कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान दिए नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का असर पार्टी की अन्य राज्य इकाइयों में भी दिखाई देने लगा है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की प्रत्येक जिला इकाई में एक महिला कार्यकारी अध्यक्ष होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि इस कदम का मकसद राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना है।
नाना पटोले ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब स्थानीय निकाय चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण किया गया था, जबकि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने 40 फीसदी टिकट महिला उम्मीदवारों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला इकाई प्रमुखों को कार्यकारी अध्यक्ष पद के लिए प्रतिभाशाली महिलाओं के नामों की सिफारिश करने को कहा गया है।
बता दें कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इसमें कई महिलाओं को टिकट दिया गया है। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, “पहली सूची 125 प्रत्याशियों की है, जिनमें से 50 महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले प्रत्याशी हों।”
इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि उम्मीदवारों की पहली सूची में 40 फीसदी महिलाएं और 40 फीसदी युवा हैं। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं में कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री, कुछ संघर्षशील महिलाएं, ऐसी महिलाएं हैं जिन्होंने अपने जीवन में बहुत अत्याचार देखा और उसके खिलाफ लड़ा, कुछ समाज सेविकाएं हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी ने पहले ही ऐलान किया था कि पार्टी अबकी 40 फीसदी महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगी। उन्होंने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे के साथ एक अभियान भी शुरू किया है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले कांग्रेस ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान के तहत यूपी के तमाम जिलों में कीं। इसी के तहत बरेली में भी मैराथन का आयोजन किया गया था। कांग्रेस अपने अभियान के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की कवायद में जुटी है।