वास्तविक परिपक्वता शायद उस दिन शुरू होती है, जब मनुष्य यह समझना शुरू करता है कि हर अंतर विवाद नहीं होता, हर असहमति अपमान नहीं होती और हर अलग राय उसके अस्तित्व पर हमला नहीं होती। विडंबना यह है कि जिस समाज को हम विविधताओं का समाज कहते हैं, उसमें अलग ढंग से सोचने की कीमत अक्सर उपहास, बहिष्कार और विरोध के रूप में चुकानी पड़ती है। हम समानता की बातें करते हैं, लेकिन भीतर से चाहते हैं कि दूसरा भी हमारी तरह ही सोचे। स्वतंत्रता का उत्सव मनाते हैं, मगर दूसरों की स्वतंत्रता तभी तक स्वीकार करते हैं, जब तक वह हमारी सुविधा और सामाजिक स्वीकृति की सीमा में रहती है।

सहिष्णुता पर लंबे भाषण दिए जाते हैं, लेकिन असहमति का पहला स्वर सुनते ही तर्क पीछे छूट जाता है और व्यक्ति निशाने पर आ जाता है।
समस्या मतभेदों का होना नहीं है। समस्या यह है कि हमने मतभेदों के साथ जीने की क्षमता खोनी शुरू कर दी है। किसी की पसंद अलग हो, तो प्रश्न उठते हैं। जीवन का चुनाव अलग हो, तो चरित्र पर चर्चा होने लगती है। विचार प्रचलित धारणा से अलग हो, तो उसे समझने के बजाय गलत, भटका हुआ या असामान्य घोषित करना आसान लगता है। मानो समाज ने एक अदृश्य सांचा बना रखा हो। जो उसमें फिट न बैठे, गलती उसी की मान ली जाती है।

यहां सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि समाज को परिवर्तन चाहिए, लेकिन परिवर्तन करने वाला व्यक्ति नहीं। परिवर्तन भी विचार और आग्रहों की सुविधा के मुताबिक। नए विचार चाहिए, लेकिन पुराने विश्वासों पर प्रश्न उठाने वाला नहीं। प्रगतिशील पीढ़ी चाहिए, लेकिन उसकी स्वतंत्र सोच नहीं। हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी हमसे बेहतर जीवन जीए, मगर यह स्वीकार करने को तैयार नहीं कि वह जीवन को हमारी तरह नहीं, अपनी तरह भी देख सकती है। हर पीढ़ी अगली पीढ़ी को अपने अधूरे सपनों का उत्तराधिकारी बनाना चाहती है। बच्चे क्या पढ़ें, क्या बनें, किससे मित्रता करें, किस तरह जीवन जीएं और सफलता को किस अर्थ में समझें, इन सब पर समाज के पास सलाहों की कोई कमी नहीं। मगर जब वही बच्चा पूछता है कि ‘क्यों’, तो असहजता शुरू हो जाती है। दरअसल, प्रश्न केवल प्रश्न नहीं होता।

प्रश्न उस व्यवस्था की नींव तक पहुंचता है, जिसे हम लंबे समय से बिना जांचे स्वीकार करते आए हैं। समाज को अक्सर सत्य से अधिक अपनी आदतें प्रिय होती हैं। अगर हर व्यक्ति वही सोचता, जो पहले से स्वीकार्य है, तो नए विचार कहां से आते? अगर हर पीढ़ी वही दोहराती, जो पिछली पीढ़ी ने सिखाया, तो परिवर्तन का जन्म कैसे होता? अगर हर सवाल को अनुशासनहीनता और हर असहमति को विद्रोह मान लिया जाए, तो समाज आगे नहीं बढ़ता। वह केवल अपनी पुरानी परछाई को नए समय में घसीटता रहता है।

समाज की सबसे बड़ी कमजोरी यह नहीं कि उसमें एकरूपता है, बल्कि यह है कि वह अपनी सुविधा से खुद को श्रेष्ठ समझने लगता है। ‘लोग क्या कहेंगे’- यह वाक्य हमारे सामाजिक जीवन का शायद सबसे बड़ा अदृश्य नियंत्रण है, लेकिन कभी हम यह पूछने का साहस नहीं करते कि आखिर लोगों की राय को हमने अपने जीवन पर इतना अधिकार क्यों दे दिया! किसी व्यक्ति का जीवन उसके अपने निर्णयों से अधिक दूसरों की स्वीकृति का विषय क्यों बन जाता है? किसी की शादी नहीं हुई, किसी ने अपनी पसंद का करिअर चुना, किसी ने परंपरा से अलग रास्ता अपनाया, किसी ने परिवार या समाज से कोई कठिन सवाल पूछ लिया। इन स्थितियों में उसे समझने के बजाय उसके बारे में चर्चा शुरू हो जाती है। व्यक्ति पीछे छूट जाता है और उसकी जिंदगी सार्वजनिक टिप्पणी का विषय बन जाती है।

हम स्वतंत्र व्यक्तित्व चाहते हैं, लेकिन स्वतंत्र व्यक्ति नहीं। प्रतिभाशाली बच्चे चाहते हैं, लेकिन वे हमारी अपेक्षाओं से बाहर न जाएं। आत्मनिर्भर युवा चाहते हैं, लेकिन वे पुरानी मान्यताओं पर प्रश्न न करें। प्रगतिशील समाज चाहते हैं, लेकिन रूढ़ियों को चुनौती देने की कीमत कोई न चुकाए। यानी परिवर्तन भी चाहिए और यथास्थिति भी। यही हमारा सबसे सुविधाजनक विरोधाभास है। असहमति को दुश्मनी समझना इसी मानसिकता का विस्तार है। किसी मुद्दे पर दो लोगों की राय अलग हो सकती है, लेकिन हमारे यहां विचारों का मतभेद बहुत जल्दी व्यक्तियों का संघर्ष बन जाता है। तर्क समाप्त होते ही व्यक्ति के चरित्र, संस्कार और नीयत पर सवाल उठने लगते हैं।

किसी विचार से असहमत होना स्वाभाविक है, असहमति के अधिकार को अस्वीकार कर देना समस्या है। स्वस्थ समाज वह नहीं, जहां सभी लोग सहमत हों। बल्कि वह है, जहां असहमति के बावजूद लोग एक-दूसरे के अस्तित्व और गरिमा का सम्मान कर सकें। सहमति किसी संबंध की अनिवार्य शर्त नहीं हो सकती। परिवार में अलग विचार हो सकते हैं, मित्रों के चुनाव अलग हो सकते हैं, समाज में अनेक दृष्टिकोण हो सकते हैं। यानी सार्वजनिक जीवन में मतभेद स्वाभाविक हैं। विविधता का अर्थ ही यही है कि एक ही सामाजिक धरातल पर अनेक विचारों के लिए जगह हो।
किसी को गलत साबित करना और उसे समझना- दो अलग प्रक्रियाएं हैं।

हर व्यक्ति को सुधारने की जरूरत नहीं होती। हर अलग विचार को कुचलना ठीक नहीं होता। हर जीवन-चयन को सामाजिक स्वीकृति की मुहर की आवश्यकता नहीं होती। कभी-कभी दूसरे का अलग होना केवल इतना बताता है कि दुनिया हमारी पसंद से कहीं बड़ी है। वास्तविक परिपक्वता अपनी बात पर अड़े रहने में नहीं, बल्कि यह स्वीकार करने में है कि हमारी समझ भी अधूरी हो सकती है। जो समाज यह स्वीकार कर लेता है, वह असहमति को खतरे की तरह नहीं, संभावना की तरह देखना शुरू करता है। विविधता तभी जीवित रहती है, जब असहमति के लिए सम्मानजनक जगह बनी रहे।