलती है। जब भी कोई आरोप लगते हैं, तो वह आरोपी से कुछ ऐसा ही व्यवहार करती है, मानो कह रही हो, अपने तो अपने होते हैं, बाकी देश के लोग सपने होते हैं। वह हर आरोपी को अपना सा मानते हुए एलान करती है-परिवार प्रथम। अगर पिता पर आरोप लगेंगे, तो पुत्र को टिकट दे देगी। पति पर आरोप लगेंगे, तो पत्नी को पद सौंप दिया जाएगा। गोया पति-पत्नी और संतान कोई स्वतंत्र इकाई हो।

किसी भी मां-बाप के लिए सबसे बुरा होता है उनकी पहचान ऐसी संतान के नाम से होना, जिसे अपराधियों ने उनसे छीन लिया। एक स्त्री ऐसी ही पहचान के जख्म के साथ दिल्ली आई थी। लेकिन राजलीला के किरदारों ने उसके जख्म पर एक बोरी नमक छिड़क दिया। कहा, जा माई, दिल्ली के दवाखाने में जख्मों के लिए बस नमक की बोरियां ही हैं।

संविधान ने किसी राम-राज्य जैसी सुंदर अवधारणा के साथ ही राज-निवास की कल्पना की होगी। राज-निवास में स्थापित होने वाले प्रतिनिधि की ऐसी कल्पना की होगी, जो न पक्ष से मतलब रखे और न विपक्ष से। वह राजा राम की तरह कह सके-प्रजा प्रथम। लेकिन इसके प्रतिनिधियों को सत्ता-निवास ही बना दिया गया। जनता को भ्रम में रखने के लिए राज-निवास का नाम लोक-निवास कर दिया गया। नाम बदलने के साथ ही काम भी बदल दिया गया। लोक को कहा, देखो पत्थर पर तुम्हारा ही नाम खुदा है। असल में प्रतिनिधि अब लोककाज नहीं, बल्कि राजकाज करिबे को आतुर दिख रहा है।

बजरिए ओड़ीशा राज-निवास उर्फ लोक-भवन के एक और प्रतिनिधि को सुनते हैं। उनसे पूछा जाता है कि आगे जो जिम्मेदारी मिली है, उसे कैसे निभाएंगे। वे खुद को जनता नहीं, भाजपा का ही कार्यकर्ता मान रहे हैं। इसलिए राजकाज करिबे की आतुरता में कह देते हैं, ‘देखेंगे वहां क्या स्थिति है… वहां भी हम उसे जोड़ेंगे। वहां बीजेपी का मोर्चा है… अपना संगठन है… उसे एक्टिव करके बीजेपी के पक्ष में वोट कैसे आए, उस पर चिंता करेंगे।’ पक्ष और विपक्ष के बीच के सेतु अब एलानिया तौर पर कह रहे हैं कि सत्ता-पक्ष को वोट कैसे आए, यही उनका मुख्य काम है। लोक-निवास में वे संविधान की रक्षा करने की शपथ वैसे ही भूल जाएंगे, जैसे सत्ता पक्ष अपने लोगों के अपराध भूल जाता है। इसके समांतर वे सूबे में सत्ता पक्ष की सत्ता बरकरार रखने की शपथ लेंगे, जिसे सोते वक्त भी याद रखेंगे। सत्ता पक्ष आधी रात को आकर कहेगा कि सूरज उगने के पहले हमारी सरकार बनवा दीजिए, तो वे यह भी कर देंगे। कहते हैं कि देर से मिला न्याय भी अन्याय के बराबर होता है। इसके साथ ही न्याय के संदर्भ में कहा जाता है कि वह मिलना ही नहीं, होते हुए दिखना भी चाहिए। ठीक है कि उत्तराखंड के विशिष्ट ने आरोप नकारा और अदालत को मामले में संलिप्तता नहीं मिली। लेकिन उन पर इतना बड़ा आरोप तो लगा। ऐसे आरोपी के लिए आपको यह संवैधानिक पद ही मिला?

साख के साथ खिलवाड़ करने के पहले बीते समय को भी याद कीजिए। उस वक्त एक अखबार ने अपनी सुर्खी में बस इतना ही कहा था, ‘जेसिका को किसी ने नहीं मारा।’ इस एक सुर्खी ने तत्कालीन राजनीति में तहलका मचा दिया था। सत्तारूढ़ पार्टी को अपने कथित प्रिय पात्र से किनारा करना पड़ा था। कांग्रेस ने जिसे रुखसत किया, उसका परिवार किस पार्टी के संरक्षण में अपना भविष्य संवार चुका है, यह दुनिया जानती है।

हमें इस सर्वमान्य तथ्य को भी झुठलाना पड़ेगा कि इतिहास खुद को दोहराता है। अब इतिहास रुकता है, ठिठकता है और कहता है… भूतो न भविष्यति… जो न कल हुआ था, जिसके न भविष्य में होने की उम्मीद है, वह सब हमें आज देखना पड़ रहा है। वर्तमान अगर इतिहास से संवाद करना बंद कर देगा, तो इतिहास के पन्ने भी आगे बढ़ने बंद हो जाएंगे।

त्योहारों के इस मौसम में शासन की छोटी इकाई की एक महिला पुलिसकर्मी वीडियो बना कर आंदोलनकारियों से कह रही है-तुम लोगों को जिनका भी इस्तीफा मांगना है, एक साथ मांग लो। तुम्हारे आंदोलन के कारण हमारी छुट्टियां रद्द हो रही हैं…। उस रीलवाली पुलिस से कोई पूछ सकता है, हम मांगेंगे इस्तीफा और मिल जाएगा… काहे मजलूमों पर मजे ले रही हैं। उस आम आदमी को रावण की तरह अट्टहास करने का मन किया होगा। लेकिन अट्टहास शक्तिशाली पक्ष करता है। दुर्बल पक्ष रोता है, सिसकता है। अंकिता भंडारी की मां कह सकती है, मेरी बेटी को इंसाफ दिला दो, हम चले जाएंगे।

सत्ता पक्ष के अहंकार के खिलाफ दिल्ली में पूरे देश से लोग जुट रहे हैं। सत्ता के गलियारे वाली दिल्ली ठप पड़ी हुई है। सत्ता परेशान हुई और आंदोलनकारियों का इलाज खोजा। न रहेगा मैदा, न बनेंगी कचौड़ी और समोसा (उदाहरण थोड़ा अटपटा, पर समसामयिक है)। तो सत्ता पक्ष ने जंतर-मंतर को ही प्रदर्शनकारियों के लिए छूमंतर कर दिया। आदेश दिया, जाओ बुराड़ी, जाओ शाहदरा। जहां हम कभी नहीं जाते हैं, वहां जाकर नारे लगाओ, इस्तीफा मांगो। जंगल में जनता रोएगी, तो कौन देखेगा! इतनी दूर से लगाए नारों को कौन सुनेगा!

रामलीला के मंच इस राजलीला के किरदारों को देख कर हीन भावना के शिकार हो गए होंगे। दिल्ली से जंतर-मंतर तो उत्तराखंड से कथित विशिष्ट विवादित को ही छूमंतर कर दिया। जनता को इससे बेहतर क्या इंसाफ मिलता? नासमझ जनता समझती क्यों नहीं कि उसे उत्तराखंड से निकाल कर सिक्किम के लोक-भवन जाने की सजा सुनाई है। वहां वे उन आरोपों पर पश्चाताप करेंगे, जो अंकिता भंडारी के संदर्भ में लगे हैं। आरोपी को अपराध वाली जगह से, जंतर-मंतर को प्रदर्शनकारियों से छूमंतर की लीला के बाद क्या जनता जय-जयकार नहीं करेगी?